डॉ०राजेश्वर सिंह ने कहा बुल्डोजर को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव जी की बौखलाहट, घबराहट स्वाभाविक
बुलडोजर का मुंह गोरखपुर की तरफ होगा, इस धमकी से कोई भी डरने वाला नहीं
पूरे उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों का सफाया सुनिश्चित है, काली कमाई करने वाले, काले धंधों में लिप्त अपराधियों, माफियाओं, समाजवादी पार्टी के पोषक तत्वों के विरुद्ध ‘बुलडोजर एक्शन’ पर ये नाराजगी प्राकृतिक
लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा 2027 में बुलडोज़र का रुख़ गोरखपुर की तरफ़ होने के बयान पर लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा से लोकप्रिय भाजपा विधायक डॉक्टर राजेश्वर सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख की यह घबराहट और बौखलाहट इसलिए भी ज़रूरी है क्योंकि जब 108 मुकदमा धारी रुतबेदार समाजवादी ‘भूमाफिया’ आजम खान के अवैध रिजार्ट पर बुलडोजर गरजा तो 20 बीघा कीमती सरकारी जमीन मुक्त हुई तब तो उनकी नाराजगी स्वाभाविक है।
इसके अलावा कभी सत्ता की हनक से बनाई गयी सपा प्रमुख के करीबी 101 मुकदमा धारी अतीक और 65 मुकदमा धारी मुख्तार की 1050 करोड़ से ज्यादा की सम्पत्ति ध्वस्त हुई है, तब भी ये नाराजगी स्वाभाविक है।
इसी तरह एक और सपा संरक्षित बाहुबली, 83 मुकदमा धारी पूर्व विधायक विजय मिश्रा की 113 करोड़ की संपत्ति कुर्क होने उसके अवैध शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलने से भी सपा प्रमुख की नाराजगी स्वाभाविक है।
इसके साथ ही अगर बुलडोज़र की बात करें तो अपराधी माफिया ध्रुव सिंह कुंटू का मकान बुलडोजर ने ध्वस्त किया, अयोध्या गैंगरेप के मुख्य आरोपी सपा नेता मोईद खान की 40 दुकानों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर भी बुलडोजर चला, तो उनकी नाराजगी तो स्वाभाविक है।
और तो और अभी हाल ही में कन्नौज में मासूम बेटी से दरिंदगी करने वाले पूर्व ब्लॉक प्रमुख, सपा नेता नवाब सिंह यादव के कोल्ड स्टोरेज पर बुलडोजर गरजने से भी सपा प्रमुख की नाराजगी स्वाभाविक है।
इसके साथ ही डॉक्टर राजेश्वर सिंह ने कहा कि अब माफिया राज का अंत हो रहा है और कानून का शासन स्थापित हो रहा है, बुलडोजर की गड़गड़ाहट से माफिया समर्थकों और अपराधियों के संरक्षकों की नींद उड़ रही है, आखिरकार, इनके संरक्षण में पनपा आपराधिक सम्राज्य मिट्टी में मिल रहा है। बुलडोजर कार्रवाई के लिए जनता का समर्थन निर्विवाद है, जनता के लिए बुलडोज़र ही आशा और विश्वास का प्रतीक है।
नवचयनित अवर अभियंताओं से कहा कि अब वह सिंचाई एवं जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभाग के अंग होंगे
अवर अभियंताओं से जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जीवन में हर चुनौतियों का सामना करते हुए अपने ज्ञान का सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में आज तेलीबाग स्थित परिकल्प भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उ0प्र0 अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अवर अभियंताओं(सिविल) को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि उ0प्र0 अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के लिए 232 अवर अभियंताओं(सिविल) में से कुछ नवनियुक्त अवर अभियंताओं को मा0 मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा आज लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जबकि शेष नवनियुक्त अभियंताओं को तेलीबाग स्थित परिकल्प भवन सभागर में आयोजित कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। उन्होंने सिंचाई एवं जलशक्ति विभाग में नियुक्ति प्राप्त करने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि अवर अभियंता सिंचाई विभाग की रीढ़ होता है इन्हें विभिन्न परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निवर्हन करना होता है। उन्होंने नवचयनित अवर अभियंताओं से कहा कि अब वह सिंचाई एवं जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभाग के अंग होंगे। इन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जायेंगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि नवचयनित अवर अभियंता अपनी पूरी ऊर्जा और क्षमता से अपने दायित्वों का निवर्हन करेंगे।
श्री सिंह ने अभियंताओं से अपने जीवन में हर चुनौतियों का सामना करते हुए अपने ज्ञान का सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने अवर अभियंताओं को अवगत कराया कि मा0 मुख्यमंत्री जी ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी है। इसको दृष्टिगत रखते हुए आप सभी लोग अपने जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाते हुए सिंचाई एवं जलसंसाधन विभाग को प्रगति के पथ पर आगे ले जायें।इस अवसर पर राज्य मंत्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन अनिल गर्ग सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सी.एम.एस. शिक्षकों ने निकाला ‘चरित्र निर्माण मार्च’, नगद पुरस्कारों व आकर्षक उपहारों से नवाजे गये सी.एम.एस. शिक्षक
लखनऊ: शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सिटी मोन्टेसरी स्कूल द्वारा ‘शिक्षक दिवस समारोह’ का शानदार आयोजन आज सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर सी.एम.एस. शिक्षकों को उनकी अतुलनीय सेवाओं के लिए नगद पुरस्कारों व आकर्षक उपहारों से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डा. दिनेश शर्मा, संसद सदस्य, राज्यसभा एवं पूर्व उप-मुख्यमंत्री, उ.प्र. द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर मार्ल्यापण से हुआ। इस अवसर पर अपने संबोधन में डा. शर्मा ने कहा कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का विस्तार होना चाहिए और इसमें शिक्षकों की भूमिका अहम है। सामाजिक विकास में शिक्षकों की भूमिका सदैव प्रासंगिक रहेगी।
इस अवसर पर सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने गणमान्य अतिथियों व शिक्षकों का हार्दिक स्वागत-अभिनन्दन करते हुए कहा कि सी.एम.एस. के सभी शिक्षक व अन्य कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं जो बच्चों को पढ़ाई के साथ ही उनका चरित्र निर्माण कर भविष्य निर्माण भी कर रहे हैं। यह समारोह सी.एम.एस. संस्थापक स्व. डा. जगदीश गाँधी जी की प्रेरणा से ही आयोजित किया जा रहा है। डा. जगदीश गाँधी जी का मानना था कि शिक्षक ही समाज के भाग्यविधाता हैं। प्रो. किंगडन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि समस्त सी.एम.एस. परिवार व लखनऊवासियों के लिए गर्व का विषय है कि सी.एम.एस. प्रधान कार्यालय के सामने की सड़क ‘स्टेशन रोड’ को अब ‘डा. जगदीश गाँधी मार्ग’ से जाना जायेगा, जिसके लिए हम प्रदेश सरकार के आभारी हैं। सी.एम.एस. के क्वालिटी अश्योरेन्स एवं इनोवेशन डिपार्टमेन्ट की हेड सुश्री सुस्मिता घोष ने भी शिक्षकों का स्वागत करते हुए सी.एम.एस. शिक्षकों की वर्ष भर की उपलब्धियों पर चर्चा की।
‘शिक्षक दिवस समारोह’ में वर्ष 2023-2024 हेतु सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों के साथ ही उनकी माताजी व पिताजी को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया। आई.एस.सी. सेक्शन में सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की बायो-टेक्नोलॉजी की शिक्षिका सुश्री मनीषा मेहरोत्रा एवं आई.सी.एस.ई सेक्शन में सी.एम.एस. गोमतीन नगर प्रथम कैम्पस की इंग्लिश विषय की शिक्षिका सुश्री काकुल कुमार को वर्ष 2023-24 का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक घोषित किया गया। इन दोनों शिक्षिकाओं की माताजी को फलों व फूलों से तौलकर जबकि पिताजी को शाल ओढ़ाकर सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस की प्रधानाचार्याओं व शिक्षकों को भी नगद धनराशि व आकर्षक उपहारों से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। कुल मिलाकर सी.एम.एस. के सभी शिक्षकों व कार्यकर्ताओं को नगद पुरस्कार व अन्य उपहारों से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। समारोह में सी.एम.एस. शिक्षकों ने एक से बढ़कर एक शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की इन्द्रधनुषी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘एक समर्पित जीवन’ का विमोचन इस अवसर पर खास आकर्षण का केन्द्र रहा। मुख्य अतिथि डा. दिनेश शर्मा एवं मंचासीन विशिष्ट अतिथियों ने रिबन खोलकर पुस्तक को जनमानस हेतु लोकार्पित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने एक स्वर से कहा कि यह पुस्तक भावी पीढ़ी को नई राह दिखाने वाली प्रेरणादायी पुस्तक है। इस अवसर पर सी.एम.एस. की संस्थापिका-निदेशिका व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. भारती गाँधी ने सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। सी.एम.एस. के कम्युनिकेशन विभाग के हेड श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सी.एम.एस. शिक्षकों व कार्यकर्ताओं ने विशाल ‘चरित्र निर्माण मार्च’ निकालकर भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण का जोरदार संदेश दिया।
यूपी के सहकारिता मंत्री ने उत्तर प्रदेश को मिले एआईएफ़ उत्कृष्टता पुरष्कार के लिए अधिकारियों को दी बधाई
सहकारिता मंत्री जे.पी.एस.राठौर ने इसे बताया किसानो को सशक्त बनाने की दिशा में सहकारिता विभाग का एक बड़ा कदम
जिओ टैगिंग मे उत्तर प्रदेश देश भर में दूसरे पायदान पर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 977 लाभार्थियों को कृषि अवसंरचना निधि के तहत आत्मनिर्भर कृषक समन्वित विकास योजना के अन्तर्गत 550.00 लाख रुपये (पांच करोड़ पचास लाख रुपये) की राशि के रूप में अतिरिक्त 3 प्रतिशत ब्याज उपादान प्रदान किया जा चुका है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने सहकारिता विभाग को बधाई देते हुए बताया कि प्रदेश में कुल 5753 प्रोजेक्ट्स के लिए 4630.83 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है, जिसमें से 5217 लाभार्थियों को 2593.64 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, और राज्य सरकार के सहयोग से सहकारिता विभाग किसानो को योजनान्तर्गत लाभ पहुंचाने की ओर अग्रसर है। इसके साथ ही साथ अभी हमने गुड ,बायो एनर्जी,वेल्यू एडेड प्रोडक्ट्स,गोदामों एंव कोल्ड स्टोरेज को बढ़ावा देने के लिए भी ऋण वितरित किए हैं।
यह जानकारी प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे0पी0एस0 राठौर ने दी उन्होंने बताया कि कृषि अवस्थापना निधि योजना के तहत स्थापित प्रोजेक्ट्स की जियो-टैगिंग में उत्तर प्रदेश देश भर में दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा, कल 3 सितंबर 2024 को नई दिल्ली में आयोजित एआईएफ उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश को वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए देश में तीसरा स्थान और 2023-24 के लिए दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर केन्दीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के अपर आयुक्त और अपर निबंधक सहकारिता अनिल कुमार सिंह और अपर जिला सहकारी अधिकारी अर्चना राय को पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। उन्होंने बताया कि सहकारिता विभाग के अधिकारियों के अथक प्रयास एवं कठिन परिश्रम के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश को सम्मानित किया गया हैं।उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियो को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाए दी।
प्रयागराज के फूलपुर में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण वितरण मेले में भाग लेते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर कसा तंज
सीएम योगी ने कहा: बुलडोजर चलाने के लिए हिम्मत चाहिए, इन्हें तो बुलडोजर देखते ही आ जाएगा हार्ट अटैक
सीएम योगी ने कहा टीपू सुल्तान बनने का ख्वाब देखने वालों ने ही प्रयागराज और प्रदेश के सामने खड़ा किया पहचान का संकट
साथ ही सीएम योगी ने अपराधियों को ललकारा: जिसने राह चलती बेटियों के सम्मान पर हाथ डालने की कोशिश की उसके हाथ-पैर हो जाएंगे अलग
सीएम योगी ने कहा: हर नागरिक की सुरक्षा है हमारा कर्तव्य, किसी भी हद तक जाकर इस कार्य को करेंगे सुनिश्चित
उन्होंने कहा चाचा व भतीजा एरिया बांट कर करते थे वसूली, मगर अब यूपी में कोई नहीं कर सकेगा ऐसा
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की नहीं होगी कमी
प्रदेश में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चालीस हजार युवाओं को जल्द मिलेगी नियुक्ति, अन्य सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को भी जल्द किया जाएगा पूरा
सीएम योगी बोले: माफिया समाज का कोढ़ है, इसे निकाला न जाए तो हमेशा ये वर्तमान और भविष्य खराब करते रहेंगे
फूलपुर/प्रयागराज: प्रयागराज के फूलपुर स्थित इफको परिसर के केंद्रीय विद्यालय में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण वितरण मेले में भाग लेते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए माफिया, अपराधी व दंगों को प्रश्रय देने वाले तत्वों को जमकर ललकारा। बुधवार को कार्यक्रम के अंतर्गत सीएम योगी द्वारा 5,000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र वितिरित किए गए। वहीं, 7,138 लाभार्थियों को 510 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण वितरित किया गया। कार्यक्रम में 15,448 युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन भी वितरित किए गए। इसके साथ ही, सीएम योगी ने फूलपुर में 634 करोड़ रुपए की 407 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास बटन दबाकर किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आवंटित आवास की चाबी भी सीएम योगी द्वारा सौंपी गई।
सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जो टीपू आज सुल्तान बनने का ख्वाब देख रहे हैं वह माफिया के सामने नाक रगड़ते हैं। इन्होंने माफिया को गले का हार बनाकर प्रयागराज के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। इतना ही नहीं, सीएम योगी ने आगे अराजक तत्वों को ललकारते हुए कहा कि जिसने भी राह चलती बेटियों के सम्मान पर हाथ डालने की कोशिश की उसके हाथ-पैर अलग हो जाएंगे। हर नागरिक की सुरक्षा हमारा कर्तव्य है जिसे किसी भी हद तक जाकर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो माफिया सिर उठाएगा उन्हें मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा। बुलडोजर चलाने के लिए हिम्मत चाहिए। माफियाओं , दंगाइयों व अपराधियों के सामने नाक रगड़ने वाले क्या बुलडोजर चलाएंगे, इसके लिए हिम्मत चाहिए। इन्हें तो बुलडोजर देखते ही हार्ट अटैक आ जाएगा। प्रदेश में अधिनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चालीस हजार युवाओं को जल्द नियुक्ति देने व अन्य सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को भी जल्द किए जाने पर भी सीएम योगी ने फोकस किया।
वैश्विक पटल पर प्रयागराज की अमिट छाप छोड़ेगा महाकुंभ
सीएम योगी ने कहा कि यह वर्ष हमारे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि जनवरी में महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। प्रयागराज वैश्विक मंच पर फिर से अमिट छाप छोड़ेगा। जो प्रयागराज क्षेत्र वैदिक सनातनियों का केंद्र रहा है उसके सामने पहचान का संकट किसने खड़ा किया था। ये काम जाति के नाम पर लड़ाने वाले लोगों ने किया था। सीएम योगी ने आगे कहा कि कुंभ तो आपने 2013 में भी देखा होगा और 2019 में कुंभ का आयोजन देखा होगा। 2013 में जो भी कुंभ में आया वह यह सोचकर गया होगा कि आगे से यहां नहीं आना है। मगर, 2019 में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमने दुनिया को बता दिया कुंभ कैसे होता है। कुंभ सुरक्षा, सेवा व व्यवस्था का एक मॉडल होता है जिसे हमने स्थापित किया। प्रयागराज का सम्मान दुनिया के अंदर बढ़ा। उसी सम्मान को बहाल करने के लिए हम एक बार फिर आपके सामने आए हैं।
पीडीए को बताया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, माफिया को बताया समाज का कोढ़
सीएम योगी ने इस बात पर जोर देकर कहा कि आपके सामने पहचान का संकट चाचा व भतीजा की वसूली से उत्पन्न हुआ। इनके द्वारा एरिया बांट दिया जाता था। कहीं चाचा जाते थे तो कहीं भतीजा। ये महाभारत के रिश्ते वसूली की रकम लूटने के लिए एकसाथ टूट पड़ते थे और चाचा को धक्का दे दिया जाता था। मगर अब ऐसा नहीं हो सकता। यूपी में कोई वसूली नहीं कर सकता। सीएम योगी ने आगे कहा कि हम तो तय करके आये थे कि जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा उसे हम जेल में भेजेंगे, संपत्ति को जब्त करेंगे और सभी अवैध कब्जों को मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास व महिला संरक्षण गृह भी बनाएंगे। दंगा करने की कीमत क्या होती है यह दंगाइयों को हम अच्छे से बता देंगे। जब पोस्टर टांगकर सात पीढ़ियों तक वसूली होगी तो अच्छे अच्छे सुधर जाएंगे। माफिया समाज का कोढ़ है, इसे समाज से निकाला न जाए तो हमेशा ये आपका वर्तमान और भविष्य खराब करते रहेंगे।
मेहनत से कमाया पैसा फलता है
सीएम योगी ने कहा कि यह प्रसन्नता देने वाला विषय होता है जब कोई युवा कहता है कि रोजगार प्राप्त करने के लिए अपनी शिक्षा को बढ़ाने का कार्य करूंगा, किसी पर बोझ नहीं बनूंगा। इसके लिए सरकार ने सीएम इंटर्नशिप योजना के माध्यम से व्यवस्था की है। व्यवसायियों को उद्योग लगाने के लिए ब्याजमुक्त लोन की व्यवस्था उपलब्ध करायी जा रही है। यहां पर तमाम ऐसे उद्यमी आए हैं जिन्हें अच्छा मैनपावर चाहिए। कार्य करने की ललक हो, इच्छा हो तो छोटी सी पूंजी भी बड़ी पूंजी में परिवर्तित हो सकती है जो बाद में स्टार्टअप स्थापित करने में उपयुक्त हो सकता है। मेहनत से कमाया गया पैसा फलता फूलता भी है और पीढ़ियों को यशस्वी बनाता है।
सरकारी नौकरियों और नई भर्तियों पर हो रहा काम
सीएम योगी ने कार्यक्रम में कहा कि हम लखनऊ में 12 विभागों में 1375 युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देकर आए हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर पुलिस सेवा में आरक्षी भर्ती के लिए साठ हजार दो सौ पदों के लिए ली गई लिखित परीक्षा के परिणाम जल्द आने वाले हैं जिससे युवाओं के पुलिस बल का हिस्सा बनने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद चालिस से लेकर पैतालिस हजार नई भर्तियों की प्रक्रिया भी शुरू होगी। अकेले अधिनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चालीस हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के क्रम में आगे बढ़ रहे हैं। सीएम योगी के अनुसार, जल्द ही इतनी ही और नौकरी देने की प्रक्रिया को शुरू करने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए नौकरी की कमी नहीं होगी। बेसिक, माध्यमिक, उच्च, तकनीकी, व्यवसायिक व मेडिकल एजुकेशन में साठ हजार से अधिक नियुक्तियां इंतजार कर रही हैं। अलग अलग विभागों में नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।
रेवेन्यू सरप्लस व सुरक्षा का मॉडल बना उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने इस बात पर भी फोकस किया कि उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस प्रदेश है। उनके अनुसार शिक्षा आयोग का गठन हो चुका है जो जल्ह दी कार्य करने जा रहा है। यूपी सुरक्षा का मॉडल प्रदेश बन चुका है। उत्तर प्रदेश इनवेस्टमेंट का ड्रीम डेस्टिनेशन व भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। चालीस लाख करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है जो सीधे तौर पर प्रदेश में डेढ़ करोड़ नौकरी के मार्ग प्रशस्त करेगा।
कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, एमएसएमई खादी एवं ग्रामद्योग मंत्री राकेश सचान, परिवाहन मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रयागराज जिला पंचायत के अध्यक्ष डॉ.वीके सिंह, प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, प्रयागराज पश्चिम के विधायक डॉ. सिद्धार्थ नाथ सिंह समेत स्थानीय विधायक, विधान परिषद सदस्य, अधिकारीगण व अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया।