HomeDaily Newsलखनऊ: गोमतीनगर विस्तार थाने की जनेश्वर मिश्र पार्क चौकी की पुलिस पर...

लखनऊ: गोमतीनगर विस्तार थाने की जनेश्वर मिश्र पार्क चौकी की पुलिस पर वर्दी की आड़ में वसूली के गंभीर आरोप, दुकानदार का वीडियो वायरल; वसूली के लिए देर रात कॉल करने का भी दावा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क वेंडिंग ज़ोन से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुकानदार ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि कुछ पुलिसकर्मी नियमित रूप से दुकानदारों से कथित रूप से अवैध वसूली करते हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

दुकानदार सुजीत राय का दावा है कि वेंडिंग ज़ोन की प्रत्येक दुकान से ₹100 की वसूली की जाती है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से लगभग 40 से 45 दुकानदार प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित वसूली में मुख्य रूप से चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह और उनके साथ आने वाले कुछ पुलिसकर्मी शामिल रहते हैं।

दुकानदार ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि कथित वसूली के पैसों के लिए 9451111213 नंबर से देर रात तक लगातार फोन कॉल किए जाते हैं। इस संबंध में नंबर से किए गए कॉल के स्क्रीनशॉट भी True News UP के पास उपलब्ध हैं।

वीडियो में यह आरोप भी लगाया गया है कि कई बार 20 से 25 पुलिसकर्मी दुकान पर चाय, मैगी, बन-मक्खन सहित अन्य खाद्य सामग्री का सेवन करने के बाद बिना भुगतान किए चले जाते हैं। दुकानदार का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें दुकान बंद कराने और कार्रवाई कराने की धमकी दी गई।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोमतीनगर विस्तार पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

True News UP ने जब इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक, गोमतीनगर विस्तार से बात की तो उन्होंने कहा कि “वीडियो भेजिए, मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”

उधर, वेंडिंग ज़ोन के दुकानदारों ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

नोट: यह समाचार दुकानदार द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध वीडियो के आधार पर प्रकाशित किया जा रहा है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच अभी शेष है। पुलिस का पक्ष भी समाचार में शामिल किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments