Home Blog Page 1349

विश्व के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 63 भारत के, यह समय प्रदूषण के खिलाफ एकजुट होने का – डॉ. राजेश्वर सिंह

  • सरोजनीनगर विधायक ने जताई पर्यावरण प्रदूषण पर चिंता, कहा समाधान के लिए साथ आने की जरूरत
  • सरोजनीनगर विधायक ने ट्विटर पर लिखा पोस्ट: प्रदूषण को लेकर प्रस्तुत किए डराने वाले आंकड़े
  • डॉ०राजेश्वर सिंह ने कहा आने वाली पीढ़ी को दें रहने लायक धरती
  • साथ ही उन्होंने कहा कि झीलों, तालाबों को गोद लेकर उनके संरक्षण को आरडब्लूए आएं आगे

लखनऊ: सरोजनीनगर विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह को देश और समाज के हित से जुड़े ज्वलंत विषयों को मजबूत आंकड़ों के रखने और प्रभावशाली समाधान प्रस्तुत करने के लिए जाना जाता है। मंगलवार को डॉ. सिंह ने पर्यावरणीय प्रदूषण की तरफ सभी का ध्यान आकृष्ट किया। विधायक ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) एकाउंट से आंकड़ों के साथ प्राकृतिक प्रदूषण के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए प्राकृतिक संतुलन को बचाने के लिए सभी को साथ आने और मजबूत पहल करने की अपील की।

विधायक ने वायु प्रदूषण की गंभीरता को आंकड़ों के साथ प्रस्तुत करते हुए अपने ट्विटर पर लिखा कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 63 शहर भारत में स्थित हैं, जिनमें देश की राजधानी नई दिल्ली भी शामिल है।

जल प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. सिंह ने लिखा कि जल प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय है, जिसके कारण धरती के ऊपरी हिस्से में स्थित 70% जल किसी भी रूप में उपयोग योग्य नहीं रह गया है। 2030 तक भारत के 21 प्रमुख शहरों को भूजल की कमी का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए देश में स्थायी जल प्रबंधन के लिए रणनीति बनाने की तत्काल आवश्यकता है।

सरोजनीनगर विधायक ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा कि शहरों में ठोस अपशिष्ट उत्पादन बढ़ रहा है, जो वर्तमान में प्रतिवर्ष 277 मिलियन टन तक पहुंच गया है। इसी तरह, प्लास्टिक कचरा एक बड़ा ख़तरा है, प्रतिदिन नदियों में 25,000 टन प्लास्टिक कचरा बहाया जा रहा है, जिसने पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती प्रस्तुत की है।

जैव विविधता को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने लिखा कि जैव विविधता वाले 90% हॉटस्पॉट अपने अस्तित्व को बचाने का संघर्ष कर रहे हैं, जहां की करीब 12% प्रजातियों पर विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है, डॉ. सिंह ने आशा व्यक्त करते हुए लिखा कि इन पारिस्थितिक तंत्रों को संरक्षित और संरक्षित करने के प्रयासों से महत्वपूर्ण सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। वनीकरण और टिकाऊ वन प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार द्वारा किए गए ठोस प्रयास इन नुकसानों को कम करने और हमारे प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को बहाल करने में मदद कर सकते हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने इन तमाम चुनौतियों के बाद भी सकारात्मक बदलाव को लेकर आशान्वित हैं, उन्होंने सरकार की नीतियों पर भरोसा व्यक्त करते हुए आगे लिखा कि सरकार की पहल, जैसे सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध और 100 शहरों में अपशिष्ट प्रबंधन को स्मार्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रणालियों में परिवर्तित करना, पर्यावरण संबंधित चुनौतियों सामना करने की दिशा में सराहनीय पहल हैं।

पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से आह्वान करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने आगे लिखा कि आइए हम अपनी सरकार का समर्थन करें और इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई के लिए एक राष्ट्र और वैश्विक नागरिक के रूप में एकजुट हों। नवीकरणीय ऊर्जा में निवेश करके और प्रकृति संरक्षण प्रयासों को प्राथमिकता देकर, हम अपने लिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उज्जवल एवं समावेशी भविष्य का निर्माण सकते हैं।

पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में आमजन की भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए, डॉ. राजेश्वर सिंह ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों से तालाबों और झीलों को संरक्षित करने के लिए उन्हें गोद लेने और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। हाल ही में, डॉ. सिंह ने सरोजनीनगर के आरडब्ल्यूए को पुस्तकालय दान करने की पहल भी शुरू की, जिसकी शुरुआत भागीरथी एन्क्लेव से हुई। उन्होंने कहा, “अच्छी किताब से बेहतर, दूसरा कोई दोस्त कोई नहीं है। सभी आरडब्ल्यूए के पास एक अच्छी लाइब्रेरी होनी चाहिए और मैं सरोजनीनगर के सभी 104 आरडब्ल्यूएस में लाइब्रेरी स्थापित कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं, जिनमें विवेकानंद द्वारा लिखित चिंतन करो चिंता नहीं जैसी किताबें, आरके नारायण द्वारा नानी की कहानी, अमीश त्रिपाठी द्वारा राम – स्कोन ऑफ़ इक्ष्वाकु, सचिन तेंदुलकर द्वारा प्लेइंग इट माई वे, आदि और भी बहुत कुछ रहेगा जो सोने से भी अधिक मूल्यवान हैं”।

सीएम योगी ने रामनवमी पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रामनवमी के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। आज यहां जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रामनवमी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव है। रामनवमी के पर्व के साथ ही चैत्र नवरात्रि का पूजन भी सम्पन्न होता है।

सीएम योगी ने कहा कि भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनका सम्पूर्ण जीवन हमें भारतीय संस्कृति के उदात्त गुणों-श्रद्धा, भक्ति, शक्ति, शान्ति, शील तथा सदाचार की प्रेरणा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत करता है। उनका जीवन चरित्र आदर्श जीवन के साथ ही आचरण की शुद्धता के लिए प्रेरित करता है। मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी को त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है। उनके महान चरित्र की उच्च वृत्तियां जन मानस को शान्ति और आनन्द प्रदान करती हैं। उनके चरित्र में पग-पग पर मर्यादा, त्याग, प्रेम और लोक व्यवहार के दर्शन होते हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के संदेशों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का अवसर है। उत्तर प्रदेश के लिये यह अत्यन्त गौरवपूर्ण है कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या यहीं पर है। प्रत्येक वर्ष रामनवमी के अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां आते हैं। रामनवमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम के जन्म को श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाने के साथ ही, हमें इस तथ्य का भी बोध होना चाहिए कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने की आवश्यकता है।

योगी के सामने बोला सहारनपुर, अबकी पार-400 पार

  • सीएम योगी ने सहारनपुर से भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल के लिए किया रोड शो
  • पूरे रास्ते जयश्री राम की गूंज, बजे गीत- यूपी में फिर से हम भगवा लहराएंगे
  • सड़क के दोनों तरफ रही भारी भीड़, सीएम योगी की झलक पाने को बेताब दिखा सहारनपुर

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो में उत्साहित सहारनपुर ने उनके सामने बोला- अबकी बार 400 पार। 19 को मतदान केंद्र जाएंगे, इस बार भाजपा का कमल खिलाएंगे।

रोड शो के पूरे रास्ते में जयश्री राम की गूंज रही। एक ही नारा-एक ही नाम, जय श्रीराम-जयश्रीराम के नारे सड़कों पर सुनाई देते मिले। जो राम को लाएं हैं, हम उनको लाएंगे, यूपी में फिर से हम भगवा लहराएंगे गीत पर लोगों का उमंग देखते ही बन रहा था।

युवा, महिलाएं, बुजुर्ग व बच्चों ने योगी आदित्यनाथ का जोरदार अभिवादन किया। वहीं सड़कों के दोनों तरफ काफी भीड़ रही। भगत सिंह चौक से प्रारंभ हुए रोड शो में योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने को पूरा सहारनपुर बेताब दिखा। हर तरफ सिर्फ कमल ही कमल का झंडा फहराता रहा।

आम जनमानस ने मोदी-योगी का कटआउट लेकर जोरदार स्वागत भी किया। सड़कों के दोनों पर ओर खड़े लोगों ने योगी पर पुष्पवर्षा की तो कॉम्प्लेक्स की छतों पर खड़े लोगों ने सीएम योगी का अभिवादन भी किया।

इस दौरान सहारनपुर से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री ब्रजेश सिंह, जसवंत सैनी आदि भी शामिल रहे।

श्रीरामनवमी: यूपी विधान परिषद के सभापति ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

  • उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सभापति कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने समस्त प्रदेश वासियों को दी श्रीरामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सभापति कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने राम नवमी के पावन अवसर पर समस्त प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम भारत के सनातन धर्म एवं सनातन संस्कृति के केन्द्रबिन्दु हैं। सृष्टि के कण-कण में व्याप्त प्रभु श्री राम के उच्चादर्शो से भारतीय संस्कृति समृद्धिशाली एवं गौरवान्वित है।

अस्तु चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के अवतरण दिवस के सुअवसर पर उन्होंने एक बार पुनः कोटिशः बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।

कैराना में पलायन को मजबूर करने वालों का धरती से पलायन कराया: सीएम योगी

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को सम्बोधित किया
  • सीएम योगी ने कहा अब कोई कैराना से पलायन नहीं करेगा

शामली: देश में जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छे निर्णय लेती है। वहीं कांग्रेस ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह का अपमान किया है। समाजवादी पार्टी इससे भी आगे है, वह माफियाओं और अपराधियों के मरने पर फातिहा पढ़ने जाते हैं। आप अपने वोट से उनके फातिहा पढ़ा दीजिये, जो उनको सही जगह पहुंचा देगा। कैरानावासियों को जिन लोगों ने पलायन के लिए मजबूर किया था, आज हमने उनका धरती से पलायन कर दिया है। अब यहां पर कोई पलायन नहीं करा सकता है। हम यहां की पहचान से किसी को खिलवाड़ करने की छूट नहीं दे सकते हैं। आज देश में वातावरण बदला है। प्रभु रामलला अपने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हो गये हैं जबकि कांग्रेस और सपा उनके अयोध्या में पैदा होने का प्रमाण मांगती है। हम सुबह उठने से लेकर सोने तक राम-राम कहते हैं, यही हमारा प्रमाण है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कैराना लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने कैराना लोकसभा क्षेत्र के बीजेपी और राष्ट्रीय लोकदल के संयुक्त लोकसभा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के पक्ष में वोट देने की अपील की।

अब प्रदेश में कभी कर्फ्यू नहीं लगेगा जबकि हर साल कावड़ यात्रा धूमधाम से निकलेगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में कभी कर्फ्यू नहीं लगेगा जबकि हर साल कावड़ यात्रा धूमधाम से निकलेगी। पहले शामली और कैराना में बेटियां अपने मां-बाप से दूर पढ़ाई के लिए जाने को मजबूर थी, लेकिन आज वह यहीं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में टॉप करती हैं। मैं उन्हें कई बार सम्मान भी कर चुका हूं। आज शामली और कैराना में चहल-पहल देखने को मिल रही है।

यहां जगह-जगह पर मॉल, व्यापारिक परिसर, चौड़ी सड़कें, नये भवन और थानों को निर्माण हो रहा है, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश विकास का एक नया संदेश दे रहा है। पहले मेरठ से दिल्ली जाने में 4 से 5 घंटे लगते थे, आज मात्र 45 मिनट में दूरी तय की जा रही है। मेरठ में रैपिड रेल के ट्रैक का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। यहां पर पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बन रही है। आज यहां की बेटियां ओलंपिक में पदक जीत रही हैं और देश का गौरव बढ़ा रही हैं। वह कहती हैं कि उन्होंने चीन को पछाड़ा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से संभव हो पा रहा है क्योंकि देश में गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी को दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में सब कुछ अच्छा-अच्छा दिखाई दे रहा। वहीं पहले महीनों कर्फ्यू लगता था, बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। आज इसके उल्ट देखने को मिल रहा है।

गन्ना किसानों को बनाएंगे चीनी मिल का मालिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अन्नदाता किसान आज बेहिचक राम-राम बोलने के साथ अपराधियों का राम नाम सत्य भी बोल रहा है क्योंकि उन्हें सुरक्षा और समृद्धि मिल रही है। अब तक गन्ना किसानों को ढाई लाख करोड़ रुपए का गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है। वहीं शामली की दो-तीन चीनी मिलों में समस्या है। उन्हें कहा गया है कि गन्ना किसानों की पाई पाई चुकता नहीं हुई तो चीनी मिल का मालिक किसान को बना देंगे।

सीएम योगी ने कहा कि हमे सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि विरोधी कहीं सेंध लगा करके आपकी निश्चिंतता का लाभ न उठा लें। ऐसे में हमें अपने एक-एक वोट की कीमत को समझना है और वोटिंग के दिन बूथ पर जाकर इसका इस्तेमाल करना है। लोकतंत्र में आपको एक अधिकार दिया गया है। उसी का नतीजा है कि आज देश और शामली में विकास का बदलाव देखने को मिल रहा है। इसे आगे भी जारी रखना है, इसके लिए आपको जागरुक होना होगा। कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र आदि शामिल हुए।