HomeDaily Newsप्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य नहीं, जीवन और आत्मविश्वास लौटाने का माध्यम: डॉ....

प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य नहीं, जीवन और आत्मविश्वास लौटाने का माध्यम: डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ, 15 जुलाई 2026। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा आयोजित विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस जागरूकता वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने जलने की घटनाओं की रोकथाम, सही प्राथमिक उपचार तथा रिकंस्ट्रक्टिव प्लास्टिक सर्जरी के महत्व पर व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने की चिकित्सा नहीं है, बल्कि यह एसिड अटैक पीड़ितों, अग्निदुर्घटना एवं सड़क दुर्घटना के घायलों, जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों, कैंसर और गंभीर चोटों के मरीजों को नया जीवन, आत्मविश्वास और सम्मान प्रदान करती है। उन्होंने अपने पुलिस सेवा काल की एक एसिड अटैक घटना का उल्लेख करते हुए कहा, “हमने अपराधी को गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिलाया, लेकिन प्लास्टिक सर्जनों ने उसका चेहरा, आत्मविश्वास और जीवन फिर से संवार दिया। तभी से इस चिकित्सा शाखा के प्रति मेरा सम्मान असीम है।”

उन्होंने बताया कि विश्वभर में प्रतिवर्ष लगभग 1.8 लाख लोगों की मृत्यु जलने की घटनाओं से होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलने की स्थिति में प्रभावित स्थान को लगभग 20 मिनट तक साफ बहते पानी से ठंडा करें, टूथपेस्ट, घी, मक्खन, बर्फ या अन्य घरेलू नुस्खों का प्रयोग न करें तथा घाव को साफ कपड़े से ढककर तुरंत अस्पताल पहुंचें।

डॉ. सिंह ने कहा कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की शुरुआत भारत से हुई थी, जो वर्ष 2011 में नेशनल प्लास्टिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी डे के रूप में प्रारंभ होकर वर्ष 2021 में वैश्विक अभियान बन गया। उन्होंने एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल एवं उनकी टीम को जनजागरूकता अभियान और मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए बधाई दी। साथ ही केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा की उपस्थिति का स्वागत करते हुए ट्रॉमा केयर और प्लास्टिक सर्जरी में रक्तदान एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव रजनीश सेठी, विजय शर्मा, हरीश सिद्धार्थ, करण सहित चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, गोल्फर, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी से “बर्न अवेयरनेस एम्बेसडर” बनने का आह्वान करते हुए संदेश दिया, “जलने पर ठंडा पानी डालें, जीवन बचाएँ। जलन रोकें, जीवन बचाएँ। मुस्कान लौटाएँ।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments