Home Blog Page 951

Uttar Pradesh: मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से मण्डलायुक्तों व जिलाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

truenewsup
truenewsup
  • छठ पूजा के दौरान घाटों पर सफाई, सुरक्षा व स्वच्छता के हों समुचित प्रबंध
  • फर्टिलाइजर को लेकर संवेदनशील जनपदों पर रखी जाये विशेष निगरानी
  • कहीं से भी फर्टिलाइजर के तस्करी एवं कालाबाजारी की शिकायत नहीं हो प्राप्त
  • किसानों को पराली न जलाने के लिये किया जाये जागरूक, न मानने पर की जाये कार्यवाही

लखनऊ: मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को छठ पूजा, पराली, धान खरीद आदि के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान घाटों की सफाई, सुरक्षा व स्वच्छता के संबंध में दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों के साथ बैठक कर छठ घाटों पर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि छठ पूजा के दौरान नदियों, तालाबों व जलस्रोतों का जल स्वच्छ हो और ठोस अपशिष्ट का प्रवाह न हो।

उन्होंने कहा कि निकायों के द्वारा घाट के पास पर्याप्त मात्रा में स्नान घर, मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट, पेयजल व चेंजिंग रूप की व्यवस्था होना चाहिये। इससे सम्बन्धित संदेश बोर्ड भी स्थल पर स्थापित किये जायें। लोगों को प्लास्टिक कैरीबैग के स्थान पर जूट बैग अथवा कपड़े का बैग आदि के इस्तेमाल के लिये प्रेरित किया जाये। उन्होंने कहा कि स्वच्छ छठ पूजा के लिये हरे और नीले रंग के कूड़ेदान को घाटों के आस-पास रखा जाये। घाट स्थलों के आस-पास स्वच्छता एवं साफ-सफाई के सम्बन्ध में जागरूकता सम्बन्धी निर्देश बोर्ड लगाये जाये। निकायों द्वारा दिन में न्यूनतम दो बार घाटों की समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था करायी जाये।

उन्होंने कहा कि घाटों पर सुरक्षा का समुचित प्रबंध रहे और छठ पूजा स्थलों एवं पहुंच मार्गों पर सभी स्ट्रीट लाइट्स क्रियाशील होनी चाहिये। सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की जाये। आकस्मिक स्थिति के लिये अस्पतालों में बेड आरक्षित रखे जायें। छठ पूजा स्थलों, तालाबों, घाटों पर आवश्यकतानुसार कुशल तैराक व गोताखोर की व्यवस्था जन सहयोग (वॉलंटियर, स्वैच्छिक संगठन, व्यापार मण्डल, उद्योग मण्डल) के माध्यम से सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि पूजा स्थलों के निकट पार्किंग की व्यवस्था रहे। घाटों के आसपास आतिशबाजी नहीं होनी चाहिये। सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाये। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा भी पूजा स्थलों का निरीक्षण किया जाये।

उन्होंने डीएपी के सम्बन्ध में कहा कि आलू उत्पादन करने वाले क्षेत्रों में डीएपी की मांग बढ़ेगी। मांग के सापेक्ष डीएपी प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कृषि एवं सहकारिता विभाग के द्वारा इसे ध्यान में रखते हुए डीएपी का अलॉटमेंट किया जाये। फर्टिलाइजर को लेकर संवेदनशील जनपदों पर विशेष निगरानी रखी जाये। कहीं से भी तस्करी एवं कालाबाजारी की शिकायत नहीं प्राप्त होनी चाहिये।

पराली जलने की घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को सतर्क रहने की जरूरत है। जिन जनपदों में पराली जलने की घटनायें अधिक हो रही हैं, वहां लोगों को पराली न जलाने के लिये अधिक से अधिक जागरूक किया जाये। इसके बावजूद न मानने पर सम्बन्धित लोगों के विरुद्ध कार्यवाही की जाये।
उन्होंने कहा कि धान की खरीद के लिये क्रय केन्द्रों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। क्रय केन्द्रों पर धान बिक्री करने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिये। समयावधि के भीतर किसानों का भुगतान किया जाये।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार तथा कृषि उत्पादन आयुक्त मोनिका एस0 गर्ग, अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार, प्रमुख सचिव सहकारिता महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र, प्रमुख सचिव पंचायतीराज नरेन्द्र भूषण, सचिव कृषि अनुराग यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

twitter वार: अखिलेश यादव को BJP विधायक की नसीहत, DGP चयन प्रक्रिया पर टिप्पणी से बेहतर 2027 की तैयारी पर ध्यान दें

truenewsup
truenewsup
  • समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में डीजीपी चयन प्रक्रिया पर टिप्पणी की, जिस पर भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने पलटवार किया।
  • विधायक राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव को डीजीपी चयन पर ध्यान देने के बजाय 2027 के चुनाव की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
  • उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, पिछले सात वर्षों में कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस ने 10,902 एनकाउंटर किए, जिसमें 197 अपराधी मारे गए।
  • माफियाओं पर कार्रवाई के तहत योगी सरकार ने 3,758 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति ध्वस्त की और 66,575 हेक्टेयर अवैध कब्जा मुक्त कराया।
  • यूपी सरकार ने डीजीपी चयन के लिए एक नई प्रक्रिया लागू की है, जिसमें हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा चयन होगा।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा डीजीपी चयन प्रक्रिया पर टिप्पणी करने पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजेश्वर सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें सलाह दी है कि वे डीजीपी चयन पर चिंता छोड़कर 2027 के चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करें।

truenewsup
कार्यवाहक DGP की तैनाती के समय सपा प्रमुख अखिलेश यादव का TWEET

भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा डीजीपी चयन प्रक्रिया पर टिप्पणी करने पर TWEET में प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें सलाह दी है कि वे डीजीपी चयन पर चिंता छोड़कर 2027 के चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करें। डॉ. सिंह ने आगे लिखा कि श्रद्धेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था आज आदर्श बनी हुई है। पिछले सात वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने कई कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने आगे योगी सरकार की पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई पर लिखा कि अप्रैल 2024 तक यूपी पुलिस ने 10,902 इनकाउंटर किए, जिनमें 197 अपराधी मारे गए और 6,329 घायल हुए। इसके अलावा 904 अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई और 68 माफिया गिरोह पूरी तरह से समाप्त कर दिए गए हैं।

माफिया संपत्ति पर कड़ा प्रहार

इसके साथ ही विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने माफिया संपत्ति के बारे स्पष्ट करते हुए लिखा कि बीते चार सालों में योगी सरकार ने माफियाओं के खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए 3,758 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को ध्वस्त किया और 2,401 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया। 66,575.75 हेक्टेयर अवैध कब्जे वाली जमीन को मुक्त कराते हुए अवैध कब्जेदारों के खिलाफ 4,650 से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए। कि डीजीपी चाहे स्थायी हो या कार्यवाहक, अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

DGP चयन की नई प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में डीजीपी चयन के लिए एक नई प्रक्रिया को मंजूरी दी है। अब डीजीपी चयन के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक छह सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति में यूपीएससी के एक सदस्य और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण सदस्य शामिल होंगे। इस नियम के अनुसार, अब यूपी सरकार अपनी पसंद का डीजीपी चुन सकेगी, जिसके लिए लोक सेवा आयोग को अधिकारियों के नाम नहीं भेजने पड़ेंगे।

सपा प्रमुख के इस tweet पर दिया सुझाव

DGP की स्थायी नियुक्ति के आदेश के बाद का TWEET

विधायक राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव से प्रदेश हित में विकास के मुद्दों पर सार्थक बात करने और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने सपा प्रमुख से अनुरोध किया कि वे अपने ध्यान को 2027 के चुनाव की तैयारियों की ओर केंद्रित करें, ताकि प्रदेश में राजनीति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सके। गौरतलब है कि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह विभिन्न सामजिक-राजनीतिक विषयों पर अपनी बात मजबूत आंकड़ों के साथ प्रखरतापूर्वक रखने के लिए जाने जाते हैं। डॉ. सिंह ने अखिलेश यादव द्वारा भाजपा पर किये जा रहे राजनीतिक हमलों का भी लगातर प्रभावी आंकड़ों के साथ प्रतिउत्तर दिया है।

श्रीराम कथा: लखनऊ के हनुमान सेतु से आरंभ होगी कथा की शोभा यात्रा, सम्पन्न हुई आयोजन समिति की बैठक

truenewsup
truenewsup
  • श्रीराम कथा आयोजन: 25 दिसम्बर से 02 जनवरी तक मोती महल लान, लखनऊ में।
  • शोभा यात्रा: हनुमान सेतु से प्रारंभ होकर मोती महल लान तक जाएगी, सभी एक जैसे वस्त्र पहनेंगे।
  • प्रचार प्रसार: होल्डिंग्स और पोस्टर्स के माध्यम से कथा की जानकारी लोगों तक पहुँचाई जाएगी।
  • विशेष अतिथि: संत सम्मेलन के लिए क्षेत्रीय संत-महात्माओं को आमंत्रित किया जाएगा।
    truenewsup

    लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मोती महल लान में आगामी 25 दिसम्बर से 02 जनवरी तक जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री राघवाचार्य जी के श्रीमुख से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के संदर्भ में एक बैठक का आयोजन नव चेतना केंद्र, 10 अशोक मार्ग, लखनऊ में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह (गप्पू सिंह) की अध्यक्षता में किया गया।

    बैठक में डॉ. अशोक बाजपेयी (पूर्व सांसद) ने अध्यक्षता की और श्रीराम कथा के संयोजक आचार्य डॉ. सप्तर्षि मिश्र एवं अधिवक्ता संजीव पाण्डेय ने संचालन किया। बैठक में लोक विख्यात विद्वान अजय याग्निक जी द्वारा कथा के शुभारंभ पर सुन्दरकाण्ड की चर्चा और पूज्य राघवाचार्य जी की उपस्थिति में संत सम्मेलन के आयोजन की योजना बनाई गई।

    बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कथा के व्यापक प्रचार हेतु लखनऊ के विभिन्न स्थानों पर होल्डिंग और पोस्टर्स लगाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस आयोजन की जानकारी प्राप्त कर सकें। शोभा यात्रा, जो 25 दिसम्बर को हनुमान सेतु से मोती महल लान तक निकाली जाएगी, में सभी महिला और पुरुष एक समान रंग के वस्त्र धारण करेंगे। यह यात्रा सुबह 11 बजे शुरू होगी।

    बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि इस श्रीराम कथा महोत्सव में अधिक से अधिक श्रोताओं की भागीदारी हो। बैठक में किसान मोर्चा के पदाधिकारी अतुल मिश्रा, शिक्षाविद् डॉ. शीर्षेन्दु शील त्रिवेदी, संजीव श्रीवास्तव, हरिनाथ सिंह, सुरेश प्रताप सिंह, राकेश मोहन मिश्र, ठाकुर ब्रजेश सिंह, किरन सिंह, पुष्पा तिवारी, सुष्मिता सिंह एवं ओम शंकर खन्ना जैसे प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे।

    लखनऊ: प्रभारी मंत्री ने लोक आस्था के महापर्व छठ के दृष्टिगत डीएम व नगर आयुक्त को दिए निर्देश

    truenewsup
    truenewsup
    • विभिन्न घाटों एवं पूजा स्थलों पर व्यापक साफ सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
    • छठ पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं उपासकों को न हो किसी भी प्रकार की असुविधा

    लखनऊ: प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने लोक आस्था के छठ महापर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी लखनऊ एवं नगर आयुक्त को जनपद के विभिन्न घाटों एवं पूजा स्थलों पर व्यापक साफ सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लखनऊ के विभिन्न घाटों पर आयोजित होने वाले छठ पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं उपासकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी घाटों पर साफ-सफाई के साथ-साथ प्रकाश का समुचित प्रबंध अनिवार्य रूप से कराया जाए। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं हेतु शुद्ध पेयजल के प्रबंध हेतु भी उन्होंने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, जिससे छठ महापर्व के उपासकों को अपने व्रत, पूजा एवं अर्घ्य की प्रक्रिया और पवित्रता में कोई व्यवधान न उत्पन्न हो।

    श्री खन्ना ने निर्देश दिए हैं कि छठ पूजा घाटों व पूजा स्थलों एवं उनके आसपास और पहुंच मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था को विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था एवं नगर निगम द्वारा चालित शौचालय की भी व्यवस्था घाटों एवं पूजा स्थलों पर की जाए।

    यूपी परिवहन निगम के 15 डिपो में बसों का मेन्टीनेंस का कार्य करेंगी निजी कंपनियां- परिवहन मंत्री

    truenewsup
    truenewsup

    लखनऊ: परिवहन निगम की कार्यशालाओं की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से 19 डिपो के वर्कशॉप को आउटसोर्सिंग के माध्यम से निविदा पर दिए जाने हेतु टेंडर किया गया था। 19 डिपो में से 15 डिपो की निविदा का अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है। यह जानकारी परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि 15 डिपो में कुल 1255 बसों के लिए दरें 03 रुपए 57 पैसे प्रति किलोमीटर से लेकर 5 रुपए 48 पैसे तक प्राप्त हुई है। इस निविदा के माध्यम से 15 डिपो वर्कशॉप में बस के मेंटीनेंस का कार्य निजी कंपनियों को दे दिया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से श्याम इंटरप्राइजेज, एसडीएल एंटरप्राइजेज, आर.के. ऑटोमोबाइल है।

    truenewsup

    परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर इस निविदा कार्रवाई के सफलतापूर्वक कराए जाने के उपरांत अन्य 100 डिपो का भी मेंटीनेंस का कार्य निजी कंपनियों को सौप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यशालाओं में तकनीकी कर्मचारियों एवं अधिकारियों की कमी के कारण परिवहन निगम में बसों के मेंटीनेंस की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।इस निविदा प्रक्रिया से निजी कंपनियों को मेंटीनेंस करने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे कि अच्छी गुणवत्ता की बसों की मेंटीनेंस हो सकेगी। उन्होंने कहा कि नई तकनीक की बसों के मेंटीनेंस के लिए दक्ष एवं क्वालिफाइड मैकेनिक होने चाहिए। इस संविदा प्रक्रिया के पश्चात दक्ष मैकेनिक उपलब्ध हो सकेंगे।