Home Blog Page 1055

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत एसएलएससी की बैठक आयोजित

  • मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एसएलएससी की 35 वीं बैठक आयोजित
  • बैठक में 2023-24 की विभागवार समीक्षा की गई
  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जनपदों में धान की खेती के प्रतिस्थापन कार्यक्रमों हेतु 30.00 करोड़ रूपए अनुमोदित
  • एटा, कासगंज एवं फर्रुखाबाद जनपदों में तम्बाकू की खेती के प्रतिस्थापन के कार्यक्रमों हेतु 3.55 करोड़ रूपए अनुमोदित

लखनऊ : मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति (एसएलएससी) की 35वीं बैठक आयोजित हुई।
बैठक में मुख्य सचिव द्वारा गत वर्ष 2023-24 की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गयी। योजना की गत वर्ष की समग्र प्रगति 88 प्रतिशत व्यय पर सन्तोष व्यक्त किया गया, साथ ही औसत प्रगति से कम व्यय करने वाले विभागों को सचेत करते हुए वर्ष 2024-25 की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिये गये।
बैठक आर०के०वी० वाई०-डी०पी०आर० के अन्तर्गत एस०एल०एस०सी० द्वारा अनुमोदित विगत वर्षों की चालू परियोजनाओं (Ongoing) को पूर्ण कराने हेतु 266.06 करोड़ रुपए एवं एस०एल०एस०सी० से अनुमोदित ऐसी परियोजनाएं जिनका क्रियान्वयन अब तक प्रारम्भ नहीं हुआ है, के कार्य प्रारम्भ कराने के लिए 36.09 करोड़ रुपए सहित वर्ष 2024-25 हेतु कुल धनराशि 203.15 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा आर०के०वी०वाई० के ए०ए०पी० घटक स्वायल हेल्थ एण्ड फर्टिलिटी घटक हेतु 32.76 करोड़ रुपए की धनराशि वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत की गई। योजनान्तर्गत 8.26 लाख मृदा नमूनों का परीक्षण कराया जायेगा। बैठक में ग्राम स्तरीय 375 मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की स्थापना कराने पर बल दिया गया।
इसी क्रम में रेनफेड एरिया डेवलेपमेन्ट योजनान्तर्गत प्रदेश के 65 जनपदों में 9127 हे0 में समेकित कृषि पद्धति के विकास हेतु 51.67 करोड़ रुपए की योजना वर्ष 2024-25 हेतु अनुमोदित की गई। परम्परागत कृषि विकास योजना एवं नमामि गंगे योजनान्तर्गत कृषि विभाग एवं यू०पी०डास्प द्वारा गठित 7099 आर्गेनिक क्लस्टरों के अवशेष कार्यों को पूर्ण कराने हेतु 240.68 करोड़ रुपए की योजना अनुमोदित की गई।
इसी प्रकार सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के अन्तर्गत किसानों के लिए उपयोगी कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु 166.67 करोड़ रूपए एवं सी०आर०एम० योजनान्तर्गत पराली प्रबन्धन में उपयोगी कृषि यन्त्रों हेतु 166.67 करोड़ रूपए सहित कुल 333.34 करोड़ रूपए की योजना वर्ष 2024-25 हेतु अनुमोदित की गई। योजनान्तर्गत लाभार्थियों का चयन लाटरी के माध्यम से किया जायेगा।
इसी तरह पर ड्राप मोर क्राप के अन्तर्गत खेत तालाब योजना में 8499 तालाबों के निर्माण हेतु 60.00 करोड़ रूपए एवं माइक्रो इरीगेशन के अन्तर्गत ड्रिप/मिनी/माइक्रो इरीगेशन एवं स्प्रिंकलर सिचाई प्रणाली के विकास पर अनुदान हेतु 656.30 करोड़ रूपए सहित कुल 716.30 करोड़ रूपए की योजना अनुमोदित की गई।
प्रदेश में एग्रोफारेस्ट्री योजनान्तर्गत उच्च गुणवत्तायुक्त पौधरोपड़ सामग्री के उत्पादन हेतु वन विभाग, उद्यान, रेशम तथा बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय-बॉदा द्वारा संचालित संयुक्त कार्यक्रमों हेतु वर्ष 2024-25 में 21.30 करोड़ रूपए की योजना के क्रियान्वयन का अनुमोदन प्रदान किया गया।
क्राप डायवर्सीफिकेशन प्रोग्राम के अन्तर्गत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जनपदों में धान की खेती के प्रतिस्थापन कार्यक्रमों हेतु 30.00 करोड़ रूपए एवं प्रदेश के एटा, कासगंज एवं फर्रुखाबाद जनपदों में तम्बाकू की खेती के प्रतिस्थापन के कार्यक्रमों हेतु 3.55 करोड़ रूपए सहित कुल 33.55 करोड़ रूपए की योजना वर्ष 2024-25 के लिए अनुमोदित की गई। योजनान्तर्गत यू०पी०डास्प की धीमी प्रगति को देखते हुए वर्ष 2024-25 में योजना का क्रियान्वयन कृषि विभाग के माध्यम से कराने के निर्देश दिये गये।
एस०एल०एस०सी० की बैठक में मुख्य सचिव द्वारा निर्देश दिये गये कि समस्त सम्बन्धित विभाग / संस्थाएं अनुमोदित योजनाओं के क्रियान्वयन में लोक सभा चुनावों के दृष्टिगत आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करेंगे। आर०के० वी०वाई० के अन्तर्गत दिनांक 01 अप्रैल, 2024 के अनुसार उपलब्ध अप्रयुक्त धनराशि का व्यय ऑनगोइंग कार्यों एवं लम्बित दायित्वों के भुगतान आदि हेतु तेजी के साथ कराते हुए भारत सरकार के स्तर से केन्द्रॉश की प्रथम किश्त माह मई, 2024 के प्रथम पक्ष में प्राप्त करने के निर्देश दिये गये। बैठक में अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

देवरिया: रेलवे का सीनियर सेक्शन इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार

  • CBI लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच टीम ने संजय कुमार को 20 हज़ार रुपये की घूस लेते किया गिरफ्तार
  • देवरिया ज़िले के सलेमपुर से नार्थ ईस्टर्न रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर है संजय कुमार
  • संजय की गिरफ़्तारी के बाद CBI ने उसके सलेमपुर व गोरखपुर स्थित घर, कार्यालय व अन्य ठिकानो पर छापेमारी की
  • छापेमारी के दौरान निवेश से जुड़े दस्तावेज़ व अन्य कागज़ बरामद हुए
  • गुरूवार को संजय कुमार को लखनऊ की CBI कोर्ट मे किया गया पेश जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया
  • बुलंदशहर के स्याना स्थित चिटसोना अलीपुर निवासी चंद्रवीर सिंह सलेमपुर मे ट्रैक मेन्टेनर-चतुर्थ के पद पर 2 जुलाई 2023 से कार्यरत है
  • 3 अप्रैल को उसका ट्रांसफर मुरादाबाद डिविज़न मे हो गया है और उसे एनओसी भी मिल गयी है
  • सीनियर सेक्शन इंजीनियर संजय कुमार उसे रीलीव करने के एवज मे 50 हज़ार की रिश्वत मांग रहे थे
  • चंद्रवीर ने 12 अप्रैल को इसकी शिकायत CBI के लखनऊ स्थित जोनल मुख्यालय मे की थी
  • CBI ने 16 अप्रैल को केस दर्ज करने के बाद संजय कुमार को 20 हज़ार की घूस लेते गिरफ्तार किया

लोकसभा चुनाव: मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग के माध्यम से की जा रही निगरानी

  • पोलिंग बूथों की निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सेन्ट्रल कमाण्ड सेन्टर/कन्ट्रोल रुम स्थापित
  • प्रथम चरण के मतदान दिवस में 50 प्रतिशत मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग के माध्यम से की जा रही निगरानी

लखनऊ: उत्तरप्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में निर्वाचन के दौरान मतदान दिवसों को 50 प्रतिशत मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की वेबकास्टिंग के माध्यम से सत्त निगरानी करने के लिए कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चतुर्थ तल, विकास भवन, जनपथ, लखनऊ में वेबकास्टिंग के लिए सेन्ट्रल कमाण्ड सेन्टर/कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से 19 अप्रैल, 2024 को प्रदेश के प्रथम चरण की 08 लोकसभा सीटों के लिए हो रहे मतदान के दौरान कम से कम 50 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि उक्त कन्ट्रोल रूम में 30 बड़े टी0वी0 (54 इंच) के माध्यम से प्रथम चरण के बूथों पर लगातार निगरानी की जाएगी। जनपद स्तर पर सभी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग आफीसर के द्वारा भी इसी प्रकार निगरानी किये जाने का प्रावधान किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। वेबकास्टिंग के माध्यम से अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उप निर्वाचन अधिकारी, एन0आई0सी0 के तकनीकी अधिकारीगण तथा लगभग 60 कार्मिकों की टीम प्रदेश के प्रथम चरण के कुल मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के 50 प्रतिशत से भी अधिक मतदेय स्थलों (क्रिटिकल एवं बेलनेरेबल क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों को सम्मिलित करते हुए) की सतत निगरानी करेंगी, जिससे कि किसी भी अवांछित स्थिति में तत्काल कार्यवाही की जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदेय स्थलों की मॉनीटरिंग इस प्रकार की जाएगी कि इस हेतु लगाये गये टी0वी0 स्क्रीन पर नियमित अंतराल पर मतदेय स्थलों की लाईव फीड आती रहेगी। ऐसी सुविधा भी है कि किसी भी विशिष्टि मतदेय स्थल की लाईव स्ट्रीमिंग को तत्काल देखा जा सकता है। साथ ही वेबकास्टिंग वाले सभी मतदेय स्थलों की रिकार्डिंग मॉक पोल की शुरूआत से मतदान की समाप्ति तक सतत् रूप से होती रहेगी।

अखिलेश-राहुल हैं बच्चा, हम हैं उनके चच्चा- ओमप्रकाश राजभर

  • सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर स्थित निराला नगर में भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के समर्थन में ओ.पी.राजभर ने कहा- 4 जून को साकार होगा चार सौ पार वाला एनडीए का संकल्प
  • जनसभा को संबोधित करते हुए मेनका गांधी ने कहा कि जाति-धर्म से नहीं अपने स्वार्थ से चुनें अपना जनप्रतिनिधि

सुल्तानपुर: अखंडनगर के निराला नगर में ओपी राजभर ने बीजेपी प्रत्याशी सांसद मेनका संजय गांधी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए धरातल पर और विपक्ष एसी में बैठकर राजनीति कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून को एनडीए का संकल्प 400 पार साकार होगा। एनडीए गरीबों की पार्टी है।2024 में सरकार बनने पर गरीबों के बिजली का बिल माफ करने की गारंटी हमने भाजपा से ली है। गरीब बच्चों को बेसिक से लेकर उच्च शिक्षा मुफ्त व रोजगारपरक दी जाएगी इसकी भी गारंटी हम देते हैं।

उत्तरप्रदेश सरकार में पंचायतीराज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सुल्तानपुर में विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।अपने संबोधन के दौरान एक तरफ जहां मोदी-योगी के तारीफों का पुल बांधा तो वहीं विपक्ष पर भी जमकर बरसते नजर आए। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में विकास की राजनीति और कानून का राज चलता है। अपराधियों से लेकर उनके घर तक योगी बाबा के बुलडोजर से डरते हैं।

एनडीए यूपी में 80 और टोटल 400 पार करेगी

ओमप्रकाश राजभर ने यूपी में मुसलमान के लिए कहा कि नफरत से कुछ नहीं मिलेगा। हम नफरत की नहीं सबके विकास की राजनीति करते हैं। अपने संबोधन के दौरान मंत्री ओ.पी.राजभर ने कहा कि विपक्षी पार्टी को अपना पर्चा ही दाखिल नहीं करना चाहिए।सब सिर्फ पैसा बर्बाद करते है।भाजपा 80 की 80 सीट जीतेंगी। 4 जून के बाद सभी खाली हाथ वापस लौट जाएंगे क्योंकि इस बार भाजपा 400 पार करने जा रही है।

अखिलेश-राहुल हैं बच्चा, हम हैं उनके चच्चा

वहीं मीडिया से बात करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनो बच्चे हैं. ये क्या और कौन सा कमाल करेंगे, हम उनके चच्चा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी लगातार रैली कर जनता के बीच में हैं। जबकि इंडिया गठबंधन और विपक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर और सोशल मीडिया एक्स पर जनता से वोट मांग रहा है। वहीं सांसद मेनका गांधी ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर की जनसभा से काफी मजबूती मिलेगी। इसके पूर्व सांसद मेनका संजय गांधी ने कादीपुर विधानसभा में एक दर्जन नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब इंडिया गठबंधन बना तब मैंने कहा कुछ लोग सत्कार कुछ लोग हटकर मोदी को पीएम बनाएंगे। नीतीश और जयंत सट गए। ममता व भगवत मान हट गए। अखिलेश भी चाहते हैं कि 2024 में नरेंद्र मोदी पीएम बने। वह हटकर सहयोग कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में मैं नहीं अखिलेश ने बोला था कांग्रेस चालू पार्टी है। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इसके पहले सांसद मेनका संजय गांधी ने कादीपुर विधानसभा में विधायक राजेश गौतम व एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ एक दर्जन नुक्कड़ को संबोधित करते हुए वोट व समर्थन मांगा। उन्होंने कहा भाजपा ने बिना भेदभाव योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया है।

आज विभिन्न कार्यक्रमों में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा,एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राजेश गौतम, सीताराम वर्मा,योगेंद्र प्रताप सिंह,डॉ वेद प्रकाश सिंह,सुभासपा जिलाध्यक्ष अरविन्द राजभर,अमेठी सुभासपा जिलाध्यक्ष सतीश मिश्रा, विजय सिंह रघुवंशी, बासुदेव यादव, श्रवण मिश्रा, बंटी सिंह, आनन्द द्विवेदी,बाबी सिंह, बृजेश वर्मा,मनोज मौर्या, राजेश सिंह,देव नारायण तिवारी,सुनील सोनी, ब्रह्मदेव सिंह‌ आदि मौजूद रहे।

पाकिस्तान की जितनी आबादी, दस वर्ष में उससे अधिक हमारे यहां गरीबी रेखा से उबरेः योगी

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पिलखुआ में की जनसभा
  • सीएम योगी ने गाजियाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व विधायक अतुल गर्ग के लिए कमल का फूल खिलाने की अपील की
  • सीएम योगी ने कहा 10 वर्ष में हुए परिवर्तन के कारण गूंज रहा, फिर एक बार मोदी सरकार
  • योगी बोले- रामनवमी पर पूरा सनातन भारत गौरव से आलोकित हो रहा था

गाजियाबाद: पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी पार 400 पार। यह नारा अकारण ही नहीं गूंज रहा है, बल्कि इसके पीछे देश के अंदर 10 वर्ष में हुआ परिवर्तन है। देश के परिवर्तन का कारण केवल नरेंद्र मोदी हैं। पाकिस्तान की जितनी आबादी है, भारत में उससे अधिक आबादी 10 वर्ष में गरीबी रेखा से मुक्त होकर खुशहाल जीवन यापन कर रही है। उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने गुरुवार को पिलखुआ में जनसभा कर गाजियाबाद से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी व विधायक अतुल गर्ग के लिए कमल का फूल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिलखुआ के हस्तशिल्पियों व कारीगरों ने हैंडलूम के माध्यम से अपने हुनर का लोहा मनवाया।

इस वर्ष के अंत तक मेरठ में शुरू कर देंगे मेट्रो का कार्य

सीएम योगी ने कहा कि यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े कार्य हुए हैं। दिल्ली से मेरठ के बीच 12 लेन का हाइवे बन चुका है। रैपिड रेल का कार्य तेजी से चल रहा है। 2014 में मोदी जी आए थे तो देश के महज पांच शहरों में मेट्रो थी, आज देश के 20 और यूपी के छह शहरों (लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, कानपुर) में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। इस वर्ष के अंत तक मेरठ सिटी में मेट्रो का कार्य प्रारंभ कर देंगे। 2014 में सात एम्स थे, आज 22 एम्स है यानी हर क्षेत्र में कई गुना वृद्धि हुई है। इंफ्रास्ट्रक्चर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

यहां 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा, पाकिस्तान में 22 करोड़ की आबादी भूखों मर रही

सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया। 1947 में पाकिस्तान बना, आबादी से अधिक भूभाग वहां चला गया। आज भारत जहां 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहा है, वहीं पाकिस्तान की 22 करोड़ की आबादी भूखों मरने की स्थिति है। हम यूपी में उपचार के लिए पीड़ित के खाते में सीधे पैसा भेज देते हैं, जिससे उपचार के अभाव में किसी को तड़पना न पड़े।

500 वर्ष बाद रामलला ने अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 500 वर्षों बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। रामनवमी पर अयोध्या धाम में आपने देखा होगा कि सूर्यवंश के शिरोमणि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य की किरणों से कैसे अभिषेक हो रहा था। यह देख पूरा सनातन भारत गौरव से आलोकित हो रहा था। यह क्षण कैसे आया, यह किसी से छिपा नहीं है पर विपक्षी दलों के लोग यह कार्य नहीं कर पाते।

आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश आवश्यक

सीएम योगी ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस ने उप्र को दंगा व कर्फ्यू की चपेट में ला दिया। हर दूसरे दिन दंगा व महीनों कर्फ्यू लगता था। आज धूमधड़ाके के साथ बिना रोकटोक कांवड़ यात्रा निकलती है। अब सुरक्षा का बेहतर माहौल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना के अनुरूप विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर भारत आवश्यक है। आत्मनिर्भर भारत के लिए उत्तर प्रदेश का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। विकसित देश के लिए तीसरी बार मोदी जी को पीएम बनाना है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, योगी सरकार के मंत्री सुनील शर्मा, नरेंद्र कश्यप, विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी, गाजियाबाद से भाजपा उम्मीदवार अतुल गर्ग, हापुड़ भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, विधायक धर्मेश तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर आदि मौजूद रहे।