लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज राज्यमंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी के नेतृत्व में कल दिनांक 14 अगस्त, 2024 को प्रातः 07 बजे परिवर्तन चौक से हजरतगंज चौराहा (अटल चौक) तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस तिरंगा यात्रा/ प्रभात फेरी में जनपद लखनऊ में संचालित मदरसों के लगभग 10,000 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे।
अल्पसंख्यक राज्यमंत्री ने जिलाधिकारी लखनऊ को कल आयोजित होने वाले प्रभातफेरी/तिरंगा यात्रा के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त कार्यक्रम के दौरान निर्धारित मार्ग पर साफ-सफाई एवं पेयजल, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की व्यवस्था उपलब्ध हो।
अल्पसंख्यक राज्यमंत्री ने बताया कि सरकार हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के लोगों में देश प्रेम की भावना को बढ़ावा देना एवं अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना है। इससे लोगों में राष्ट्र के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना बनी रहेगी।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत लखनऊ में विधायक डॉ०राजेश्वर सिंह ने आयोजित की भव्य तिरंगा यात्रा, उपलब्ध कराये 10,000 राष्ट्रीय ध्वज
वन्दे मातरम् नारों के साथ सरोजनीनगर में निकली तिरंगा यात्रा, विधायक का साथ देने पहुंचे भाजपा के दिग्गज
सरोजनीनगर विधायक ने भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन कर लिया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प
इस दौरान डॉ० सिंह ने कहा कि सनातन देश की आत्मा है, यह जितना मजबूत होगा सनातन धर्म उतना मजबूत होगा
उन्होंने कहा कि तिरंगे का हर धागा बलिदान, साहस, संघर्ष और समर्पण की कहानियाँ बुनता है, तिरंगा हमारे अतीत का गौरव, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य का प्रतिबिम्ब
विपक्षी पार्टियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने का कर रहे प्रयास
लखनऊ: अठत्तरवें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश भर में 09 अगस्त से 15 के बीच हर घर तिरंगा अभियान जोर-शोर से मनाया जा रहा है। मंगलवार को भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा भी सरोजनीनगर भव्य तिरंगा यात्रा – 2024 का आयोजन किया गया।
बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और देशभक्ति के रंग में सराबोर जनसैलाब के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के बीच शाम 05:30 बजे हिन्द नगर स्थित पिपलेश्वर हनुमान मंदिर से विधायक की पद यात्रा शुरू हुई। लखनऊ महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा, महानगर भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, हर घर तिरंगा अभियान संयोजक उमेश तिवारी पूरी पदयात्रा के दौरान विधायक के साथ चलते नजर आये।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने यात्रा से पहले पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन भी किया। यात्रा के दौरान सरोजनीनगर विधायक द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत क्षेत्रवासियों को 10,000 राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी उपलब्ध कराये, हिन्द नगर, एलडीए कॉलोनी से विधायक कार्यालय आशियाना तक आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा के लिए क्षेत्र की जनता के बीच अद्वितीय उत्साह देखने को मिला। ढोल, नगाड़े, गाजे, बाजे के साथ युवाओं में जोश जगाते, राष्ट्रभक्ति से ओत – प्रोत गीतों के साथ जहां-जहां से यह तिरंगा यात्रा निकल रही थी वहां-वहां लोग देशभक्ति से सराबोर नारे लगा रहे थे। लोगों का बेइंतहा समर्थन पाकर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह भी भावविभोर दिखे, उन्होंने तिरंगे के रंग में रंगे गुब्बारे भी हवा में छोड़े।
डॉ. राजेश्वर सिंह भी हाथ में तिरंगा थामे लोगों का उत्साहवर्धन करते दिखे। इस दौरान सरोजनीनगर विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले सभी सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और उनके त्याग व बलिदान को स्मरण किया। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ़ एक झंडा नहीं है यह हमारे राष्ट्र की आत्मा है, हमारे तिरंगे का हर धागा बलिदान, साहस, संघर्ष और समर्पण की कहानियाँ बुनता है। सरोजनीनगर भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब देश के प्रति समर्पण का प्रमाण है, तिरंगा हमारे अतीत का गौरव, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य का प्रतिबिम्ब है, इसकी शान को बनाए रखना हम सब का कर्तव्य है। लाखों वीर शहीदों ने कुर्बानी दी तब देश आजाद हुआ, आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं, आज देश में वाइब्रेंट डेमोक्रेसी है, ये वीर शहीदों के बलिदान के कारण है, आज ऐसे वीर जवानों को याद करने का दिन है।
डॉ. सिंह ने कहा आज देश में कई प्रकार की समस्याएँ हैं, जिनसे सबको मिलकर लड़ना है ताकि तिरंगे की शान में कोई कमी न आने पाए, 5 करोड़ घुसपैठिये देश में घुस आये हैं, अवैध धर्मान्तरण देश में बड़ी समस्या है, आने वाली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए, देश को मजबूत बनाने के लिए इन समस्याओं से लड़ना है। मोदी – योगी सरकार प्रतिबद्ध है देश प्रदेश को को प्रगति की नयी ऊँचाइयों पर ले जा रहे हैं, इन समस्याओं के समाधान के लिए हमें उनका हाथ और मजबूत करना है। विधायक ने आगे जोड़ा हम सर्वस्व अर्पण कर देंगे लेकिन तिरंगे की शान कम नहीं पड़ने देंगे, सत्ता की लालच में कांग्रेस, सपा जातिवाद, तुष्टिकरण की राजनीति कर देश को कमजोर करना चाह रही है, विश्व की तमाम ताकतें भारत को आगे नहीं बढ़ने देना चाह रही हैं। ये पार्टियाँ उनके साथ मिलकर देश के खिलाफ षड्यंत्र कर रही हैं, प्रधानमंत्री मोदीके खिलाफ षड्यंत्र कर रही हैं। सबको एकजुट होकर देश और सनातन धर्म को मजबूत करना है, सनातन धर्म देश की आत्मा है, जितना सनातन धर्म मजबूत होगा उतना ही देश मजबूत होगा।
इस दौरान विधायक सरोजनीनगर की पहचान बन चुकी ‘तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई’ के माध्यम से सभी को भोजन भी उपलब्ध कराया गया। विधायक ने तिरंगा यात्रा को भव्य व ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सरोजनीनगर की जनता का आभार व्यक्त किया।
सरोजनीनगर भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान महामंत्री पुष्कर शुक्ला जी, पूर्व ज़िला अध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी जी, ब्लॉक प्रमुख सुनील रावत, बंथरा नगर पंचायत प्रतिनिधि रंजीत रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव, शिव शंकर विश्वकर्मा, विनोद मौर्या, विवेक राजपूत, शिवबक्श सिंह एवं मोहित तिवारी तथा निगम पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, प्रतिभा तिवारी, निर्मला सिंह, सौरभ सिंह ‘मोनू’, राम नरेश रावत, गीता देवी, लवकुश रावत, कमलेश सिंह, हिमांशु अम्बेडकर, के. एन. सिंह बृजमोहन शर्मा, रजनी अवस्थी, द्रौपदी रावत, रमा शंकर त्रिपाठी, गंगाराम अंबेडकर, संजीव मिश्रा, मनीष शुक्ला, अनूप शुक्ला, रजनीश श्रीवास्तव, रश्मि सिंह, नीता दीक्षित, साधना गुप्ता, नेहा सिंह, शिविता गोयल, प्रियंका सिंह एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही।
लखनऊ: शिखा दुर्गेश वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन राजाजीपुरम में किया गया। जिसमें महिलाओं ने हरे रंग के परिधान में प्रतिभाग़ किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के तौर पर सर्वजन हिताय संरक्षण समिति के महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रीना त्रिपाठी व निधी त्रिपाठी उपस्थित रही।कार्यक्रम में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई और उन प्रतियोगिताओं के विजेता को पुरस्कृत किया गया जिसमें डांस प्रतियोगिता में अंजू यादव और शालिनी श्रीवास्तव ने प्रथम अद्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं में विजेता रही स्मिता बाजपेई मीनाक्षी गुप्ता और बिंदु शर्मा को क्रमशः प्रथम द्वितीय व तृतीय विजेता घोषित किया गया। स्मिता वाजपेई को हरियाली क्वीन चुना गया।
कार्यक्रम में सावन के गीत कजरी तथा पुराने गानों की धुन पर महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया और सभी ने तालियों के साथ प्रस्तुतियों का स्वागत किया। शिखा दुर्गेश वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष शिखा मिश्रा तथा उनके सहयोगी रेखा मिश्रा और अर्चना जी ने सभी महिलाओं को रोली तिलक से स्वागत किया और जाते समय आकर्षक तोहफ़े प्रदान किए। शिखा मिश्रा ने बताया कि फाउंडेशन में विभिन्न प्रकार के काम किए जाते हैं जिसमें से एक काम महिलाओं के हित और स्वास्थ्य से संबंधित है और आज सावनके इस मौके पर सावन उत्सव के रूप में महिलाओं ने सोलह सिंगार करके हर परिधान में आयोजन में भाग लिया हम सब मिलकर देश और दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं की प्रकृति से प्रेम करें। यदि हमारे चारों तरफ हरियाली होगी पेड़ होंगे तो जीवन भी हरा भरा रहेगा और महिलाओं के जीवन में हरे रंग का बहुत ही महत्व है जीवन में सुख समृद्धि और संपन्निता का प्रतीक हरा रंग सबके जीवन में खुशियां संपन्निता सुख और शांति लायक इसी की कामना के साथ यह कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
वृद्ध आश्रम के समुचित रखरखाव व कुशल संचालन हेतु समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा समय-समय पर किया जाए निरीक्षण
वृद्धाश्रम में सभी मूलभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं रखी जाए सुदृढ़: डीएम
गौतमबुद्धनगर: जनपद में स्वयंसेवी संस्था जन कल्याण परिषद कानपुर द्वारा दनकौर में संचालित वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्ध जनों को वृद्ध आश्रम में सभी मूलभूत सुविधाएं एवं स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से प्राप्त होती रहे इस उद्देश्य से आज जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में वृद्ध आश्रम संचालन एवं उन्नयन हेतु गठित की गई अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभाग अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के द्वारा समय-समय पर वृद्ध आश्रम में पहुंचकर निरीक्षण किया जाए ताकि वृद्ध आश्रम में दी जाने वाली रहने, खाने तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था बेहतर बनी रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जिलाधिकारी को बैठक में अवगत कराया कि वर्तमान में वृद्ध आश्रम में लगभग 100 वृद्धजन निवास कर रहे हैं, जिन्हें निशुल्क रहने, खाने एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया वृद्ध जनों की सुविधा हेतु वृद्ध आश्रम में कुल 16 कर्मचारी विभिन्न पदों जैसे प्रबंधक, महिला देखभाल, पुरुष देखभाल, माली, नर्स आदि पदों पर कार्य कर रहे हैं।
बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा अपने-अपने सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखें, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आपके द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार कर क्रियान्वन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने वृद्ध आश्रम की प्रबंधक से वृद्ध आश्रम के संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि वृद्ध आश्रम में रहने वाले सभी संवासियों को रहने खाने एवं सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से प्राप्त होती रहे, इसकी आप अपने स्तर से निरंतर मॉनिटरिंग करेंगी। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, वृद्ध आश्रम प्रबंधक निशा सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
मंत्री नन्दी ने पिकप भवन लखनऊ में प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लिए हुई प्रगति की समीक्षा की
उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है योगी सरकार
मंत्री नन्दी ने निर्धारित लक्ष्य की हर महीने समीक्षा के दिए निर्देश
डिलाइट इंडिया द्वारा उत्तर प्रदेश की इकोनॉमी को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने की योजना पर किया गया प्रस्तुतिकरण
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं प्रगति की समीक्षा की। पिकप भवन में आयोजित बैठक में मंत्री नन्दी ने सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को लैंड बैंक बढ़ाने के निर्देश दिए। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रदेश में निर्माण क्षेत्र की स्थापना से उद्योगों का विकास होगा।
बैठक के दौरान, इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रमुख स्तंभों को रेखांकित करते हुए डिलॉयट इंडिया द्वारा एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। निवेश, भूमि का आवंटन, बुनियादी ढांचा और अन्य महत्वपूर्ण हस्तक्षेप, सभी एक मजबूत नीति और नियामक पारिस्थितिकी तंत्र द्वारा समर्थित। प्रस्तुति में राज्य भर में औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के तहत भूमि आवंटन, भूमि अधिग्रहण और उपलब्ध खाली भूमि की वर्तमान स्थिति को भी शामिल किया गया, जो भविष्य के विकास के लिए एक स्पष्ट रोडमैप प्रदान करता है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। 2017 के पहले उद्योग विहीन हो चुका उत्तर प्रदेश आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है, उन्होंने कहा कि बेलेंस्ड डेवलपमेंट के लिए प्रदेश के चारों भागों में एक-एक निर्माण क्षेत्र यानी स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन विकसित किए जाने पर विचार किया जा रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को कैसे और बेहतर बनाया जाए इस पर भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम निवेश मित्र के जरिये 488 अप्रूवल की सुविधा दी जा रही है। पिछले वर्ष 488 सर्विस में करीब चार लाख अप्लीकेशन निवेश मित्र के जरिये आए, जिनका निस्तारण हुआ। मंत्री नन्दी ने सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों से कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना में तो बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित हो रहे हैं। लेकिन पूर्वांचल के साथ ही प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी उद्योगों को स्थापित करने की आवश्यकता है। जिसके लिए टेक्सटाइल इण्डस्ट्री के साथ ही अन्य इण्डस्ट्री के लोगों से भी बात करें और उन्हें निवेश के लिए प्रोत्साहित करें।
समीक्षा बैठक में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास अनिल सागर, सचिव औद्योगिक विकास एवं सीईओ इन्वेस्ट यूपी अभिषेक प्रकाश, विशेष सचिव औद्योगिक विकास सुजीत कुमार, एमडी पिकप पीयूष वर्मा, सीईओ यूपीडा हरि प्रताप शाही के साथ ही प्रदेश भर के औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के सीईओ भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस बैठक में इन्वेस्ट यूपी के अधिकारी भी मौजूद थे।