Home Blog Page 53

“स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव”- सरोजनी नगर विधायक की मौजूदगी में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला संपन्न: बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों पर चिंता, संतुलित जीवनशैली और समय पर जांच को बताया आवश्यक

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ द्वारा हेल्थ केयर ट्रस्ट के सहयोग से ‘पॉजिटिव थिंकिंग, हेल्दी लाइफ’ विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र की आधारशिला उसके स्वस्थ नागरिक होते हैं। यदि भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है, तो स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि उपचार से अधिक महत्वपूर्ण है – जागरूकता, रोकथाम और समय पर जांच।

गैर-संचारी रोगों (NCDs) पर जताई चिंता

डॉ. सिंह ने बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों (NCDs) के आंकड़ों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार वर्ष 1990 में जहां इन रोगों का अनुपात लगभग 37 प्रतिशत था, वहीं वर्तमान में यह 60 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। उन्होंने बताया कि मधुमेह के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है तथा हृदय संबंधी अनेक मृत्यु के मामले 70 वर्ष की आयु से पहले सामने आ रहे हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वैश्विक आर्थिक आकलनों के अनुसार वर्ष 2012 से 2030 के बीच भारत को NCDs के कारण भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार इन बीमारियों से उत्पादकता में कमी, उपचार व्यय में वृद्धि और दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न होती हैं, जो राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर व्यापक प्रभाव डालती हैं।

सरोजनीनगर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर क्षेत्र में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI), लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, अपोलो हॉस्पिटल्स, मेदांता, वेलसन हॉस्पिटल, टेंडर पाम हॉस्पिटल तथा वृंदावन योजना में निर्माणाधीन 900 बेड के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल जैसे संस्थानों की उपस्थिति इस क्षेत्र को राज्य के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ते निवेश, आधारभूत संरचना के विकास और नागरिकों के बढ़ते विश्वास का संकेत है।

जीवनशैली में सुधार पर जोर

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि केवल बड़े अस्पतालों का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वयं भी स्वस्थ जीवनशैली अपनानी होगी। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण ही गैर-संचारी रोगों से बचाव के प्रभावी उपाय हैं।

कार्यक्रम में मैक्स लखनऊ के निदेशक प्रमित मिश्रा, हेल्थ केयर ट्रस्ट के अध्यक्ष सरित सिंह, डॉ. देबज्योति धर, डॉ. प्रीति शर्मा, आशीष शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश के साथ हुआ, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

सुप्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त करेंगे ‘नेट ज़ीरो’ सरोजनीनगर अभियान का शुभारंभ – डॉ.राजेश्वर सिंह

  • विधायक राजेश्वर सिंह संग संजय दत्त का रोड शो, नेट ज़ीरो सरोजनीनगर अभियान की शुरुआत
  • ⁠पर्यावरण संरक्षण और मतदान जागरूकता, संजय दत्त व विधायक राजेश्वर सिंह युवाओं से करेंगे संवाद
  • ⁠विधायक राजेश्वर सिंह व संजय दत्त करेंगे ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का शुभारंभ, युवाओं से मतदान हेतु नामांकन का आह्वान

कार्यक्रम तिथि: 22 फ़रवरी 2026
समय: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक
स्थान: बंगला बाज़ार, सरोजनीनगर विधानसभा, लखनऊ

सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता एवं नागरिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन 22 फ़रवरी 2026 को दोपहर 11:00 बजे से 3:00 बजे तक, बंगला बाज़ार, सरोजनीनगर विधानसभा में किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित होगा, जिसमें भारतीय सिनेमा के प्रख्यात अभिनेता संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत संजय दत्त सरोजनीनगर क्षेत्र में एक भव्य रोड शो के माध्यम से नागरिकों एवं युवाओं से संवाद करेंगे। इसके पश्चात वे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ‘पर्यावरण वीरों (Environment Warriors)’ को सम्मानित करते हुए पुरस्कार प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर संजय दत्त द्वारा बहुप्रतीक्षित ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण-संरक्षण, हरित जागरूकता एवं सतत विकास को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य युवाओं एवं नव मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है। संजय दत्त इस अवसर पर युवाओं से अपील करेंगे कि वे मतदाता सूची में अपना नामांकन सुनिश्चित करें, अपने मतदाता पहचान पत्र बनवाएँ तथा लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण अधिकार — मतदान — का सक्रिय रूप से प्रयोग करें।

विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं लोकतांत्रिक जागरूकता को समान प्राथमिकता दी जा रही है। ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है।

यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, युवा भागीदारी एवं नागरिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Travel News:Goa से Kerala तक, ये हैं भारत के 5 सबसे रोमांटिक बीच डेस्टिनेशन

नई-नई जगहें एक्सप्लोर करना कई लोगों के लिए किसी थेरेपी से कम नहीं। खासकर कपल्स ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं जहां सुकून, खूबसूरती और रोमांस—तीनों का परफेक्ट मेल हो। भारत में कई ऐसे बीच हैं, जहां की सुनहरी शामें और लहरों की आवाज आपके वेकेशन को यादगार बना सकती हैं। आइए जानते हैं 5 सबसे रोमांटिक बीच डेस्टिनेशन के बारे में।


1. पालोलेम बीच

गोवा अपने बीच, नाइटलाइफ और वाइब्स के लिए मशहूर है। लेकिन अगर आप भीड़ से थोड़ा दूर रोमांटिक माहौल चाहते हैं, तो पालोलेम बीच बेहतरीन विकल्प है।
यहां का सनराइज और सनसेट बेहद खूबसूरत होता है। शांत लहरें, पाम ट्री और सुनहरी रेत कपल्स को खास एहसास कराती है। बीच शैक में बैठकर डिनर डेट भी प्लान की जा सकती है।


2. मरारी बीच

केरल का मरारी बीच उन कपल्स के लिए परफेक्ट है, जो शांति और प्राइवेसी चाहते हैं। यहां भीड़-भाड़ कम रहती है, जिससे आप सुकून भरे पल बिता सकते हैं।
नारियल के पेड़ों से घिरा यह बीच शाम के समय किसी पेंटिंग जैसा नजर आता है। पार्टनर के साथ नंगे पांव रेत पर वॉक करना यहां का सबसे खास अनुभव हो सकता है।


3. कन्याकुमारी बीच

तमिलनाडु में स्थित कन्याकुमारी बीच अपनी अनोखी भौगोलिक स्थिति के लिए प्रसिद्ध है। यहां बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और हिंद महासागर का संगम होता है।
सूर्यास्त के समय आसमान और समुद्र का रंग बदलता दृश्य बेहद रोमांटिक माहौल बनाता है। ठंडी हवाओं के बीच समुद्र किनारे बैठना एक यादगार अनुभव बन सकता है।


4. हाफ मून बीच

कर्नाटक के गोकर्ण में स्थित हाफ मून बीच अपने आधे चांद जैसे आकार के लिए जाना जाता है। यह बीच शांत और कम भीड़ वाला है।
शाम के समय सूरज की किरणें जब रेत पर पड़ती हैं, तो पूरा बीच सुनहरा हो उठता है। यहां बने छोटे-छोटे हट्स में बैठकर आप अपने पार्टनर के साथ सुकून से सनसेट का आनंद ले सकते हैं।


5. कोवलम बीच

केरल का कोवलम बीच कपल्स के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां का लाइटहाउस व्यू पॉइंट से समुद्र का नजारा बेहद शानदार दिखता है।
अगर आप एडवेंचर पसंद करते हैं, तो वॉटर स्पोर्ट्स का मजा भी ले सकते हैं। शाम के समय बीच पर वॉक या कैंडल लाइट डिनर आपके वेकेशन को और भी खास बना सकता है।


प्लान करें यादगार वेकेशन

चाहे आप शांति पसंद करते हों या हल्का एडवेंचर, ये बीच डेस्टिनेशन रोमांस और सुकून का बेहतरीन मिश्रण पेश करते हैं। पार्टनर के साथ कुछ खास पल बिताने के लिए इन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।

Tarique Rahman Oath Ceremony: बांग्लादेश में आज पीएम पद की शपथ लेंगे तारिक रहमान, संसद परिसर में होगा समारोह

बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान मंगलवार को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। वह पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र हैं।

इस बार शपथ ग्रहण समारोह पारंपरिक स्थल बांगभवन (राजभवन) की बजाय जाटिया संसद परिसर के साउथ प्लाज़ा में आयोजित किया जा रहा है, जिसे परंपरा से अलग कदम माना जा रहा है।


शपथ ग्रहण का पूरा कार्यक्रम

समाचार एजेंसी के मुताबिक, राष्ट्रपति मोहमम्मद शाहबुद्दीन दोपहर में जाटिया संसद (Jatiya Sangsad) परिसर के साउथ प्लाज़ा में नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।

  • सुबह 10 बजे संसद सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।
  • सुबह 11:30 बजे BNP संसदीय दल की बैठक होगी, जिसमें संसदीय नेता का औपचारिक चुनाव किया जाएगा।

BNP नेताओं ने स्पष्ट किया है कि बहुमत दल के नेता के रूप में तारिक रहमान ही प्रधानमंत्री पद संभालेंगे।


भारत से कौन होगा शामिल?

भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उनके साथ भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री और लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी शामिल होने की संभावना है।

इसके अलावा समारोह में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, तुर्की के वरिष्ठ प्रतिनिधि और श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्री भी मौजूद रहेंगे।


चुनाव परिणाम और राजनीतिक पृष्ठभूमि

बांग्लादेश में 13वां आम चुनाव 12 फरवरी को राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा चुनौतियों के बीच संपन्न हुआ। इससे पहले छात्र आंदोलन के बाद अगस्त 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी।

इस चुनाव में उनकी पार्टी अवामी लीग को भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई। चुनाव आयोग के अनुसार:

  • BNP ने 297 में से 209 सीटें जीतीं
  • जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं
  • मतदाता मतदान प्रतिशत 59.44% दर्ज हुआ

प्रतिद्वंद्वियों से भी की मुलाकात

जीत के बाद तारिक रहमान ने राजनीतिक सौहार्द का संदेश देते हुए जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख और अन्य दलों के नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने सभी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं दीं।


पहली बार संभालेंगे प्रधानमंत्री पद

60 वर्षीय तारिक रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बन रहे हैं। वह अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस का स्थान लेंगे। उनके कार्यकाल के दौरान ढाका और नई दिल्ली के संबंधों में तनाव की स्थिति देखी गई थी।

तारिक रहमान के शपथ ग्रहण के साथ बांग्लादेश की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

Health News:सिर्फ सिगरेट-शराब ही नहीं, ये 5 रोजमर्रा की आदतें भी बढ़ा सकती हैं कैंसर का खतरा

Can Daily Pollution Increase Cancer Risk: कैंसर की बात आते ही अक्सर लोगों के दिमाग में सिगरेट, तंबाकू और शराब जैसे बड़े जोखिम आते हैं। लेकिन मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. राजीव विजयकुमार का कहना है कि कैंसर का खतरा केवल इन कारणों तक सीमित नहीं है। कई बार रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें और लगातार होने वाला मामूली एक्सपोजर भी लंबे समय में गंभीर असर डाल सकता है।

‘माइक्रो-एक्सपोजर’ पर कम होती है चर्चा

डॉ. विजयकुमार के मुताबिक, कैंसर से जुड़े ‘माइक्रो-एक्सपोजर’ यानी छोटे लेकिन लगातार जोखिमों पर आमतौर पर कम चर्चा होती है। ये जोखिम इतने स्पष्ट नहीं होते कि तुरंत डर पैदा करें, लेकिन समय के साथ शरीर पर असर जमा करते रहते हैं।

1. वायु प्रदूषण

गाड़ियों के धुएं, निर्माण स्थलों की धूल और ईंधन के दहन से निकलने वाले सूक्ष्म कण (PM2.5) फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहना, यहां तक कि नॉन-स्मोकर्स में भी, फेफड़ों के कैंसर के खतरे से जुड़ा पाया गया है। एक-दो दिन का असर मामूली लग सकता है, लेकिन वर्षों का एक्सपोजर जोखिम बढ़ा सकता है।

2. रोजाना की हल्की धूप

तेज धूप में सनबर्न होने पर लोग सतर्क हो जाते हैं, लेकिन ऑफिस आने-जाने, दोपहिया चलाने या आउटडोर गतिविधियों के दौरान मिलने वाली हल्की लेकिन नियमित अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। लगातार यूवी एक्सपोजर त्वचा की कोशिकाओं में डीएनए बदलाव बढ़ा सकता है।

3. प्रोसेस्ड फूड और असंतुलित आहार

प्रोसेस्ड मीट, ज्यादा शुगर और अत्यधिक शराब का सेवन धीरे-धीरे शरीर में सूजन, इंसुलिन रेजिस्टेंस और हार्मोनल बदलाव को बढ़ावा दे सकता है। मोटापा भी कई प्रकार के कैंसर के लिए जोखिम कारक माना जाता है।

4. नींद की कमी और अनियमित दिनचर्या

कम नींद, नाइट शिफ्ट और सर्कैडियन रिद्म का बिगड़ना मेलाटोनिन और मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकता है। कुछ शोधों में यह पाया गया है कि ऐसी स्थितियां कुछ प्रकार के कैंसर के जोखिम से जुड़ी हो सकती हैं।

5. लंबे समय तक बैठे रहना

लगातार बैठे रहने की आदत मेटाबॉलिक बदलाव और वजन बढ़ने से जुड़ी है, जो अप्रत्यक्ष रूप से कैंसर के जोखिम को प्रभावित कर सकती है।


कैसे करें बचाव?

डॉ. विजयकुमार का कहना है कि उद्देश्य डर फैलाना नहीं, बल्कि जागरूकता बढ़ाना है। शरीर में डीएनए रिपेयर और मजबूत इम्यून सिस्टम जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं मौजूद होती हैं, लेकिन जब छोटे-छोटे जोखिम परत दर परत जुड़ते हैं, तब उनका असर बढ़ सकता है।

बचाव के लिए अपनाएं ये कदम:

  • नियमित रूप से सनस्क्रीन का उपयोग करें
  • घर और ऑफिस में बेहतर वेंटिलेशन सुनिश्चित करें
  • प्रोसेस्ड मीट और अधिक शुगर का सेवन कम करें
  • शराब सीमित मात्रा में लें
  • पर्याप्त और नियमित नींद लें
  • लंबे समय तक बैठने से बचें, बीच-बीच में सक्रिय रहें

कैंसर अक्सर किसी एक बड़े कारण से नहीं, बल्कि वर्षों की आदतों से आकार लेता है। इसलिए छोटी लेकिन लगातार सही जीवनशैली संबंधी पसंदें लंबी अवधि में बड़ा फर्क ला सकती हैं।

Disclaimer: यह जानकारी शोध अध्ययनों और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी नई दिनचर्या, आहार या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से परामर्श जरूर करें।