गोसंरक्षण कार्यों में धनराशि के अभाव में किसी प्रकार का विलम्ब न होने पाए
गोशालाओं को आवंटित धनराशि समय से प्रतिमाह उपलब्ध कराई जाए
पशुओं हेतु उपलब्ध करायी जाने वाली दवाओं और वैक्सीन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए
चारागाह की भूमि को कब्जामुक्त कराकर हरा चारा उत्पादन किया जाये
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विगत 06 माह में विभिन्न योजनाओं की अद्तन प्रगति, आवंटित बजट व व्यय विवरण की गहन समीक्षा की। श्री सिंह ने विभाग द्वारा 52 प्रतिशत बजट का उपयोग करने की स्थिति से अवगत होते हुए अधिकारियों को माह फरवरी, 2025 तक शत-प्रतिशत बजट के सदुपयोग करने के सख्त निर्देश दिये। श्री सिंह ने कहा कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आवंटित धनराशि को ससमय व्यय किया जाए और गोशालाओं हेतु आवंटित धनराशि प्रतिमाह दी जाए और गोसंरक्षण कार्यों में धनराशि के अभाव में किसी प्रकार का विलम्ब न होने पाए।
श्री सिंह ने निर्देश दिये कि पशुओं हेतु उपलब्ध करायी जाने वाली दवाओं और वैक्सीन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इसमें किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। पशुओं के उत्तम स्वास्थ्य और पौष्टिक चारे के आधार पर ही कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्यों को पूर्ण और सफल बनाया जा सकता है।मण्डल एवं जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले पशु मेलों को और अधिक उपयोगी व सार्थक बनाया जाए। किसानों और अच्छे पशुपालकों को प्रोत्साहित भी किया जाए। गोआश्रय स्थल मंे साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था की जाए। वर्तमान में प्रदेश में 7558 गोआश्रय स्थलों पर 12,01,238 गोवंश का संरक्षण किया गया है।
श्री सिंह ने विभिन्न जनपदों से निराश्रित गोवंश के संबंध में प्राप्त शिकायतों के संबंध में निर्देशित किया कि छुट्टा गोवंशों को गोआश्रय स्थलों पर भेजा जाए और प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट मुख्यालय मंगाई जाए। नवीन और निर्माणाधीन गोआश्रय स्थलों के निर्माण कार्य में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र क्रियाशील किया जाये। हर गौशाला में चारे भूसे की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। सभी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी स्थानीय प्रशासन के सहयोग से चारागाह की भूमि को कब्जा मुक्त करायें और कब्जामुक्त भूमि पर बरसीन, जैई आदि गोवंश हेतु उपयोगी चारा बोआई का कार्य करायें।
बैठक में प्रमुख सचिव के0रवीन्द्र नायक ने मंत्री जी को विभाग की योजनाओं एवं बजट की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया और आश्वस्त किया कि उनसे प्राप्त दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। प्रमुख सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोआश्रय स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि वृहद गो संरक्षण केन्द्रों के निर्माण में कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाये।
बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र पाण्डेय, पशुपालन विभाग के निदेशक डा0पी0एन0 सिंह, अपर निदेशक डा0 अरविन्द कुमार सिंह, अपर निदेशक डा0 जयकेश पाण्डेय, एलडीडीबी के डा0 नीरज गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
विश्व हिंदी सचिवालय की महासचिव डॉ.माधुरी रामधारी से सम्मान पत्र लेती हुई डॉ.अंजना सिंह सेंगर
लखनऊ: साहित्य जगत में अपनी उत्कृष्ट रचनाओं के माध्यम से पहचान बनाने वाली डॉ. अंजना सिंह सेंगर को हाल ही में मॉरिशस और म्यांमार (यांगून) में उनके साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मॉरिशस के विश्व हिंदी सचिवालय और यांगून स्थित भारतीय दूतावास ने हिंदी साहित्य में उनके योगदान को मान्यता दी है।
मॉरिशस के रेडियो चैनल के स्टूडियो में डॉ.अंजना सिंह सेंगर
अगस्त महीने में मॉरिशस में आयोजित तीन दिवसीय विश्व हिंदी सचिवालय के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. अंजना सिंह सेंगर को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस सम्मेलन में मॉरिशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन, प्रधानमंत्री प्रवीण कुमार जगनोथ, उप प्रधानमंत्री लीला देवी दुकन, और भारत की उच्चायुक्त नंदिनी के. सिंगला सहित अन्य प्रमुख हिंदी विद्वानों ने हिस्सा लिया। डॉ. अंजना सिंह को उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक कृतियों के लिए सम्मानित किया गया, और उनका साक्षात्कार तथा काव्य पाठ मॉरिशस के रेडियो चैनल पर प्रसारित किया गया।
यांगून में हिंदी दिवस पर विशिष्ट काव्य पाठ
यांगून दूतावास में वक्तव्य देती हुई डॉ.अंजना सिंहसेंगर
मॉरिशस के बाद, डॉ.अंजना सिंह सेंगर को म्यांमार की राजधानी यांगून में स्थित भारतीय दूतावास और स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित हिंदी दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने “डिजिटल युग में हिंदी की भूमिका” विषय पर वक्तव्य दिया और अपने ओजस्वी काव्य पाठ से वहां उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भारतीय राजदूत अभय ठाकुर ने उनके काव्य पाठ की सराहना करते हुए कहा, “डॉ.सेंगर की पंक्तियां हारे हुए इंसान में जीत का जोश भर देती हैं।”
यांगून में भारत के राजदूत अभय ठाकुर के साथ डॉ.अंजना सिंह सेंगर
यांगून में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने डॉ. अंजना सिंह के साथ ऑटोग्राफ और सेल्फी लेने की होड़ मचा दी। स्त्री विमर्श पर आधारित उनकी कविताओं ने वहां की महिलाओं को गहराई से प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें पुनः यांगून आने का निमंत्रण दिया गया।
भारतीय प्रतिनिधि मंडल का हिस्सा
यांगून में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित रात्रि भोज में डॉ. अंजना सिंह के साथ भारत के प्रसिद्ध ग़ज़लकार सुशील साहिल, डॉ. इंद्रजीत शर्मा, अंजू शर्मा, डॉ. प्रेम भारद्वाज, पत्रकार सनोज तिवारी और रविंद्र शुक्ला ने भी हिस्सा लिया।
डॉ.अंजना सिंह सेंगर की यह अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक यात्रा उनके समर्पण और साहित्यिक कौशल का प्रतीक है। मॉरिशस और यांगून में उन्हें मिले ये सम्मान न केवल उनके लेखन की शक्ति को दर्शाते हैं, बल्कि यह हिंदी साहित्य के वैश्विक विस्तार की भी पुष्टि करते हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने झांसी मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट की व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
लखनऊ: झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में नौ माह से खराब पड़ीं पांच लिफ्ट जल्द ही ठीक कराई जायेंगी। जिन लिफ्ट की मरम्मत नहीं हो सकेंगी, उनके स्थान पर नई लिफ्ट स्थापित की जायेंगी। लिफ्ट की मरम्मत में लापरवाह कंपनी को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने एवं भुगतान रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को समाचार पत्रों में झांसी के मेडिकल कॉलेज में खराब लिफ्ट की खबर का संज्ञान लिया। डिप्टी सीएम ने कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एनएस सेंगर से तुरंत विकल्पों के माध्यम से खराब लिफ्ट को चालू कराने के निर्देश दिए हैं। जो कंपनी लिफ्ट की मरम्मत का काम देख रही थी उसे ब्लैक लिस्ट करते हुए सभी भुगतान रोकने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने प्रधानाचार्य को जल्द ही नई लिफ्ट लगाने के लिए जरूरी कार्रवाई के भी निर्देश दिये हैं। तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है।
आजमगढ़ में नर्सिंग होम को झोलाछाप डॉक्टर द्वारा संचालित करने के मामले का संज्ञान डिप्टी सीएम ने लिया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आजमगढ़ सीएमओ को मामले की जांच के निर्देश दिये हैं। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल का पंजीकरण रद्द किया जायेगा। दोषियों के विरूद्ध कठोर विधिक कार्यवाही की जायेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जायेगी।
एमसीएच विंग की दिक्कतें दूर होंगी, रिपोर्ट तलब
वाराणसी के कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग में अव्यवस्थाएं जल्द दूर होंगी। अखबार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मुख्य चिकित्साधिकारी को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिये हैं। अफसरों को मौके पर जाकर जाँच करने एवं समस्त अव्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वाराणसी, 26 सितम्बर 2024: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में आज 42वां दीक्षान्त समारोह सम्पन्न हुआ। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह में राज्यपाल ने कुल 13,733 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, और पीएचडी की उपाधियाँ वितरित कीं। इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 31 छात्रों को 56 स्वर्ण पदक भी प्रदान किए गए।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संस्कृत भाषा की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा, “संस्कृति की विरासत संस्कृत भाषा में संचित और संरक्षित है। संस्कृत न केवल देववाणी है, बल्कि देशवाणी भी है।” उन्होंने विश्वविद्यालय को प्राचीन ग्रंथों का हिन्दी में अनुवाद कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इन ग्रंथों में समाहित आदर्श जीवन शैली का लाभ समाज के हर वर्ग को मिलना चाहिए।
120 आंगनवाड़ी किटों का वितरण
समारोह के दौरान, राज्यपाल ने 120 आंगनवाड़ी किटों का वितरण किया और आंगनवाड़ी केन्द्रों को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “8 वर्ष तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने से उनके भविष्य की नींव मजबूत होगी।”
प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण और डिजिटलीकरण
राज्यपाल ने सरस्वती भवन पुस्तकालय में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए कम्प्यूटरीकरण और डिजिटलीकरण पर जोर दिया। उन्होंने पांडुलिपियों के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रकाशन की भी आवश्यकता जताई, ताकि इनकी अमूल्य ज्ञानराशि से समाज लाभान्वित हो सके।
संस्कृत शिक्षा और आधुनिकता का समन्वय: मुख्य अतिथि प्रो. अनिल सहस्रबुद्धे
समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. अनिल डी. सहस्रबुद्धे ने संस्कृत परंपराओं और आधुनिक शिक्षा प्रणाली के समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान का सदुपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करें।
विशिष्ट अतिथि योगेन्द्र उपाध्याय का वक्तव्य
विशिष्ट अतिथि श्री योगेन्द्र उपाध्याय ने संस्कृत को भारतीय इतिहास और संस्कृति की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा से भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी और उत्तर प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में सुधार के लिए प्रयासरत है।
महिलाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान
सारस्वत अतिथि रजनी तिवारी ने महिलाओं की शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि संस्कृत शिक्षा महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने विश्वविद्यालय की नारी शिक्षा में अग्रणी भूमिका की सराहना की।
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का योगदानएवंउपस्थित गणमान्य
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विश्वविद्यालय के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि यह संस्थान संस्कृत भाषा और भारतीय शास्त्रीय परंपराओं के संरक्षण के प्रति समर्पित है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान का उपयोग मानवता की सेवा में करें। समारोह में आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र, जिलाधिकारी चंदौली निखिल टीफू, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव और विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चे, शिक्षकगण, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।
डॉ.राजेश्वर सिंह ने सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान वृद्धाश्रम, सरोजनीनगर में मल्टी एक्टिविटी हॉल निर्माण के लिए प्रदान किये CSR फंड से 10 लाख
डॉ.राजेश्वर सिंह द्वारा वृद्धाश्रम को प्रदान की गई 10 लाख की राशि से माँ तारा सिंह और पिता रण बहादुर सिंह की स्मृति में बनेगा मल्टी एक्टिविटी हॉल
डॉ०सिंह ने कहा- वृद्धजनों की सेवा और उनके प्रति श्रद्धाभाव ही पितरों की सच्ची श्राद्ध, वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का आशीर्वाद अमूल्य
उन्होंने बताया- वृद्धाश्रम के वृद्धजनों से मेरा विशेष स्नेह, उनके साथ हर खुशियाँ बांटू यही मेरा प्रयास – डॉ. राजेश्वर सिंह
इसके साथ ही भाजपा सदस्यता कैंप में पहुंचे डॉ. राजेश्वर, कार्यकर्ताओं में बढ़ाया जोश, कहा: राष्ट्र प्रथम भाजपा की विचारधारा, देश की अखंडता मूल मंत्र और भावी पीढ़ी का उज्जवल भविष्य भाजपा का संकल्प है
लखनऊ: सरोजनीनगर विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह ने वृहस्पतिवार को सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान वृद्धाश्रम, सरोजनीनगर मल्टी एक्टिविटी हॉल बनाए जाने के लिए 10 लाख की राशि का चेक प्रदान किया। डॉ. सिंह ने पितृ पक्ष के अवसर पर अपनी माता तारा सिंह और पिता रण बहादुर सिंह की स्मृति में वृद्धाश्रम में मल्टी एक्टिविटी हाल बनवाने के लिए सीएसआर फण्ड से यह धनराशि उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही विधायक ने बुजुर्गों के लिए मिठाई और नए कपड़े भी उपलब्ध करवाए।
डॉ.राजेश्वर सिंह ने बताया कि वृद्धाश्रम के वृद्धजनों से मेरा विशेष स्नेह है, उनके साथ हर खुशियाँ बांटू यही मेरा प्रयास रहता है। सरोजनीनगर स्थित इस वृद्धाश्रम में करीब 150 वृद्धजन रहते हैं, आश्रम के मुख्य व्यवस्थापक के. वी. बाजपेई ने इन वृद्धजनों के लिए एक कॉमन रूम बनाए जाने की आवश्यकता से अवगत कराया था। वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब एक विशाल मल्टी एक्टिविटी हाल का निर्माण करवाया जाएगा। इस मौके पर डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान वृद्धाश्रम, सरोजनीनगर से मेरा विशेष लगाव है। 72 वर्षीय वृद्ध महिला राम बेटी को उनके घर वालों ने त्याग दिया था, वे दर-दर भटक रही थी तब मेरी टीम ने इनका इलाज करवाया और मेरे कहने पर वृद्धाश्रम ने राम बेटी को आश्रय प्रदान किया। इसी तरह गोपाल सिंह को भी इस वृद्धाश्रम ने आश्रय प्रदान किया था, जिनकी रीढ़ की हड्डी में दिक्कत थी, जिनका समुचित इलाज करवाया गया।
बता दें कि डॉ.राजेश्वर सिंह वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों के प्रति अति संवेदनशील हैं, वे त्योहारों आदि विशेष अवसरों पर नियमित रूप से वृद्धाश्रम में जाकर वृद्धजनों के साथ समय बिताते हैं। प्रत्येक त्यौहार या ख़ुशी के मौके पर अपनी विधानसभा क्षेत्र के सभी वृद्धाश्रमों को फल, मिठाई, राशन कपडे व जरुरत की हर सुविधा-संसाधन भी उपलब्ध करवाते हैं। डॉ.सिंह ने राम रथ श्रवण अयोध्या यात्रा (बस सेवा) के माध्यम से वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को अयोध्या और नैमिषारण्य के दर्शन करवाया, उनके लिए कूलर, पंखा, वाकर, किताबें, पत्रिकाओं का सब्सक्रिप्शन दिलाया। हेल्थ कैंप लगवाया, बुजुर्गों को लोकबन्धु और एसकेडी हॉस्पिटल भेजकर उनका इलाज भी करवाया, आवश्यकता पड़ने पर विधायक की टीम बुजुर्गों को अस्पताल ले जाकर उनका उपचार भी करवाती है।
एक अवसर पर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने डॉ.सिंह को अपनी सामाजिक, आर्थिक सुरक्षा से जुडी चिंताओं से अवगत कराया तो सरोजनीनगर विधायक ने सीएम योगी को पत्र लिखकर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सामाजिक सुरक्षा से सम्बंधित कुछ सुझाव भी दिए थे। सीएम योगी को लिखे पत्र के जबाब में समाज कल्याण विभाग ने डॉ.सिंह को कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक आश्वासन भी प्रदान किया। वृद्धाश्रमों में रह रहे प्रदेश के 5641 में से 3615 वृद्धजनों को किसी न किसी योजना से पेंशन मिल रही है, समाज कल्याण विभाग ने बाकी वृद्धजनों के लिए भी पेंशन दिलाए जाने पर सहमति व्यक्त की। वृद्धाश्रम में रह रहे 471 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बने हैं, बाकी सबके आयुष्मान कार्ड व आवश्यकता अनुसार BPL कार्ड बनवाने की सहमति ही प्रदान की। वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों के तीर्थाटन हेतु भी समाज कल्याण विभाग ने सहमति प्रदान की है।
पितृ पक्ष के अवसर पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के बीच पहुंचे डॉ. सिंह का मानना है कि वृद्धजनों की सेवा और उनके प्रति श्रद्धाभाव ही पितरों की सच्ची श्राद्ध है, मेरे लिए वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का आशीर्वाद अमूल्य है। इस दौरान वृद्धाश्रम के संस्थापक डॉ. सुशील चंद्र त्रिवेदी, मुख्य व्यवस्थापक कीर्तिवर्धन बाजपेई, प्रबंधक शैलेंद्री देवी, व्यवस्थापक कुलदीप त्रिवेदी, ज़िला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता शिव शंकर सिंह ‘शंकरी’, मंडल अध्यक्ष के.के.श्रीवास्तव, रीना त्रिपाठी एवं आशीष सिंह सेंगर मौजूद रहे।
भाजपा सदस्यता कैंप में पहुंचे डॉ.राजेश्वर, कार्यकर्ताओं में बढ़ाया जोश
सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृहस्पतिवार को भाजपा बूथ संख्या 540 के अंतर्गत डिप्टीगंज में आयोजित विशेष सदस्यता अभियान शिविर में सहभागिता कर कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया। इस दौरान डॉ. सिंह ने युवाओं को उज्जवल भविष्य के लिए भाजपा से जुड़ने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा को फिर से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान उपस्थित कार्यकार्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ.सिंह ने कहा कि राष्ट्र प्रथम भाजपा की विचारधारा है, देश की अखंडता भाजपा का मूल मंत्र और भावी पीढ़ी का उज्जवल भविष्य भाजपा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लागातार देश – प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए प्रयासरत हैं, जिसके परिणामस्वरुप भारत 11वीं से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना, आज उत्तर प्रदेश में शान्ति है, लखनऊ और पूरे उत्तर प्रदेश में निवेश के नए द्वार खुले हैं। भाजपा के कारण ही हमारी पहचान है, भाजपा को अजेय-अभेद पार्टी के रूप में स्थापित करना हम सभी का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी, पार्षद बृज मोहन शर्मा, कार्यक्रम संयोजक अमित कुमार, उदय प्रताप सिंह, प्रसन्नजीत कुमार, सतगुरु शरण रावत, शैलेन्द्र सिंह, मंजू सिंह, अमन सिंह चौहान, प्रमोद कुमार सिंह, अरुण कुमार द्विवेदी, अशोक सिंह, गौरव अवस्थी, राज कुमार पाल, महेश विश्वकर्मा, शिव कुमार लोधी, शिव कुमार सिंह, मुकेश सिंह, मुकेश यादव, श्यामू रावत, रमेश जायसवाल, सुमन सिंह, रबी नारायण त्रिपाठी, प्रकाश सिंह बिष्ट, नवनीत तिवारी एवं अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।