बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अपनी लंबे समय से करीबी रहीं गौरी स्प्रैट के साथ शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह शादी 5 जुलाई को होने वाली है।
जानकारी के मुताबिक, शादी मुंबई स्थित आमिर खान के घर पर बेहद सादगी के साथ आयोजित की जाएगी। यह एक रजिस्टर्ड मैरिज होगी, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल रहेंगे। आमिर पहले भी कह चुके हैं कि वे इस समारोह को निजी और सरल रखना चाहते हैं।
आमिर और गौरी एक-दूसरे को करीब दो दशक से जानते हैं। लंबे समय तक दोनों दोस्त रहे और बाद में उनका रिश्ता आगे बढ़ा। आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि की थी और बताया था कि दोनों साथ रह रहे हैं।
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु से जुड़ी हैं और ब्यूटी व वेलनेस सेक्टर में काम करती हैं। बताया जाता है कि वह अपनी फैमिली के बिजनेस से भी जुड़ी रही हैं और आमिर के प्रोफेशनल कामकाज में भी सहयोग करती हैं। वह आमतौर पर मीडिया और लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं।
अगर आमिर और गौरी शादी करते हैं तो यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। इससे पहले आमिर ने रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। बाद में उन्होंने किरण राव से विवाह किया और इस रिश्ते से उनका एक बेटा है। दोनों रिश्तों के खत्म होने के बाद भी आमिर अपने परिवार के साथ अच्छे संबंध बनाए हुए हैं।


































