
लखनऊ। ज्येष्ठ मास के पावन बड़े मंगल के अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने जनसेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लखनऊ एवं सरोजनीनगर क्षेत्र में आयोजित दो दर्जन से अधिक भंडारों, धार्मिक आयोजनों एवं जनसेवा कार्यक्रमों में सहभागिता की। दिनभर चले इस व्यापक जनसंपर्क और सेवा अभियान में उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरण किया, आयोजकों एवं सेवादारों का उत्साहवर्धन किया तथा बड़े मंगल के महत्व को सेवा और परोपकार से जोड़ते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
भक्ति और सेवा का बना अनूठा संगम

बड़े मंगल के अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने निरामय स्वास्थ्य केंद्र सैन्य पुरम, रहीमाबाद से लेकर तेलीबाग, आलमबाग, वृंदावन, बंथरा, शारदा नगर, लतीफ नगर, एलडीए कॉलोनी, कैसरबाग, मोहनलालगंज रोड और सरोजनीनगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारों में सहभागिता की। प्रत्येक आयोजन में उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरण किया तथा सेवा कार्यों में लगे स्वयंसेवकों और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।

श्रद्धालुओं ने भी विधायक का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके साथ बड़े मंगल की परंपराओं और हनुमान भक्तों की सेवा में भागीदारी की। जगह-जगह जय श्रीराम और जय बजरंगबली के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हर वर्ग के बीच पहुंचे विधायक, बढ़ाया आयोजकों का उत्साह

डॉ. राजेश्वर सिंह ने विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा आयोजित भंडारों में पहुंचकर आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़े मंगल केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज को जोड़ने वाला ऐसा पर्व है जो सेवा, सहयोग, समर्पण और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में परस्पर प्रेम, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंदों की सेवा का अवसर प्रदान करते हैं।
हनुमान भक्तों के बीच किया प्रसाद वितरण
दिनभर के कार्यक्रमों में विधायक ने अनेक स्थानों पर स्वयं प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की। उन्होंने कहा कि बड़े मंगल की परंपरा उत्तर प्रदेश विशेषकर लखनऊ की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है, जो लोगों को सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस दौरान उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
बच्चों संग खेला क्रिकेट, खेल प्रतिभाओं को किया प्रोत्साहित
धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के बाद लौटते समय डॉ. राजेश्वर सिंह की नजर राजकीय यू.पी. सैनिक इंटर कॉलेज के समीप क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर पड़ी। बच्चों के उत्साह और खेल के प्रति समर्पण को देखकर वे स्वयं मैदान में पहुंचे और कुछ समय तक उनके साथ क्रिकेट खेला।
विधायक को अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह कई गुना बढ़ गया। इस अवसर पर उन्होंने युवा खिलाड़ियों को दो क्रिकेट स्पोर्ट्स किट भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खेल से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता: डॉ. राजेश्वर सिंह
बच्चों को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है और युवाओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
बड़े मंगल का संदेश- सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता
अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व भगवान हनुमान की भक्ति के साथ-साथ सेवा, त्याग, परोपकार और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने की भावना ही सच्ची पूजा है।
उन्होंने संकटमोचन हनुमान महाराज से प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि जनसेवा और लोककल्याण के लिए उनका संकल्प निरंतर जारी रहेगा।

































