HomeDaily Newsईरान ने UAE की तरफ दागीं दो मिसाइलें, दुबई में जारी हुआ...

ईरान ने UAE की तरफ दागीं दो मिसाइलें, दुबई में जारी हुआ इमरजेंसी अलर्ट

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) तक भी पहुंचता नजर आ रहा है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ईरान की ओर से देश की दिशा में दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। इसके बाद यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय किया गया और दुबई के लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन मिसाइल चेतावनी भेजी गई।

लोगों से अपील की गई कि वे घबराने के बजाय अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

एयर डिफेंस ने मिसाइलों को किया इंटरसेप्ट

यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, देश की ओर बढ़ रहे मिसाइल खतरे का पता एयर डिफेंस सिस्टम ने लगाया। मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान सुनाई दी तेज आवाजें मिसाइलों को हवा में ही रोकने की कार्रवाई से जुड़ी थीं।

सरकार ने कहा कि उसकी सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने और देश की संप्रभुता, सुरक्षा तथा स्थिरता की रक्षा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

कुछ समय बाद दूसरा अलर्ट जारी किया गया, जिसमें लोगों को बताया गया कि तत्काल खतरा टल गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

एक मिसाइल समुद्री सीमा के बाहर गिरी

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि ईरान से दो बैलिस्टिक मिसाइलें उसकी दिशा में लॉन्च की गई थीं। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से एक मिसाइल यूएई की समुद्री सीमा से बाहर जाकर गिरी, जबकि दूसरी मिसाइल देश की सीमा के अंदर गिरी।

फिलहाल इस घटना में किसी बड़े नुकसान या हताहत की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है।

ट्रंप बोले- ईरान से कोई बातचीत नहीं

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की खबरों से इनकार किया है। ट्रंप के मुताबिक, दोनों देशों के बीच फिलहाल कोई वार्ता नहीं चल रही है और न ही किसी बातचीत की योजना बनाई गई है।

ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का भी जिक्र किया और दावा किया कि यह समुद्री मार्ग जहाजों की आवाजाही के लिए खुला है। उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र में मौजूद माइंस को हटा दिया गया है।

ईरान के रुख से बढ़ी चिंता

अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक तनाव के साथ सैन्य गतिविधियों को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच अस्थायी युद्धविराम खत्म होने और बातचीत में गतिरोध के बाद ईरान की ओर से अधिक आक्रामक सैन्य रुख अपनाए जाने के संकेत मिले हैं।

बढ़ते तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। पश्चिम एशिया में स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और शेयर बाजारों में दबाव देखने को मिल रहा है।

अगर तनाव और बढ़ता है तो इसका असर ऊर्जा आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक बाजारों पर पड़ सकता है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर अमेरिका और ईरान के बीच अगले कदम पर टिकी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments