Home Blog Page 135

Health Tips:सर्दियों में ज्यादा नमकीन और तला-भुना खाने से बढ़ सकती हैं कई परेशानियां, जानें अधिक नमक सेवन से होने वाले नुकसान

सर्दियों के शुरू होते ही लोगों को अक्सर बाहर का खाना खाने का मन करने लगता है, जिसमें नमकीन पकवान जैसे मठरी, चिप्स, समोसे, गर्म गर्म पकोड़े आदि तला-भुना और नमकीन चीजें शामिल हैं. अगर आप भी ज्यादातर दुकानों और होटलों का खाना खाते हैं तो यह आपकी सेहत के लिए काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है, जिससे आपको कई बीमारियां होने का खतरा रहता है.

आज के समय में लोग स्ट्रीट फूड की तरह-तरह के खाने के बहुत शौकीन हो रहे हैं, जिसमें अक्सर नमकीन और तला हुआ खाना होता है जो आपकी हार्ट हेल्थ और किडनी पर गंभीर असर डाल सकता है. क्योंकि सर्दियों के समय हम शारीरिक काम थोड़ा कम कर देते हैं, जिससे हमारा मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है. आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ही मानते हैं कि ज्यादा नमकीन खाना खाने से हमारी सेहत पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है.

ज्यादा नमक खाने के नुकसान

हड्डियों की कमजोरी

नमक भारतीय किचन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे हम रोज खाते हैं, लेकिन आपको पता है ज्यादा नमक खाने से हमारी हड्डियां कमजोर होती हैं क्योंकि ज्यादा नमक की मात्रा से शरीर में कैल्शियम की कमी होती है, जो हड्डियों की मजबूती के लिए सही नहीं है.

किडनी खराब

खाने में ज्यादा नमक की मात्रा होने से हमारी किडनी पर गंभीर असर देखने को मिलता है, जिससे किडनी के काम करने की क्षमता धीमी हो जाती है. क्योंकि इंसानी किडनी को सोडियम को फिल्टर करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इसलिए अगर आप रोज अपने खाने में ज्यादा नमक डालते हैं, तो ये आपकी किडनी हेल्थ के लिए हानिकारक है.

त्वचा खराब होना

सर्दियों में हमारी त्वचा सूखी और बेजान रहती है. ज्यादा नमक खाने से शरीर में पानी का संतुलन बिगड़ता है और स्किन और ज्यादा ड्राई हो सकती है. इससे चेहरा बेजान लगता है और चेहरे पर झुर्रियां जल्दी दिखने लगती हैं.

ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा

नमक ज्यादा लेने से आपके हार्ट पर असर पड़ता है, जिससे हाई बीपी की समस्या हो सकती है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सोडियम खून में पानी की मात्रा बढ़ा देता है, जिससे कोशिकाओं पर दबाव बढ़ता है.

वजन बढ़ना

ठंड में बाहर का तला-भुना खाना जैसे पकोड़े, समोसे, चाट ज्यादा खाया जाता है. इनमें नमक भी अधिक होता है और सर्दियों में शारीरिक मेहनत कम होने के कारण वजन बढ़ सकता है.

पानी रुकने की समस्या

सर्दी के मौसम में प्यास कम लगती है. ऐसे में ज्यादा नमक खाने से शरीर में पानी रुकने लगता है, जिससे चेहरे, हाथों और पैरों पर सूजन दिखाई देने लगती है.

दिसंबर में सिर्फ 10 हजार में करें इन 3 बेहतरीन स्थानों की सैर, बजट-फ्रेंडली ट्रिप का बनाएं शानदार प्लान

आज के समय में लोगों के पास खुद के लिए समय नहीं होता है। काम का प्रेशर इतना अधिक होता है कि वह खुद को सुकून देने के लिए बाहर कहीं घूमने की योजना बनाते हैं। वहीं अब घूमना फिरना सिर्फ शौक नहीं बल्कि जिंदगी की भागदौड़ में अपने आप को फिर से फ्रेश करने का तरीका बनता जा रहा है। लेकिन हर किसी के पास इतना पैसा नहीं है कि वह हर महीने ट्रिप प्लान कर सकें। इसलिए कुछ लोग पहले पैसे इकट्ठे करते हैं और फिर घूमने का प्लान बनाते हैं। कम बजट में घूमने वाले लोगों के लिए 10,000 रुपए भी बहुत अधिक होते हैं। इसलिए आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपके लिए कुछ ट्रैवल लिस्ट लेकर आए हैं। ऐसे में अगर आप भी इन जगहों पर जाने का प्लान बनाती हैं, तो आसानी से कम बजट में आराम से घूम सकेंगी।

कसौल

दिल्ली से पहले भुंतर और फिर कसोल की बस लें। सर्दियों में बर्फीली घाटियां और सुकून वाली जगहें ढूंढ रहे लोगों के लिए बेस्ट जगह है। फ्रेंड्स, परिवार और कपल्स के लिए यह अच्छी है। यहां आने के लिए रात में बस लें, जिससे होटल का एक दिन का किराया बच सके। आप गेस्ट हाउस या होमस्टे में रात गुजार सकते हैं। आप कम खर्चे के लिए लोकल ढाबों और स्टॉस से खाना खाएं। निकलने से पहले वॉटर बॉटल, स्नैक्स और पावर बैंक रखना न भूलें।

नैनीताल

नैनीताल जाने के लिए आप दिल्ली से हल्द्वानी या काठगोदाम के लिए बस पकड़ें। इसके बाद नैनीताल पहुंचे। कपल्स के लिए नैनीताल एक परफेक्ट लोकेशन माना जाता है। हालांकि अगर आप बजट का ध्यान नहीं रखेंगी, तो अधिक खर्च हो सकता है। यहां का मौसम ठंडा होता है। नैनीताल में पहाड़, झीले, हरा-भरा वातावरण और शांत वातावरण इस जगह को खास बनाती हैं। आपको यहां पर बस से आना सस्ता पड़ेगा। आप नाइट बस लें, जिससे कि एक दिन का होटल का किराया बच सके। वहीं नैनी झील में बोटिंग कर सकती हैं। लेकिन प्रयास करें कि एक्टिविटी पर अधिक खर्च न करें। यहां के नजारे का और वातावरण का आनंद उठाएं। क्योंकि अलग-अलग एक्टिविटी पर अधिक खर्च हो सकता है।

ऋषिकेश

आप दिल्ली से ऋषिकेश के लिए सीधा बस पकड़ सकती हैं। आप 10 हजार के बजट में आराम से ऋषिकेश को एक्सप्लोर कर सकते हैं। हालांकि यहां पर भीड़ काफी होती है। एक रात के लिए 800-900 रुपए में होटल मिल जाएगा। वहीं जो लोग सस्ती में अच्छी जगह को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो ऋषिकेश आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। यहां पर आप आरती, घाट और शाम को सुकून के लिए गंगा किनारे आराम से घूम सकती हैं।

पाकिस्तान के लाहौर में 25 साल बाद पतंगबाज़ी की अनुमति, जानें आखिर किस कारण लगा था बैन्।

लगभग ढाई दशक बाद पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पतंगबाजी की वापसी हो गई है. सरकार ने बसंत उत्सव पर पतंग उड़ाने की अनुमति दे दी है, लेकिन इसके लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं. पंजाब के गवर्नर सरदार सलीम हैदर ने इस आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. इस फैसले के बाद पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा फिर से जीवंत होने की उम्मीद है.

नियमों के साथ मिली अनुमति
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब पतंगबाजी की जा सकती है, लेकिन केवल तय नियमों और सुरक्षा मानकों के तहत. यह कदम संस्कृति को बचाने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है. अगर कोई व्यक्ति कानून तोड़ता है, तो उसे भारी सजा का सामना करना पड़ेगा. नए कानून के अनुसार नियम तोड़ने वालों को कम से कम तीन साल और अधिकतम पांच साल तक की जेल हो सकती है. इसके साथ ही दो मिलियन रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है. पुलिस को संदिग्ध स्थानों और घरों की तलाशी लेने की अनुमति भी दी गई है और इस कानून में दर्ज मामले जमानती नहीं होंगे.

खतरनाक मांझे पर पूरी तरह रोक
सरकार ने केवल साधारण धागे का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है. धातु वाली डोर, केमिकल से लेपित धागा, कांच या ब्लेड जैसी धार वाला मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है. ऐसे धागे का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.

बच्चों के लिए भी नियम
18 साल से कम उम्र के बच्चों को पतंग उड़ाने की अनुमति नहीं होगी. अगर कोई नाबालिग पहली बार पतंग उड़ाता पकड़ा गया, तो उस पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और दूसरी बार नियम तोड़ने पर जुर्माना बढ़कर 1 लाख रुपये हो जाएगा. अगर भुगतान नहीं किया गया तो बच्चे के अभिभावक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

QR कोड से होगी निगरानी
सरकार ने पतंगबाजी को नियंत्रित तरीके से करने के लिए पंजीकरण प्रणाली लागू की है. पतंग बेचने वाले और मांझा बनाने वाले सभी दुकानदारों को सरकार के साथ रजिस्टर्ड होना पड़ेगा. हर पतंग और संबंधित दुकान पर QR कोड होगा ताकि नियमों की निगरानी की जा सके. इसके अलावा, पतंग उड़ाने वाले क्लबों को भी डिप्टी कमिश्नर के ऑफिस में पंजीकरण कराना होगा.सरकार ने यह भी कहा है कि नियम तोड़ने वालों की शिकायत करने वालों को प्रोत्साहन देने की व्यवस्था भी की जाएगी.

Sports News:भारत–दक्षिण अफ्रीका रायपुर मुकाबले में बने 7 नए बड़े रिकॉर्ड, दूसरा वनडे हुआ इतिहास में दर्ज

रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को 4 विकेट से हरा दिया है. दक्षिण अफ्रीका भारत के खिलाफ ODI क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज करने वाली टीम बन गई है. इस मुकाबले में विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़ और एडन मार्करम ने शतक लगाया. इस मुकाबले में चेजिंग रिकॉर्ड से लेकर खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत रूप से नए कीर्तिमान स्थापित किए. यहां देखिए उन 7 बड़े रिकॉर्ड्स की लिस्ट, जो भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे मैच में बने.

भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे में बने 7 रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज- दक्षिण अफ्रीका ने ODI क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड बना दिया है. 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने भी भारत के खिलाफ 359 रनों का टारगेट चेज किया था. अब रायपुर में दक्षिण अफ्रीका ने भी भारत के खिलाफ 359 रनों का रिकॉर्ड चेज कर दिया है.

11 बार लगातार वनडे पारियों में शतक- विराट कोहली ने दूसरे वनडे मैच में 102 रन बनाए. इससे पहले रांची में खेले गए पहले वनडे में भी उन्होंने 135 रनों की शतकीय पारी खेली थी. ये विराट के ODI करियर में 11वां मौका है, जब उन्होंने लगातार 2 या उससे ज्यादा पारियों में शतक लगाया हो.

नंबर-3 पर ODI में सबसे ज्यादा शतक- वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. रायपुर में उन्होंने तीसरे क्रम पर बैटिंग करते हुए 46वां शतक लगाया. उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए ODI में 45 शतक लगाए थे.

34 अलग-अलग जगहों पर ODI शतक- रायपुर ऐसी 34वीं जगह है, जहां विराट कोहली ने ODI शतक लगाया है. उन्होंने 34 अलग-अलग जगहों पर वनडे सेंचुरी लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा सबसे तेज शतक- ऋतुराज गायकवाड़ ने ODI में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा सबसे तेज शतक लगा दिया है. उन्होंने 77 गेंदों में अपने वनडे करियर का पहला शतक पूरा किया. भारत के लिए ODI में अफ्रीका के खिलाफ सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड यूसुफ पठान (68 गेंद) के नाम है.

भारत के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी पार्टनरशिप- दूसरे वनडे मैच में विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच 195 रनों की साझेदारी हुई. यह ODI में किसी भारतीय जोड़ी की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. कोहली-गायकवाड़ ने सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक की 194 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा.

एक भारत-दक्षिण अफ्रीका ODI मैच में सबसे ज्यादा शतक- रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़ और एडन मार्करम ने शतक लगाया. इससे पहले 2001 और 2015 में भी ऐसे दो मौके आए हैं, जब भारत-दक्षिण अफ्रीका ODI मैच में 3 बल्लेबाजों ने शतक लगाया हो. 2001 में सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर और गैरी कर्स्टन ने सेंचुरी लगाई थी. वहीं 2015 में क्विंटन डी कॉक, एबी डिविलियर्स और फाफ डु प्लेसिस ने एक ही मैच में शतक लगाया था.

‘धुरंधर’ बनी रणवीर सिंह की पहली A रेटेड फिल्म—सेंसर बोर्ड ने महत्वपूर्ण संशोधन किए, जानें पूरी फिल्म की अवधि।

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की गैंगस्टर-एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज के लिए तैयार है. फिल्म 5 दिसंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है. इससे पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेशन देकर पास कर दिया है. सीबीएफसी ने ‘धुरंधर’ में कुछ कट्स लगाए हैं और साथ ही मेकर्स को अहम बदलाव करने के भी निर्देश दिए हैं. साढ़े 3 घंटे से ज्यादा रनटाइम के साथ ‘धुरंधर’ पिछले 17 सालों में रिलीज हुई सबसे लंबी फिल्म भी बन गई है.

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक सेंसर बोर्ड से ‘धुरंधर’ को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है. रणवीर सिंह ने 2010 में ‘बैंड बाजा बारात’ से डेब्यू किया था और अपने 15 सालों के करियर में उन्होंने 16 फिल्मों में काम किया. लेकिन आज तक उनकी किसी फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट नहीं मिला. यानी ‘धुरंधर’ एक्टर के करियर की पहली ऐसी फिल्म है जिसे एडल्ट रेटिंग मिली है.

‘धुरंधर’ में सीबीएफसी ने किए अहम बदलाव

    • उन्होंने मेकर्स से फिल्म में हिंदी डिस्क्लेमर के लिए वॉयसओवर जोड़ने के लिए कहा है.
    • वॉयसओवर डिस्कलेमर के साथ मेल खा सके इसके लिए डिस्क्लेमर का रनटाइम भी बढ़ा दिया गया है.
    • ‘धुरंधर’ पर सेंसर बोर्ड ने कई कट्स लगाए हैं. फिल्म की शुरुआत में वॉयलेंस सीन्स को बदल दिया गया है.
    • सीबीएफसी ने वॉयलेंस सीन्स को कम करने के लिए कहा है और फिल्म के आखिर में एक अपशब्द को म्यूट कर दिया गया है.
    • फिल्म में एक मंत्री के किरदार का नाम भी बदल गया है.
    • जिन सीन्स में कैरेक्टर नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं उनमें एंटी-ड्रग्स और एंटी स्मोकिंग स्टैटिक जोड़ने के लिए कहा गया है.

‘धुरंधर’ का रनटाइम
‘धुरंधर’ के रनटाइम की बात करें तो रणवीर सिंह की फिल्म 3 घंटे, 34 मिनट और 1 सेकंड (214.01 मिनट) लंबी होगी. इसी के साथ ये 17 सालों में रिलीज हुई सभी फिल्मों में सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म होगी. इससे पहले साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘जोधा अकबर’ 214 मिनट लंबी थी.