HomeDaily Newsशेख हसीना की वापसी पर अड़ा बांग्लादेश, तारिक रहमान के भारत दौरे...

शेख हसीना की वापसी पर अड़ा बांग्लादेश, तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर रखी शर्त

नई दिल्ली। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के संभावित भारत दौरे को लेकर दोनों देशों के बीच सियासी पेच बढ़ता नजर आ रहा है। बांग्लादेश ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री की भारत यात्रा को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण से जोड़ दिया है।

ढाका का कहना है कि दोनों देशों के संबंधों में सुधार और प्रधानमंत्री स्तर की यात्रा के लिए अनुकूल माहौल तभी तैयार हो सकता है, जब भारत शेख हसीना को बांग्लादेश वापस भेजे। इसके अलावा बांग्लादेश ने अन्य वांछित आरोपियों और भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण की भी मांग की है।

शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बढ़ा विवाद

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, तारिक रहमान की भारत यात्रा को लेकर दोनों देशों के बीच कई सप्ताह से बातचीत चल रही थी। हालांकि, 5 अगस्त को नई दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद इस प्रक्रिया को झटका लगा।

ढाका ने भारत की धरती से शेख हसीना के सार्वजनिक बयान पर आपत्ति जताई है। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच प्रधानमंत्री स्तर की यात्रा के लिए जरूरी माहौल को प्रभावित करता है।

बांग्लादेश की ओर से शेख हसीना पर मानवता के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामले में दोषी ठहराए जाने का हवाला भी दिया गया है।

प्रत्यर्पण संधि का दिया हवाला

बांग्लादेश ने भारत से शेख हसीना समेत अन्य वांछित लोगों के प्रत्यर्पण की मांग की है। ढाका ने दोनों देशों के बीच मौजूद प्रत्यर्पण व्यवस्था का हवाला देते हुए नई दिल्ली से इस मामले में जल्द कदम उठाने की अपील की है।

इसके साथ ही बांग्लादेश ने शरीफ उस्मान हादी की हत्या के आरोपियों को भी अपने अधिकारियों को सौंपने की मांग की है। बांग्लादेश सरकार ने कहा है कि वह इन मांगों पर भारत के औपचारिक जवाब का इंतजार कर रही है।

भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है अपना रुख

शेख हसीना की नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भारत सरकार पहले ही अपना पक्ष स्पष्ट कर चुकी है। भारत ने कहा था कि इस कार्यक्रम से भारत सरकार का कोई संबंध नहीं था।

अब बांग्लादेश की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा के माहौल से जोड़ने के बाद दोनों देशों के संबंधों पर एक बार फिर सबकी नजर है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि भारत बांग्लादेश की इस मांग पर क्या औपचारिक जवाब देता है और तारिक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर आगे की बातचीत किस दिशा में बढ़ती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments