Home Blog Page 1035

LUCKNOW: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा कर जानी प्रगति

  • पीएमश्री और पीएम पोषण की हुई समीक्षा
  • विभाग के अद्यतन बजट से हुए अवगत, प्रीतिभोज जैसे कार्यक्रमों के आयोजन का दिया परामर्श
  • गोमतीनगर स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पहुंच प्रदर्शनी का किया अवलोकन, बच्चों की प्रतिभा देख हुए गदगद
  • विभागीय अधिकारियों ने रसोइयों का मानदेय बढ़ाने का किया आग्रह

लखनऊ: भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पीएमश्री और पीएम पोषण स्कीम के बारे में जानकारी ली और विभागीय अधिकारियों को प्रीतिभोज जैसे कार्यक्रमों को संचालित कर सरकार के प्रयास को अत्यधिक प्रभावी बनाने का परामर्श दिया। समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने भी अपनी बात रखते हुए रसोइयों का मानदेय बढ़ाने का आग्रह किया।

बता दें कि भारत सरकार के अपर सचिव विपिन कुमार ने सुबह विद्या समीक्षा केंद्र का दौरा कर उसकी कार्य प्रणाली को जाना। उन्होंने वीएसके के कामकाज के तरीके की सराहना की है। ज्ञातव्य हो कि लखनऊ स्थित वीएसके देश का दूसरा केंद्र है, इसके पहले अहमदाबाद (गुजरात) में वीएसके केंद्र स्थापित हुआ है।

मंत्री जयंत चौधरी एयरपोर्ट से सीधे गोमतीनगर स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने लगी एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपने द्वारा तैयार मॉडल प्रस्तुत कर रखा था। बच्चों से बात कर उनकी प्रतिभा जान, मंत्री जयंत चौधरी काफी गदगद दिखे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और निरन्तर प्रयास करते रहने की सलाह दी। मंत्री जयंत चौधरी ने यहाँ पौधरोपण कर वातावरण को शुद्ध बनाये रखने का संदेश दिया। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने के बाद वे सीधे सचिवालय के लिए रवाना हो गये।

सचिवालय पहुंच मंत्री जयंत चौधरी ने भारत सरकार के अपर सचिव विपिन कुमार, प्रमुख सचिव बेसिक एम.के. शन्मुगा सुंदरम, महानिदेशक बेसिक शिक्षा कंचन वर्मा और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की डायरेक्टर प्रीति मीना के साथ विभागीय समीक्षा शुरू की। विभाग के अद्यतन बजट की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पीएमश्री और पीएम पोषण स्कीम, इन हाउस किचन इत्यादि के बारे में अधिकारियों से बिंदुवार जानकारियां इकट्ठा की। राज्य में प्रथम दो चरणों में क्रमशः 925 तथा 782 विद्यालय पीएम श्री विधालय के रूप में चयनित किए गए हैं। समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यालयों में प्रीतिभोज जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर सरकार के प्रयासों को अत्यधिक प्रभावी बनाने की सलाह दी। उन्होंने दीक्षा, पीएम ई-विद्या कार्यक्रमों के लिए होने वाले प्रयासों के बारे में भी जाना। मंत्री ने नये डायट के निर्माण कार्यों हेतु डीपीआर बनाये जाने सम्बन्धी निर्देश भी सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय,भारत सरकार स्तर से आईआईटी कानपुर में नई टेक्नॉलाजी के पठन पाठन के लिए समझौता किया गया है, उसका उपयोग भी किया जा सकता है। इस दौरान मंत्री जयंत चौधरी ने अधिकारियों को माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को औद्योगिक अनुभव प्रदान करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए आईटीआई और पॉलिटेक्निक से समझौता किया जा सकता है। उन्होंने सभी स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने स्कूली बच्चों के बीच आलोचनात्मक और विश्लेषणात्मक सोच विकसित करने के प्रयास के लिए भी निर्देश दिये।

मंत्री जयंत चौधरी ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यूपी में ऑपरेशन कायाकल्प, प्रोजेक्ट अलंकार, प्रोजेक्ट प्रवीण, 57 जिलों में सीएम कंपोजिट स्कूलों की अवधारणा और 75 जिलों में प्रत्येक में सीएम अभ्युदय स्कूलों में होने वाली प्रगति बहुत अच्छी स्तर की है। उन्होंने कहा कि यह बहुत सुखद है कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को निपुण बनाने के बारे में विभाग एक रणनीति पर काम कर रहा है। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं मे मूल्यांकन प्रेरणा तालिका के द्वारा किए जाने को भी सराहा।

सरोजनीनगर में भाजपा कार्यशाला का आयोजन: लिया गया भाजपा को विश्व का सबसे मजबूत संगठन बनाने का संकल्प

  • मंडल स्तरीय कार्यशाला में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा राष्ट्र प्रथम की विचारधारा के साथ हर व्यक्ति भाजपा से जुड़ना चाहता है
  • उन्होंने कहा- बांग्लादेश में हिन्दुओं के खिलाफ नरसंहार पर विपक्षी पार्टियों ने एक शब्द नहीं बोला
  • देश को खोखला करने वाली तुष्टिकरण और जातिवादी राजनीति के खिलाफ मजबूती से खड़ा है भाजपा का हर सिपाही
  • डॉ. राजेश्वर सिंह ने योगी के बयान का किया समर्थन, कहा आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए भाजपा संगठन को अभेद, अजेय बनाना जरुरी
  • जितना मजबूत होगा भाजपा संगठन, उतना ही मजबूत होगा देश
  • ⁠सदस्यता अभियान में सरोजनीनगर निभाएगा अग्रणी भूमिका

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित सदस्यता अभियान-2024 के अंतर्गत मंगलवार को सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के सरोजनीनगर दक्षिण प्रथम की मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन क्वीन पैलेस हिंद नगर में किया गया। विधायक राजेश्वर सिंह ने सदस्यता अभियान कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा सदस्यों के आधार पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जितना भाजपा संगठन मजबूत होगा उतना ही देश भी मजबूत होगा, इसलिए सदस्यता अभियान को सफल बनाना भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य और देश के प्रति सभी कार्यकर्ताओं की अहम जिम्मेदारी है।

विधायक ने कार्यकार्ताओं में जोश का संचार करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की कविता पढ़ी, जहाँ कण कण में शंकर और बिंदु बिंदु में गंगाजल है, हम जियेंगे तो इसी के लिए मरेंगे तो इसी के लिए। विधायक ने आगे जोड़ा लखनऊ अटल बिहारी की कर्मभूमि है, इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं का दायित्व है उनके बताये मार्ग पर चलते हुए लखनऊ में सदस्यता अभियान को देश भर में ऐतिहासिक बनाया जाए, विधायक ने अपनी विधानसभा का उल्लेख करते हुए आगे जोड़ा सरोजनीनगर सभी अभियानों में कीर्तिमान स्थापित करता है, सदस्यता अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा।

डॉ.राजेश्वर सिंह ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए आगे जोड़ा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रप्रथम की है, भाजपा कार्यकर्ताओं की सोच राष्ट्र के लिए सबकुछ समर्पित करने की है, इसलिए हर व्यक्ति भाजपा से जुड़ना चाहता है, उन्हें जिम्मेदारीपूर्वक भाजपा से जोड़ना है। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के पडोसी देशों में जो कुछ हो रहा है वो चिंताजनक है। विरोधी दलों पर हमला करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि कांग्रेस धारा 370 बहाल करने की बात करने वाली पार्टियों के साथ है, सपा अयोध्या के चर्चित और दुखद बलात्कार घटना के आरोपियों के समर्थन में खड़ी है, किसी भी दल ने बांग्लादेश में हिन्दुओं के खिलाफ हुई हिंसा पर एक शब्द भी नहीं बोला।

इस दौरान मूसलाधार बारिश के बीच कार्यशाला में आये कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा भाजपा कार्यकर्ताओं में पार्टी को मजबूत करने की सबसे ज्यादा इच्छाशक्ति है, सब पार्टी को मजबूत करना चाह रहे हैं। कार्यशाला में पूर्व सांसद मोहनलालगंज व पूर्व केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, लखनऊ महानगर महामंत्री पुष्कर शुक्ला, मंडल अध्यक्ष के के श्रीवास्तव, महामंत्री रजनीश श्रीवास्तव एवं नीरज श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष आरपी भारद्वाज, राजेश गुप्ता, अनूप मिश्रा, पार्षद सौरभ सिंह मोनू, राम नरेश रावत, पूर्व पार्षद सर्वजीत सिंह एवं अन्य मंडल पदाधिकारी, मंडल मोर्चा अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक एवं प्रभारी, वार्ड अध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

लखनऊ: मायावती फिर से बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी गईं

  • बीएसपी प्रमुख मायावती फिर बनीं राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • मायावती ने मायावती को पुनः बहुजन समाज पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया
  • बसपा सुप्रीमो मायावती 2003 से हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष

लखनऊ: बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बसपा सुप्रीमो मायावती को एक बार फिर से अगले 5 साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। पार्टी की तरफ से सतीश चंद्र मिश्रा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था, सभी राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों ने सर्वसम्मति से मायावती को फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना।

लखनऊ: पूर्वी भाग में धूमधाम से आयोजित की गई मटकी फोड़ प्रतियोगिता

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पूर्व भाग में श्री कृष्णा जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का कार्यक्रम संपन्न हुआ, प्रतियोगिता के पश्चात क्षेत्र प्रचार प्रमुख पूर्वी उत्तर प्रदेश सुभाष जी का पाथेय प्राप्त हुआ। जिसमें उन्होंने श्री कृष्ण जन्मोत्सव के संपूर्ण जीवन काल को परिभाषित किया, जिससे समाज से आए हुए लोगों का उत्साहवर्धन हुआ।

इस अवसर पर सह-प्रांत संघचालक सुनीत खरे जी, भाग संघचालक प्रभात जी, सह भाग संघचालक अरूण जी, भाग कार्यवाह मनुदेव जी, भाग सायं प्रचारक कमलेश जी, भाग विद्यार्थी कार्य प्रमुख विश्व राज, भाग सह-विद्यार्थी कार्य प्रमुख भावेश जी, भाग महाविद्यालयीन विद्यार्थी कार्य प्रमुख योगेन्द्र जी सहित अन्य दायित्वधारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम में कुल संख्या 312 रही।

बड़ी खबर: रूस के सारातोव में बहुमंजिला इमारत में ड्रोन से अमेरिका के 9/11 जैसा बड़ा हमला

मास्को: रूस के सारातोव में एक बहुमंजिला बिल्डिंग में अमेरिका के 9/11 जैसा बड़ा हमला होने की खबर आ रही है। अमेरिका के बर्ड ट्रेड सेंटर की इमारतों में हवाई जहाज घुस गए थे जबकि सारातोव की इस बहुमंजिला बिल्डिंग में ड्रोन घुस गया।

ड्रोन के इमारत से टकराते ही कई मंजिलों से आग की लपटे व धुंआ उठता देखा गया तथा भारी चीख पुकार मच गई। इस हमले में हताहतों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है, लेकिन कहा जा रहा है कि इस हमले में बड़ी संख्या में आम नागरिक हताहत हुए हैं। बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।

कहा जा रहा है कि इस हमले के पीछे यूक्रेन का हाथ है, उसी की सेना द्वारा ये ड्रोन भेजा गया। इस भीषण हमले से रूस यूक्रेन के बीच युद्ध रुकने के बजाय और तेज हो सकता है। रूस जैसी महाशक्ति के लिए ये हमला एक बड़ी चुनौती बताया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि ये हमला तो किसी बड़े हमले का प्रयोग है।