Home Blog Page 72

Travel News:Singapore जाने वालों के लिए बड़ा अपडेट, अब फ्लाइट में बैठने से पहले होगा इमिग्रेशन चेक

अगर आप सिंगापुर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सिंगापुर सरकार ने यात्रियों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट में बैठने से पहले ही यात्रियों की इमिग्रेशन जांच पूरी कर ली जाएगी।

क्या है सिंगापुर जाने का नया नियम?

सिंगापुर की Immigration and Checkpoints Authority (ICA) ने 30 जनवरी 2026 से नए नियम लागू कर दिए हैं। इसके तहत चांगी और सेलेटार एयरपोर्ट पर आने वाली सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स के यात्रियों का Pre-Departure Immigration Check अनिवार्य कर दिया गया है।
अब तक इमिग्रेशन जांच सिंगापुर पहुंचने के बाद होती थी, लेकिन नए नियमों के तहत यह प्रक्रिया उड़ान से पहले ही पूरी की जाएगी।

कैसे होगी इमिग्रेशन जांच?

यात्रियों की जानकारी फ्लाइट से पहले ही एयरलाइन के जरिए ICA को भेजी जाएगी। यह जांच मुख्य रूप से दो तरीकों से की जाएगी—

  • Flight Manifest
  • SG Arrival Card (Singapore Arrival Card)

अगर जांच के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है, तो ICA की ओर से एयरलाइन को तुरंत ‘No Boarding’ का निर्देश जारी किया जाएगा, जिसके बाद यात्री को फ्लाइट में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। कुछ मामलों में चेक-इन के समय अतिरिक्त वेरिफिकेशन भी किया जा सकता है।

किन यात्रियों को फ्लाइट में बैठने नहीं दिया जाएगा?

  • जिनके पास सिंगापुर का वैध वीजा नहीं होगा
  • जिनके पासपोर्ट की वैलिडिटी 6 महीने से कम होगी
  • SG Arrival Card नहीं भरा गया हो या उसमें गलत जानकारी हो
  • जिनके खिलाफ पहले से कोई इमिग्रेशन या सिक्योरिटी से जुड़ा नेगेटिव रिकॉर्ड हो

पहले और अब में क्या बदला?

पहले यात्रियों को सिंगापुर पहुंचने के बाद इमिग्रेशन काउंटर पर जांच का सामना करना पड़ता था। अब यही प्रक्रिया फ्लाइट से पहले पूरी कर ली जाएगी। नियमों का पालन न करने पर एयरलाइन पर 10,000 सिंगापुर डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है, साथ ही संबंधित स्टाफ पर भी कार्रवाई हो सकती है।

अगर बोर्डिंग रोक दी जाए तो क्या करें?

यदि किसी यात्री को फ्लाइट में बैठने से रोका जाता है, तो वह ICA के आधिकारिक फीडबैक चैनल के माध्यम से संपर्क कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकता है।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

  • पासपोर्ट की वैलिडिटी कम से कम 6 महीने हो
  • सिंगापुर का सही और वैध वीजा जरूर हो
  • SG Arrival Card समय पर और सही जानकारी के साथ भरें
  • फ्लाइट से पहले सभी दस्तावेजों की दोबारा जांच करें
  • एयरलाइन से आने वाले ईमेल और मैसेज पर ध्यान दें

T20 वर्ल्ड कप के लिए डोनाल्ड ट्रंप का USA टीम को खास संदेश, बोले—‘भारत में खेल रही है टीम, पूरा अमेरिका आपके साथ’

T20 World Cup 2026:
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने इस मेगा टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही USA क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में अमेरिका भी 20 टीमों में शामिल है।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“मुझे अभी पता चला कि भारत में क्रिकेट वर्ल्ड कप शुरू हो गया है। मैं टीम USA को ढेरों शुभकामनाएं देता हूं। हमारी टीम बहुत मजबूत है। पूरा अमेरिका आपके साथ है।”
ट्रंप का यह संदेश USA टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

ग्रुप A में USA को मिली मुश्किल चुनौती

USA को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप A में रखा गया है, जहां उसका सामना भारत, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीमों से है। USA ने अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ मुकाबले से की।

भारत को USA ने दी कड़ी टक्कर

पहले मुकाबले में USA ने भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी। भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही टीम ने 46 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। USA के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में भारत पर जबरदस्त दबाव बनाया।

इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार की इस पारी की बदौलत भारत 9 विकेट पर 161 रन तक पहुंच सका। यह कप्तान के रूप में उनकी पांचवीं T20 पारी में चौथी अर्धशतकीय पारी रही।

गेंदबाजी में भी USA ने छोड़ी छाप

USA की ओर से शैडली वैन शाल्कवाइक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए USA की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 8 विकेट पर 132 रन ही बना पाई। भारत की जीत में मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।

डोनाल्ड ट्रंप के संदेश और USA के जुझारू प्रदर्शन के बाद साफ है कि अमेरिकी टीम इस टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ भाग लेने नहीं, बल्कि मुकाबला करने के इरादे से उतरी है।

Sports News:T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज कौन? रोहित नहीं, इस दिग्गज के नाम है रिकॉर्ड

Most Runs in T20 World Cup:
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली टॉप पर हैं। साल 2007 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आंकड़ों के मामले में कोहली ने सभी को पीछे छोड़ दिया है।

विराट कोहली ने 2012 से 2024 के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों में कुल 1292 रन बनाए हैं। उन्होंने 35 मैचों की 33 पारियों में यह रन बनाए, जिसमें 11 बार वह नाबाद रहे। कोहली का औसत 58.72 रहा, जो इस टूर्नामेंट में किसी भी बल्लेबाज के लिए सबसे बेहतर माना जाता है। उनके नाम 15 अर्धशतक दर्ज हैं, हालांकि वह अभी तक शतक नहीं लगा सके हैं।

इस सूची में दूसरे स्थान पर भारत के ही पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित ने 2007 से 2024 तक टी20 वर्ल्ड कप में 47 मैचों में 1220 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 92 रन रहा है। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रोहित शर्मा ने इस टूर्नामेंट में 12 अर्धशतक लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 133 से अधिक रहा।

तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने हैं, जिन्होंने 31 मैचों में 1016 रन बनाए। उनके नाम टी20 वर्ल्ड कप में एक शतक भी दर्ज है। चौथे स्थान पर इंग्लैंड के जोस बटलर हैं, जिन्होंने 35 मैचों में 1013 रन बनाए, जबकि पांचवें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं, जिनके नाम 984 रन दर्ज हैं।

आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल विराट कोहली के नाम है, जबकि रोहित शर्मा इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।

Health News:बिना दवा के घर पर कंट्रोल हो सकता है हाई बीपी, अपनाएं ये आसान और असरदार तरीके

आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी, गलत खानपान और तनाव के कारण हाई ब्लड प्रेशर एक आम समस्या बन चुका है। हालांकि हर बार बीपी बढ़ने पर दवा लेना ही एकमात्र समाधान नहीं होता। सही लाइफस्टाइल और रोज़मर्रा की आदतों में बदलाव करके कई मामलों में ब्लड प्रेशर को प्राकृतिक रूप से कंट्रोल किया जा सकता है और दवाओं पर निर्भरता कम की जा सकती है।


वजन और कमर की माप पर रखें ध्यान

जैसे-जैसे शरीर का वजन बढ़ता है, वैसे-वैसे ब्लड प्रेशर भी बढ़ने लगता है। खासतौर पर पेट के आसपास जमा चर्बी हाई बीपी का खतरा बढ़ा देती है। अच्छी बात यह है कि थोड़ा सा वजन घटाने से भी बीपी में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलता है।


रोज़ाना एक्सरसाइज को बनाएं आदत

हर दिन 30 मिनट की हल्की या मध्यम शारीरिक गतिविधि जैसे तेज़ चलना, योग, साइकिल चलाना या तैराकी ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करती है। नियमित एक्सरसाइज न सिर्फ बीपी घटाती है, बल्कि लंबे समय तक उसे संतुलित भी रखती है।


संतुलित और पौष्टिक आहार लें

फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और लो-फैट डेयरी उत्पादों से भरपूर डाइट बीपी को नेचुरली कंट्रोल करने में सहायक होती है। पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थ नमक के असर को कम करने में मदद करते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर संतुलित रहता है।


नमक और प्रोसेस्ड फूड से बनाएं दूरी

अधिक नमक का सेवन हाई बीपी का बड़ा कारण माना जाता है। पैकेट बंद और प्रोसेस्ड फूड में सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है, इसलिए इनका सेवन सीमित रखें। घर के खाने में नमक कम करें और स्वाद के लिए हर्ब्स व मसालों का इस्तेमाल करें।


शराब और धूम्रपान से बचें

ज्यादा शराब पीने और सिगरेट पीने से ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है। इन आदतों को छोड़ने से न सिर्फ बीपी कंट्रोल होता है, बल्कि दिल की सेहत में भी सुधार आता है।


नींद पूरी लें और तनाव कम करें

कम नींद और ज्यादा तनाव भी हाई बीपी को बढ़ा सकते हैं। रोजाना 7–8 घंटे की नींद लें और तनाव कम करने के लिए योग, ध्यान या गहरी सांस लेने की तकनीक अपनाएं।


घर पर बीपी की नियमित जांच करें

घर पर ब्लड प्रेशर मॉनिटर करने से यह समझने में मदद मिलती है कि आपकी लाइफस्टाइल कितनी असरदार है। इसके साथ-साथ समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना भी जरूरी है।


डिस्क्लेमर

यह जानकारी सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। इसे किसी भी तरह से डॉक्टर की सलाह का विकल्प न मानें। अगर ब्लड प्रेशर लगातार ज्यादा रहता है या कोई अन्य समस्या है, तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

2720 किलो वजनी, 3.6 लाख डॉलर की कीमत… एक साल से क्यों गोदाम में बंद पड़ी है ट्रंप की आदमकद गोल्डन प्रतिमा?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 15 फीट ऊंची, गोल्डन रंग की ब्रॉन्ज प्रतिमा बीते एक साल से बदहाल हालत में पड़ी हुई है। खास बात यह है कि यह प्रतिमा पूरी तरह बनकर तैयार है, लेकिन अब तक इसे कहीं स्थापित नहीं किया जा सका है। इसकी वजह सामने आने के बाद मामला और भी दिलचस्प हो गया है।

यह प्रतिमा ट्रंप के उस आइकॉनिक पोज को दर्शाती है, जिसमें वह मुट्ठी बांधकर हाथ ऊपर उठाए नजर आते हैं। यह पोज 2024 में ट्रंप पर हुए हमले के बाद का है, जब उन्होंने खुद को सुरक्षित दिखाते हुए समर्थकों को संदेश दिया था। उसी क्षण को अमर करने के लिए इस मूर्ति को तैयार किया गया।


दो मंजिला इमारत जितनी ऊंची प्रतिमा

ट्रंप की यह प्रतिमा करीब दो मंजिला इमारत जितनी ऊंची है। इसका कुल वजन लगभग 6 हजार पाउंड यानी 2720 किलोग्राम है। प्रतिमा के लिए एक भारी बेस भी तैयार किया गया है। इसकी कुल लागत करीब 3 लाख 60 हजार डॉलर आंकी गई है।

मूर्ति तैयार करने वाले कलाकार एलन कॉट्रिल का कहना है कि अब तक उन्हें पूरा भुगतान नहीं मिला है। उनके अनुसार, अभी भी करीब 92 हजार डॉलर बकाया हैं, जिस वजह से प्रतिमा को इंस्टॉल नहीं किया गया।


चार महीने में पूरी हुई थी तैयारी

73 वर्षीय मूर्तिकार एलन कॉट्रिल के मुताबिक, प्रतिमा का ढांचा तैयार करने में करीब एक महीना लगा, जबकि फिनिशिंग और डिटेलिंग में तीन महीने का समय गया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिना पूरा भुगतान मिले किसी भी कीमत पर प्रतिमा को स्थापित करना समझदारी नहीं होगी।


क्रिप्टो विवाद से जुड़ा है मामला

इस प्रतिमा का नाम ‘डॉन कोलोसस’ रखा गया है। इसे ट्रंप समर्थक क्रिप्टो निवेशकों ने बनवाया था। नवंबर 2024 में $PATRIOT नाम का एक मीम कॉइन लॉन्च हुआ था, उसी दौरान ट्रंप की चुनावी जीत हुई थी।

इसके बाद जनवरी में ट्रंप ने अपनी खुद की क्रिप्टोकरेंसी $TRUMP लॉन्च कर दी, जिससे $PATRIOT की कीमत में भारी गिरावट आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कॉइन की वैल्यू करीब 95 फीसदी तक गिर चुकी है, हालांकि इसका ट्रेड अब भी जारी है।


इंस्टॉलेशन पर सस्पेंस बरकरार

भुगतान और क्रिप्टो विवाद के चलते ट्रंप की यह विशाल प्रतिमा अब भी एक कोने में पड़ी हुई है। सवाल यही है कि क्या यह प्रतिमा कभी किसी सार्वजनिक स्थान पर लग पाएगी या यह विवादों के साथ इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएगी।