
लखनऊ | 1 सितंबर 2026। सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल में आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र की जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से संवाद किया। कार्यक्रम में 21 सेक्टरों के सेक्टर संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर चर्चा हुई।

इस दौरान सड़क-नाली, आर्थिक सहयोग, सीवर एवं जलभराव, बिजली, सोलर और स्ट्रीट लाइट, पेयजल, पेंशन, आवास, रोजगार और शिक्षा समेत विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित किया गया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ‘चाय पर चर्चा’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने, आवेदन प्राप्त करने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर के विकास में जनता, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संगठन और जनता से मिलने वाले सुझावों के आधार पर अनेक जनहितकारी कार्यों को गति मिली है।
4 से बढ़कर 170+ हुए तारा शक्ति केंद्र

मातृशक्ति के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तारा शक्ति केंद्रों की शुरुआत केवल 4 केंद्रों से हुई थी, लेकिन आज सरोजनीनगर में 170 से अधिक तारा शक्ति केंद्र स्थापित हो चुके हैं और लगातार नए केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 2,000 से 2,500 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। तारा शक्ति केंद्रों से जुड़ी महिलाओं ने अपने हुनर और परिश्रम के माध्यम से अब तक 1 लाख से अधिक भारतीय जनता पार्टी के झंडे, 50,000 से अधिक बच्चों के स्कूल बैग और 1 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज निर्माण के क्षेत्र में 5 लाख का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। इससे महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिलने के साथ उनके कौशल को भी सम्मान मिल रहा है।
2,000+ मेधावी बच्चों को लैपटॉप और साइकिल से सम्मान

बच्चों की शिक्षा और भविष्य को प्राथमिकता बताते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि परिवार में बच्चों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसी सोच के साथ सरोजनीनगर में अब तक 2,000 से अधिक मेधावी बच्चों को लैपटॉप एवं साइकिल प्रदान कर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के संसाधन बच्चों तक पहुंचाने के लिए 70 से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। इन सुविधाओं से लगभग 32,000 बच्चों और बेटियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ मिल रहा है।
विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से 100 से अधिक विद्यालयों में सीएसआर के माध्यम से झूले भी स्थापित कराए गए हैं।
डिजिटल शिक्षा और AI के प्रति बच्चों को जागरूक करना जरूरी

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और डिजिटल शिक्षा का है। बच्चों को केवल मोबाइल और मनोरंजन तक सीमित रखने के बजाय उन्हें कंप्यूटर, डिजिटल शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप तैयार करना प्राथमिकता है, ताकि बच्चे नई तकनीकों को समझ सकें, उनका प्रभावी उपयोग कर सकें और भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए स्वयं को तैयार कर सकें।
150+ पार्कों में ओपन जिम, 100 नए ओपन जिम को मिली मंजूरी

स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज का आधार है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों में सरोजनीनगर क्षेत्र के 150 से अधिक पार्कों में ओपन जिम स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त 100 नए ओपन जिम को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की स्वीकृति मिल चुकी है, जिन्हें आगामी तीन महीनों में स्थापित किया जाना प्रस्तावित है।
डॉ. सिंह ने कहा कि इन ओपन जिमों के माध्यम से पार्क अब केवल टहलने की जगह नहीं रह गए हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के बीच संवाद, सहयोग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं।
सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में 10,000+ बच्चों की भागीदारी

बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए पिछले साढ़े तीन वर्षों से सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग का आयोजन किया जा रहा है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि इस खेल आयोजन में अब तक 10,000 से अधिक बच्चे भाग ले चुके हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चे को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि खेल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके भविष्य के अवसरों का माध्यम भी बन सकें।
300 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण
सनातन संस्कृति और विरासत के संरक्षण को जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में मंदिरों के जीर्णोद्धार, पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 300 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जा चुका है। इन मंदिरों में रंगाई-पुताई के साथ पेयजल के लिए हैंडपंप, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच और सोलर लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य केवल मंदिरों को सुंदर बनाना नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ना भी है।
महापुरुषों के सम्मान में चौक और प्रतिमाओं का निर्माण
नई पीढ़ी को महापुरुषों और महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा मिले, इसके लिए सरोजनीनगर में विभिन्न कार्य किए गए हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा स्थापित कर अटल चौक का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा भगवान परशुराम के भव्य चौक एवं प्रतिमा की स्थापना और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हेमू कलानी की प्रतिमा की स्थापना भी कराई गई है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 30 से अधिक प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार, प्रतिमाओं पर शेड की व्यवस्था और उनके प्रेरणादायी संदेशों को प्रदर्शित करने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन शिक्षा, संघर्ष और समानता की प्रेरणा देता है तथा उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
तारा शक्ति निःशुल्क रसोई से प्रतिदिन 4,000 लोगों को भोजन
जनसेवा के मानवीय पक्ष पर जोर देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विकास कार्यों के साथ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना भी जनप्रतिनिधि के दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों से तारा शक्ति निःशुल्क रसोई संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 4,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
लोकबंधु अस्पताल में संचालित तारा शक्ति निःशुल्क रसोई केंद्र के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 2,000 लोगों को भोजन कराया जा रहा है। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को कठिन समय में भोजन की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
14,000+ पत्रों के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान का प्रयास
जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि अब तक 14,000 से अधिक पत्रों के माध्यम से जनता की समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाया गया है।
इनमें 2,500 से अधिक पत्र उपचार से संबंधित रहे हैं। इन प्रयासों के माध्यम से 1,700 से अधिक जरूरतमंद लोगों को उपचार के लिए लगभग 27 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा का मूल उद्देश्य यह होना चाहिए कि कोई जरूरतमंद व्यक्ति केवल आर्थिक संसाधनों के अभाव में इलाज से वंचित न रह जाए।
“सरोजनीनगर का हर परिवार हमारी प्राथमिकता”
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में किए जा रहे प्रत्येक कार्य के केंद्र में परिवार की भावना है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और भविष्य के अवसर मिलें, माताएं-बहनें आत्मनिर्भर बनें, वरिष्ठ नागरिक स्वस्थ और प्रसन्न रहें तथा जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिले- इसी उद्देश्य से विकास और जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास का यह अभियान किसी जाति, वर्ग या राजनीतिक भेदभाव से प्रेरित नहीं है। सभी को साथ लेकर चलना और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान एवं अधिकार को सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
डॉ. सिंह ने कहा कि उनका संकल्प सरोजनीनगर के हर परिवार की खुशहाली, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, मातृशक्ति के सम्मान, वरिष्ठजनों की सुविधा और जरूरतमंदों को सहारा सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य, मंडल उपाध्यक्ष कार्तिकेय दीक्षित, अशोक कुमार चौधरी, हनुमान प्रसाद, वीरेन्द्र सिंह, सुभाष चन्द्र जैतली और रमाशंकर दुबे, मंडल महामंत्री अखिलेश कुमार त्रिपाठी और नितेश कुमार वार्ष्णेय सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा मंडल मंत्री इंजीनियर अरविंद पाण्डेय, मुकेश मौर्य, पूनम यादव, राजकुमारी कोरी, रमेश शर्मा और राजीव कुमार मिश्रा, मंडल कोषाध्यक्ष रीतू सिंह, मंडल सोशल मीडिया प्रभारी आशीष पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकरी सिंह और रमाशंकर त्रिपाठी, पार्षद के.एन. सिंह सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी सेक्टर संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनके सक्रिय सहयोग, विश्वास और संगठन को मजबूत करने में योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद और समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही जनसेवा की सबसे मजबूत नींव है।


































