HomeDaily News175 सप्ताह से जनसेवा की मिसाल: डॉ. राजेश्वर सिंह के जनसुनवाई शिविर...

175 सप्ताह से जनसेवा की मिसाल: डॉ. राजेश्वर सिंह के जनसुनवाई शिविर में बुजुर्गों को मिला आयुष्मान कार्ड, खिलाड़ियों को खेल किट और मेधावियों को साइकिल

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा में जनसेवा का अनूठा मॉडल बन चुके विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान लगातार 175वें सप्ताह भी पूरे समर्पण के साथ जारी रहा। इस बार जनसुनवाई शिविर का आयोजन बरियार खेड़ा, ग्राम पंचायत नारायणपुर, मंडल-खुशहालगंज में हुआ, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे विधायक के समक्ष रखीं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर में स्कूल की बाउंड्रीवाल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट, ग्रामीण आवास, साइकिल और आयुष्मान कार्ड समेत जनहित से जुड़े कुल 8 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन की सक्रियता से 2 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इनमें 82 वर्षीय श्रीमती श्याम पति और 78 वर्षीय श्रीमती मालती सिंह का आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाया गया, जिससे उन्हें निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण, मिलेंगे मुफ्त चश्मे

स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में विजन प्लस के सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद बुजुर्गों को डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनका दैनिक जीवन अधिक सुगम हो सके।

मेधावी छात्रों को मिली साइकिल, शिक्षा के लिए मिला प्रोत्साहन

शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राची सिंह, शिखा सिंह, सृष्टि सिंह और शिवांश प्रताप सिंह को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए साइकिल देकर सम्मानित किया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।

189वें बॉयज यूथ क्लब का गठन, खिलाड़ियों को मिली खेल सामग्री

युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशामुक्त एवं अनुशासित समाज के निर्माण के उद्देश्य से 189वें बॉयज यूथ क्लब का गठन किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को एक क्रिकेट किट और एक वॉलीबॉल किट प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।

“जनसेवा मेरा संकल्प है” – डॉ. राजेश्वर सिंह

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनसेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनका सतत संकल्प है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान जनविश्वास, संवेदनशीलता और सुशासन का सशक्त माध्यम बन चुका है।

लगातार 175 सप्ताह से संचालित यह अभियान अब केवल जनसुनवाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रभावी जनआंदोलन बन गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments