Home Blog Page 140

Sports News:विराट कोहली के पैर छूने वाला फैन क्या जेल में है? जानें सिक्योरिटी ब्रीच पर मिलती है कैसी सज़ा।

विराट कोहली ने रांची में खेले गए भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहले वनडे में 135 रनों की शानदार पारी खेली. उन्होंने जब अपना शतक पूरा किया, तब स्टेडियम में बैठा एक फैन बॉउंड्री कूदकर स्टेडियम में घुस आया. वह दौड़ते हुए क्रीज तक पहुंचा, जैसे ही फैन कोहली के पैरों में गिरा तो कोहली भी डर गए. दरअसल उन्हें अंदाजा नहीं था कि कोई दौड़ते हुए उनके पास आ रहा है. फिर सिक्योरिटी वाले आए और फैन को स्टेडियम के बाहर ले गए, इस दौरान पुलिस भी नजर आई. लेकिन अभी वो फैन कहां है? जानिए क्रिकेट मैच में सिक्योरिटी ब्रीच पर क्या कुछ सजा हो सकती है.

विराट कोहली के साथ पहले भी ऐसा कई बार हो चुका है कि उनका फैन सुरक्षा घेरे को चकमा देकर उनके पास पहुंचा, हालांकि उनका इरादा कोहली को नुकसान पहुंचाने का नहीं होता लेकिन फिर भी सुरक्षा के लिहाज से ये गंभीर खतरा पैदा करता है. अब सवाल ये आता है कि क्रिकेट मैच में सिक्योरिटी ब्रीच पर क्या कुछ सजा हो सकती है?

क्या मिलती है सजा?

ऐसे मामलों में आईसीसी (ICC) और बीसीसीआई (BCCI) का कोई स्पष्ट नियम नहीं है, लेकिन ज्यादातर कार्यवाई कठोर होती है.

भारी जुर्माना: कई बार सुरक्षा टीम सिक्योरिटी ब्रीच करने वाले शख्स समझाकर छोड़ देती है, लेकिन कार्यवाई कठोर हो सकती है. जैसे टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ऑस्ट्रेलिया में एक भारतीय फैन पर 6.5 लाख का भारी जुर्माना लगा था.

पुलिस और जेल: सिक्योरिटी शख्स को पुलिस के हवाले कर सकती है. पुलिस शख्स को गिरफ्तार भी कर सकती है. जैसा रांची में फैन के साथ हुआ.

कहां है कोहली के पैर छूने वाला फैन

एक रिपोर्ट में बताया गया कि रांची में कोहली के पास पहुंचे फैन का नाम सौविक है. मैदान में घुसने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. रिपोर्ट में उनके पिता के हवाले से बताया गया कि सौविक ने पैसे बचाकर टिकट खरीदी थी. वह इससे पहले आईपीएल का मैच देखने चेन्नई साईकिल से गए थे. हालांकि अभी ऐसी कोई खबर सामने नहीं आई कि फैन को छोड़ दिया गया है.

“सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की गला दबाकर हत्या; एक्स-बॉयफ्रेंड ने शव को सूटकेस में बंद कर जंगल में दफनाया।”

ऑस्ट्रियाई इंफ्लुएंसर स्टेफनी पीपर (31 साल) की हत्या करने के बाद उनकी लाश को सूटकेस में भरकर स्लोवेनिया के जंगल में जमीन के अंदर दफना दिया गया. उनके एक्स बॉयफ्रेंड पैट्रिक एम ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए, वारदात को अंजाम देने की पूरी कहानी बयां की है.

ऑस्ट्रिया की ग्राज शहर में रहने वाली स्टेफनी की 23 नवंबर को मौत हुई थी. उसी दिन वह एक जरूरी काम से बाहर जाने वाली थी. जब वह तय समय पर नहीं पहुंची तो उनके दोस्त ने पुलिस में इसकी खबर कर दी. इसके अलावा 24 सितंबर को उनकी मां ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “मेरी बेटी स्टेफनी पी. कल (23 नवंबर) सुबह से गायब हैं. उसके बाएं हाथ पर अपनी मां के नाम पर टैटू बना हुआ है.

एक हफ्ते की जांच में हुआ खुलासा

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, जब 23 नवंबर की शाम को पुलिस जांच के लिए स्टेफनी के अपार्टमेंट में पहुंची तो वहां सिर्फ उनके एक्स बॉयफ्रेंड पैट्रिक और उनका कुत्ता ही मौजूद था. उस दौरान पैट्रिक ने पुलिस को बताया कि वह पीपर के कुत्ते की देखभाल के लिए यहां रुका हुआ था. पुलिस को घर के दरवाजे की फ्रेम पर खून के निशान भी मिले थे. हालांकि, पैट्रिक पर किसी तरह का शक पुलिस को नहीं हुआ था.

सुबह Ex बॉयफ्रेंड से हुई थी बहस

गवाहों ने जांच में सहयोग किया, जिससे पुलिस को कई अहम जानकारी मिली. पुलिस को पता लगा कि सुबह करीब 8 बजे, अपार्टमेंट से बहस की आवाज आई. उस आदमी को अपार्टमेंट से किसी तरह का कालीन लेकर बाहर निकलते देखा गया था. यह जानकारी NYT ने ऑस्ट्रिया की मीडिया एजेंसी क्रोनन जितुंग की रिपोर्ट के हवाले से जुटाई है.

सबूत मिटाने की कोशिश में था हत्यारा

इस पूरे मामले में गिरफ्तारी तब हुई, जब एक दिन बाद आरोपी को स्लोवेनियाई स्पीलफेल्ड बॉर्डर के पास एक कार कसीनो के पास जलती हुई मिली. पुलिस का दावा है कि वह सबूत छिपाने की कोशिश में लगा हुआ था. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार को अपने कब्जे में लिया और उसे ऑस्ट्रेयिन अधिकारियों को सौंप दिया गया.

कई राउंड की पूछताछ और कबूल लिया जुर्म

ऑस्ट्रियिन पुलिस ने इस मामले में कई राउंड पूछताछ की. इसके बाद आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया. 31 साल के पैट्रिक ने बताया, उसने पीपर का गला घोंट दिया. उसकी बॉडी को एक सूटकेस में रखा और स्लोवेनियाई जंगल में एक जंगली इलाके में दफना दिया. इस मामले में आरोपी के भाई और सौतेले पिता को भी गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, वह निर्दोष थे, उनका इस हत्या में कोई हाथ नहीं पाया गया, जिसके बाद छोड़ दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर इंफ्लुएंसर की बॉडी को बरामद किया. अब माना जा रहा है कि आरोपी को इस केस में 20 साल की सजा या उम्रकैद हो सकती है.

‘120 बहादुर’ बनाम ‘मस्ती 4’: किस फिल्म को देखना है बेहतर? यहां जानिए पूरी तुलना

21 नवंबर को सिनेमाघरों पर कई फिल्में रिलीज हुई हैं. मगर दो फिल्मों का सबसे ज्यादा बज है. उसमें से एक फरहान अख्तर की 120 बहादुर है और दूसरी विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख और आफताब शिवदासानी की मस्ती 4 है. इन दोनों ही फिल्मों का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. ये दोनों ही फिल्में एकदम अलग जॉनर की है. अगर आप थिएटर जाकर फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं तो आइए आपको बताते हैं दोनों में से कौन-सी फिल्म देखने लायक है.

120 बहादुर में क्या है खास

फरहान अख्तर इस फिल्म से लंबे समय के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. इस फिल्म में उन 120 जवानों की कहानी दिखाई गई है जिनके बारे में शायद ही किसी को पता होगा. 1962 में जब भारत और चीन के बीच जंग हुई थी तो रेजांग ला में हमारे 120 बहादुर 3000 चीनी सैनिकों से भिड़ गए थे. उनकी कहानी है ये फिल्म. आपके अंदर एक बार देशभक्ति जगा देगी.

क्यों देखें मस्ती 4

मस्ती फ्रेंचाइजी की ये चौथी फिल्म है. इस सीरीज की हर फिल्म हिट साबित हुई है. एक बार फिर विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख और आफताब शिवदासानी लोगों को हंसाने के लिए आ रहे हैं. एडल्ट कॉमेडी की बेस्ट फिल्मों में से एक है ये. इस बार कास्ट में नए लोग भी शामिल हैं. अगर आप कुछ लाइट हंसने वाली फिल्म देखना चाहते हैं तो ये आपके लिए परफेक्ट है.

अगर आपको वॉर और ऐतिहासिक ड्रामा पसंद है, तो ‘120 बहादुर’ आपके लिए बेहतर ऑप्शन है. फिल्म को अच्छे रिव्यू और रेटिंग अच्छी मिली है. वहीं, ‘मस्ती 4’ अपनी कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाती है. फिल्म पूरी तरह से एडल्ट ह्यूमर और लाइट-हार्टेड एंटरटेनमेंट पसंद करने वाले दर्शकों के लिए है. अगर इस फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्में आपको पसंद आई हैं तो इसे आप देख सकते हैं.

दोनों फिल्में बिल्कुल अलग जॉनर की हैं और दोनों की रिव्यू और रेटिंग अच्छी मिली है. ऐसे में ये आपकी पसंद पर निर्भर करता है कि किस तरह की फिल्में देखना आपको पसंद है.

“फिल्म इतिहास के खतरनाक विलेन ‘डार्थ वेडर’ के मास्क के पीछे कौन था? जानें पर्दे के पीछे की असली पहचान।”

मनोरंजन जगत के इतिहास में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं जिनका चेहरा दुनिया कम पहचानती है, लेकिन उनका काम दुनिया की सबसे गहरी यादों में दर्ज रहता है. डेविड प्राउज ऐसा ही नाम है. एक ऐसे ब्रिटिश अभिनेता जिन्होंने कई फिल्मों में काम किया लेकिन एक किरदार ने उन्हें शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया. कहानी में ट्विस्ट ये था कि उनका हिट किरदार कभी पर्दे पर नजर ही नहीं आया.

न पर्दे पर दिखा और न ही उसकी आवाज सुनी गई, लेकिन उसकी मौजूदगी ने सिनेमा के सबसे आइकॉनिक खलनायक डार्थ वेडर को जीवंत बना दिया. 1 दिसंबर 2020 को उनका निधन हुआ, और उनके साथ फिल्म इतिहास का एक अनोखा अध्याय भी शांत हो गया.

डेविड प्राउज की कहानी है बेहद दिलचस्प

डेविड प्राउज की कहानी उतनी ही दिलचस्प है जितनी रहस्यमयी. उनका जन्म 1935 में इंग्लैंड में हुआ था, और बचपन से ही उनकी ऊंचाई, कद-काठी और शारीरिक शक्ति उन्हें भीड़ से अलग करती थी. उन्होंने बॉडीबिल्डिंग में नाम कमाया और “मिस्टर यूनिवर्स” जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. यही कद-काठी उन्हें आगे फिल्मों तक पहुंचा पाई.

1977 में जब जॉर्ज लुकास स्टार वार्स बना रहे थे, उन्हें एक ऐसे कलाकार की जरूरत थी जो पर्दे पर लंबा, प्रभावशाली और डर पैदा करने वाला लगे और यही वह क्षण था जिसने डेविड प्राउज की किस्मत बदल दी.

उन्हें डार्थ वेडर का शरीर निभाने के लिए चुना गया. दिलचस्प बात यह है कि आवाज उनके पास नहीं थी; वह काम जेम्स अर्ल जोन्स को दिया गया. चेहरा भी नहीं दिखाया गया; नकाब के पीछे छिपा हुआ हर भाव सिर्फ शरीर की हलचल, चाल, मुद्रा और हथियार पकड़ने के अंदाज से ही प्रकट होना था.

डेविड प्राउज ने निभाया इतिहास के सबसे यादगार खलनायाक का रोल

लेकिन दिक्कतों के बावजूद, डेविड प्राउज ने एक ऐसा व्यक्तित्व बनाया जो स्क्रीन पर आते ही दर्शकों को आतंकित कर देता था. उनके चलने के अंदाज में सैनिकों जैसी कठोरता, उनके कंधों की चौड़ाई में ताकत और उनकी तलवार पकड़ने के तरीके में गजब का नियंत्रण झलकता था. वे स्क्रीन पर चेहरा न दिखाते हुए भी इतिहास के सबसे यादगार खलनायक बन गए.

डेविड प्राउज की कहानी को अनोखा बनाने वाला दूसरा पहलू है उनकी भावनात्मक दूरी. कई साल तक वे स्टार वार्स के निर्माण से अलग-थलग महसूस करते रहे. अक्सर कहा जाता है कि कुछ गलतफहमियां हुईं जिनसे वे मुख्य टीम से कट गए.

फिर भी फैंस के बीच वे हमेशा एक सम्मानित हस्ती रहे. लाखों लोग उनसे सिर्फ एक हस्ताक्षर या उनकी भारी-भरकम मौजूदगी के लिए मिलते थे. हॉलीवुड के अलावा उन्होंने कई ब्रिटिश और अमेरिकी टीवी सीरीज में अभिनय किया, लेकिन वेडर ने जो दिया वो उनकी मौत के बाद भी जुड़ा रहा.

उनकी मृत्यु के बाद सोशल मीडिया पर “आरआईपी, रियल वेडर” जैसे संदेशों ने यह दिखा दिया कि असली यादें उन किरदारों की भी होती हैं जो न दिखते हुए भी इतिहास बदल देते हैं. डेविड प्राउज ने बिना चेहरे दिखाए, बिना एक शब्द बोले, सिर्फ शरीर और चाल से एक ऐसा किरदार गढ़ा, एक ऐसी पहचान बना दी, जिसे दुनिया कभी नहीं भूल सकती.

“IND vs SA 1st ODI Highlights: कोहली ने ठोका 52वां शतक, भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर 17 रन से जीत दर्ज की।”

भारत ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (135 रन) के 52वें वनडे शतक के बाद तेज गेंदबाज हर्षित राणा (तीन विकेट) और कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव (चार विकेट) के झटकों की बदौलत रविवार को यहां पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका को 17 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली. दूसरा वनडे तीन दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा

कोहली ने 120 गेंद की तेज पारी के दौरान 11 चौके और सात छक्के जमाए जिससे भारत ने आठ विकेट पर 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

क्रिकेट के एकमात्र इस प्रारूप में खेलने वाले कोहली ने फिर अपनी अहमियत और दबदबे को साबित किया. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा (51 गेंद में 57 रन) के साथ 136 रन की साझेदारी करके जेएससीए स्टेडियम की सपाट पिच पर भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी.

कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने 56 गेंद में 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और रविंद्र जडेजा ने 20 गेंद में 32 रन का योगदान दिया.

इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरूआत काफी खराब हुई, उससे 11 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, पर मैथ्यू बीट्जके (72 रन), मार्को यानसन (70 रन) और कॉर्बिन बॉश (67 रन) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके जो 49.2 ओवर में 332 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

कुलदीप ने 68 रन देकर चार विकेट और हर्षित राणा ने 65 रन देकर तीन विकेट झटके. अर्शदीप सिंह को दो विकेट मिले. प्रसिद्ध कृष्णा ने अंतिम बल्लेबाज बॉश को आउट करके भारत को जीत दिलाई.

कोहली अब टी20 अंतरराष्ट्रीय नहीं खेलते हैं और अगले आठ महीनों में भारत को सिर्फ छह वनडे मैच खेलने हैं इसलिए 36 साल के इस क्रिकेटर के लिए इस प्रारूप का हर मैच अब अहमियत रखता है. उन्होंने अपनी पारी से चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को याद दिलाया कि वह इस प्रारूप में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बने हुए हैं.

रोहित के पास भी खुद को साबित करने का एक शानदार मंच था. उन्होंने एक रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाया और मार्को यानसन की गेंद पर पगबाधा होने से पहले अर्धशतक ही बना सके.

क्रिकेट प्रेमी कोहली और रोहित की बड़ी पारी खेलने के लिए बेकरार हैं और दोनों के बीच 136 रन की भागीदारी इन दोनों खिलाड़ियों का ही आत्मविश्वास नहीं बढ़ाएगी बल्कि टीम प्रबंधन को भी भरोसा देगी कि वे अब भी बड़े मंच के स्टार हैं और भारत के लिए अभी और खेल सकते हैं.

पिच सपाट थी लेकिन दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने भी सही लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी नहीं की. यानसन के अलावा नांद्रे बर्गर, कॉर्बिन बॉश और ओटनील बार्टमैन ने दो दो विकेट झटके.

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (18 रन) बर्गर की गेंद पर बल्ला छुआकर आउट हो गए जिसके बाद कोहली क्रीज पर उतरे. रांची के दर्शकों को रोहित-कोहली (रो-को) की जोड़ी से जैसे प्रदर्शन की उम्मीद थी, उन्होंने वैसा ही खेल दिखाया.

रोहित को बर्गर की गेंद पर टोनी डी जोर्जी ने कैच छोड़कर जीवनदान दे दिया और इस बल्लेबाज ने इसका फायदा उठाते हुए यानसन और बॉश के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगा दीं.

उन्होंने यानसन पर पांच गेंद के अंदर दो बाउंड्री लगाईं और बॉश की अंदर आती गेंदों को आसानी से फ्लिक किया और शॉर्ट गेंदों को पुल किया. कोहली शानदार फॉर्म में दिख रहे थे और उन्होंने बर्गर की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से छक्का मारकर अपने इरादे स्पष्ट किए. इसके बाद उन्होंने एक शानदार कवर ड्राइव लगाया.

दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की लाइन एवं लेंथ में हुई गलती का फायदा उठाते हुए तेजी से रन बनाए जिससे कार्यवाहक कप्तान एडन मारक्रम को ऑफस्पिनर प्रेनलन सुब्रयन को मैदान में उतारना पड़ा, लेकिन रन गति में कमी नहीं हुई.

कोहली ने बॉश की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि रोहित ने एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया. जिससे भारत ने जल्दी ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया. यानसन ने आखिरकार रोहित को पगबाधा आउट किया. इससे भारत की रन गति थोड़ी देर के लिए धीमी हुई.

रुतुराज गायकवाड़ (08) और पांचवें नंबर पर उतारे गए वाशिंगटन सुंदर जल्दी जल्दी आउट हो गए, लेकिन कोहली डटे रहे. उनके शतक पूरा करने के तुरंत बाद एक प्रशंसक सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अंदर आ गया, वह घुटने के बल उनके सामने बैठ गया और उनके पैर छुए जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर किया.

राहुल (60 रन) स्पिनर सुब्रयन पर शॉट लगाने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो कोहली ने इस गेंदबाज पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 21 रन बनाए. 2027 विश्व कप में अभी कुछ समय है लेकिन कोहली ने सबको याद दिला दिया कि उनकी लय बरकरार है और उनकी रनों की भूख हमेशा की तरह बरकरार है.

टेस्ट श्रृंखला में 2-0 की जीत से आत्मविश्वास से भरी दक्षिण अफ्रीका की लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरूआत भले ही खराब हुई लेकिन टीम के मध्यक्रम और निचलेक्रम ने संयमित बल्लेबाजी की.

भारत ने गेंदबाजी में स्वप्निल शुरूआत करते हुए दक्षिण अफ्रीका के 11 रन पर तीन विकेट झटक लिए.

हर्षित राणा ने दूसरे ओवर में रेयान रिकल्टन और विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को आउट किया. दोनों खाता भी नहीं खोल सके. फिर अर्शदीप सिंह ने कार्यवाहक कप्तान एडन मारक्रम (07) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 11 रन कर दिया.

इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके (53 रन) और टोनी डीजॉर्जी (39 रन) ने मिलकर पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 66 रन जोड़े. कुलदीप यादव ने 15वें ओवर में डीजॉर्जी को पगबाधा आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया.

डेवाल्ड ब्रेविस (37 रन) ने फिर ब्रीट्जके के साथ मिलकर स्कोर 150 रन तक पहुंचाया लेकिन वह हर्षित राणा का तीसरा शिकार बन गए.

मार्को यानसन ने आते ही हर्षित की यॉर्कर पर चौका जड़ा. फिर कुलदीप पर लगातार दो चौके जमाने के बाद मिडविकेट पर छक्का जड़ दिया. यानसन ने प्रसिद्ध कृष्णा पर लगातार छक्के जड़े. फिर जल्द ही 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे.

यानसन और ब्रीट्जके ने छठे विकेट के लिए 69 गेंद में 97 रन की भागीदारी निभाई. कुलदीप ने फिर एक ही ओवर में यानसन और ब्रीट्जके को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को दोहरे झटके दिए.

इसके बाद आउट होने वाले अंतिम खिलाड़ी बॉश ने 51 गेंद में पांच चौके और चार छक्के से 67 रन बनाए.