HomeDaily Newsयोगी सरकार का बड़ा फैसला : MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड ₹12 हजार...

योगी सरकार का बड़ा फैसला : MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड ₹12 हजार से बढ़कर ₹25 हजार, सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने जताया आभार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS इंटर्न के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट ने MBBS इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड ₹12,000 से बढ़ाकर ₹25,000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के युवा चिकित्सकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्टाइपेंड में यह वृद्धि सरकार की युवा हितैषी सोच और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने पहले उठाया था मुद्दा

डॉ. राजेश्वर सिंह ने 10 जुलाई 2026 को पत्र संख्या RS/5022/MIN/26 के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष MBBS इंटर्न के स्टाइपेंड में वृद्धि का विषय उठाया था।

अपने पत्र में उन्होंने MBBS इंटर्नशिप की कठिन एवं जिम्मेदारीपूर्ण प्रकृति, लगातार बढ़ती महंगाई और अस्पतालों में इंटर्न की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए स्टाइपेंड बढ़ाने का अनुरोध किया था।

अब कैबिनेट द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने के निर्णय के बाद डॉ. सिंह ने इसे युवाओं और प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है।

हजारों युवा चिकित्सकों को मिलेगी आर्थिक राहत

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ₹12,000 से ₹25,000 की वृद्धि से प्रदेश के हजारों MBBS इंटर्न को महत्वपूर्ण आर्थिक राहत मिलेगी। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अपने चिकित्सकीय प्रशिक्षण के साथ-साथ मरीजों की सेवा पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि मेडिकल इंटर्न अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना आवश्यक है।

‘युवा चिकित्सकों को सशक्त बनाना स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश’

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि युवा चिकित्सकों को सशक्त बनाना केवल उन्हें आर्थिक राहत देना नहीं, बल्कि मजबूत और स्वस्थ उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण निवेश है।

उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा।

स्टाइपेंड में दोगुने से अधिक की यह वृद्धि प्रदेश के MBBS इंटर्न के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments