टी20 वर्ल्ड कप 2026 की आज से आधिकारिक शुरुआत हो रही है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन क्रिकेट फैंस को रोमांचक मुकाबलों के साथ-साथ एक भव्य उद्घाटन समारोह देखने को मिलेगा। भारत, पाकिस्तान समेत कुल छह टीमें आज मैदान में उतरेंगी और क्रिकेट का महाकुंभ अपने पूरे शबाब पर नजर आएगा।
दिन का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। इसके बाद वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। शाम को सबसे ज्यादा इंतजार भारत और यूएसए के मैच का रहेगा, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी मुकाबले से पहले टी20 वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी।
उद्घाटन समारोह में सितारों की चमक
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए कई बड़े कलाकार मंच संभालेंगे। मशहूर डांसर नोरा फतेही अपने जबरदस्त डांस परफॉर्मेंस से समां बांधेंगी, जबकि रैपर और सिंगर बादशाह अपने हिट गानों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा सितार वादक ऋषभ शर्मा और प्रसिद्ध परकशनिस्ट सिवामणि भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
कितने बजे शुरू होगी ओपनिंग सेरेमनी?
भारत बनाम यूएसए मैच से ठीक एक घंटे पहले उद्घाटन समारोह शुरू होगा। मुकाबला शाम 7 बजे खेला जाना है, ऐसे में ओपनिंग सेरेमनी शाम 6 बजे से शुरू होगी। दर्शकों के लिए मैच के टिकट ही समारोह के लिए भी मान्य होंगे।
लाइव कहां देख सकेंगे समारोह और मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबलों के साथ-साथ उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। दर्शक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए भी लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकेंगे।
ट्रॉफी का होगा भव्य स्वागत
उद्घाटन समारोह के दौरान आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का स्वागत करेंगे। उनके साथ टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले सभी देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 युवा एम्बेसडर भी मौजूद रहेंगे, जो मिलकर आधिकारिक रूप से वर्ल्ड कप की शुरुआत करेंगे।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 5-5 टीमों के चार ग्रुप्स में बांटा गया है। आज ग्रुप ए की टीमें मैदान पर उतरेंगी, जिनमें भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड और यूएसए शामिल हैं। वहीं वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड ग्रुप सी में हैं।


































