उत्तरी साइप्रस के तट के पास रविवार दोपहर एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। करीब 270 यात्रियों को लेकर जा रही एक पैसेंजर फेरी अचानक समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
फिलहाल हादसे में किसी व्यक्ति की मौत हुई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बचाव दल ने कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
कायरिनिया से तासुकु जा रही थी फेरी
हादसे का शिकार हुई कैटामरन शैली की फेरी उत्तरी साइप्रस के कायरिनिया बंदरगाह से तुर्की के मेर्सिन प्रांत स्थित तासुकु बंदरगाह की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि तट से करीब चार मील की दूरी पर पहुंचने के बाद फेरी के अंदर पानी भरना शुरू हुआ। इसके कुछ ही समय बाद जहाज असंतुलित होकर समुद्र में पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और राहत दलों को मौके की ओर भेजा गया। समुद्र में मौजूद यात्रियों को बचाने के लिए तत्काल अभियान शुरू किया गया।
100 से ज्यादा यात्रियों को बचाया गया
उत्तरी साइप्रस के परिवहन मंत्री एरहान अरिकली ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव दल सक्रिय हो गए थे। उन्होंने पुष्टि की कि फेरी पलट चुकी थी और राहतकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, 100 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित निकालकर कायरिनिया ले जाया जा चुका है। बाकी लोगों की तलाश और बचाव के लिए अभियान जारी है।
अधिकारियों के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि फेरी में अचानक पानी किस वजह से भरना शुरू हुआ। हादसे के कारणों की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
कायरिनिया और तासुकु के बीच नियमित रूप से कई कंपनियां फेरी सेवाएं संचालित करती हैं। हालांकि, हादसे में शामिल फेरी किस कंपनी की थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
लाइफ जैकेट पहने समुद्र में दिखे यात्री
हादसे के बाद सामने आए कुछ दृश्यों में समुद्र के पानी में लाइफ जैकेट पहने लोग तैरते हुए दिखाई दिए। आसपास बचाव नौकाएं भी नजर आईं, जो यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटी थीं।
हादसे के बाद उत्तरी साइप्रस के स्वास्थ्य और बचाव विभागों को अलर्ट कर दिया गया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
ट्यूनीशिया में भी नाव पलटने से हादसा
इसी बीच ट्यूनीशिया के दक्षिणी तट के पास भी प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के पलटने की घटना सामने आई है। इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत की जानकारी है, जबकि करीब 12 लोग लापता बताए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है। तलाशी अभियान के दौरान दो शव बरामद किए गए, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए जेरबा द्वीप के अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि नाव पर करीब 15 लोग सवार थे और यह जारजिस तथा बेन गुएड्रेन के बीच के इलाके से रवाना हुई थी। घटना के बाद समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है।


































