
लखनऊ । सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भागुखेड़ा, पोस्ट जैतीखेड़ा से निकली 62वीं रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ अयोध्या धाम पहुंचकर संपन्न हुई। डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल से संचालित इस यात्रा के माध्यम से अब तक 8,750 से अधिक श्रद्धालु प्रभु श्रीरामलला के दिव्य दर्शन कर चुके हैं।

वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति और जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क अयोध्या धाम की यात्रा कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह अभियान अब सरोजनीनगर में सेवा और सामाजिक समरसता की एक उल्लेखनीय पहल बन चुका है।
27 सितंबर 2022 को शुरू हुई थी यात्रा
रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा की शुरुआत 27 सितंबर 2022 को डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपनी पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती तारा सिंह जी की पावन स्मृति में की थी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, वरिष्ठ नागरिकों और मातृशक्ति को अयोध्या धाम की निःशुल्क यात्रा कराकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।

62वीं यात्रा में ग्राम भागुखेड़ा और जैतीखेड़ा क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अयोध्या पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला के दर्शन, हनुमानगढ़ी में पूजन और सरयू स्नान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जलपान, भोजन, चिकित्सा सहायता सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई।
रामभक्ति के साथ सेवा और संस्कार का संदेश
यात्रा में श्रद्धालुओं को रामचरितमानस, श्रीमद्भगवद्गीता और प्रसाद भी भेंट किया गया। पूरे यात्रा मार्ग और अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं के बीच ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
डॉ. राजेश्वर सिंह की इस पहल का उद्देश्य केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों- मर्यादा, सेवा, त्याग, कर्तव्य और राष्ट्रधर्म- को समाज तक पहुंचाना भी है। यात्रा के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, मातृशक्ति के सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जा रहा है।
8,750 से अधिक श्रद्धालुओं के अयोध्या दर्शन का आंकड़ा इस अभियान के लगातार विस्तार और जनभागीदारी को दर्शाता है। सरोजनीनगर में रामभक्ति और सेवा की इस पहल को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया है।


































