HomeDaily Newsसपा के 'चैलेंज' पर डॉ. राजेश्वर सिंह का पलटवार, बोले- भाजपा का...

सपा के ‘चैलेंज’ पर डॉ. राजेश्वर सिंह का पलटवार, बोले- भाजपा का आधार नारे नहीं, विकास और जनता का विश्वास

लखनऊ। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी की ओर से भाजपा को दी जा रही राजनीतिक चुनौती पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि लखनऊ में सपा प्रमुख और उनके नेताओं का “चैलेंज” यह दर्शाता है कि वे भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और जनता के अटूट विश्वास को समझने में पूरी तरह विफल रहे हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि भाजपा के 225 विधायक तो दूर, पार्टी के दो विधायक भी अपनी विधानसभा सीट बदलना नहीं चाहते, क्योंकि उन्हें अपने विकास कार्यों, मजबूत संगठन और जनता के समर्थन पर पूरा भरोसा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी आज जमीनी राजनीति से कटकर केवल ट्विटर और सोशल मीडिया तक सीमित होती जा रही है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत, आम जनता की समस्याओं और वास्तविक जनभावनाओं से उसका जुड़ाव लगातार कमजोर हुआ है।

भाजपा विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल सहित अनेक राज्यों में यह साबित किया है कि स्पष्ट नेतृत्व, मजबूत संगठन और जनता का विश्वास बड़े से बड़े राजनीतिक लक्ष्य हासिल करने की ताकत देता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सपा वास्तव में भाजपा को चुनौती देना चाहती है तो उसके शीर्ष नेताओं को राजधानी लखनऊ की प्रतिष्ठित विधानसभा सीटों से चुनाव लड़कर जनता के बीच अपना जनाधार साबित करना चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा अपने पिछले प्रदर्शन से भी बेहतर परिणाम हासिल करेगी। इसके पीछे पार्टी का विकास का सिद्ध रिकॉर्ड, मजबूत संगठन और जनता का निरंतर मिल रहा आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा केवल नारों की राजनीति नहीं करती, बल्कि विकास, सुशासन और जनसेवा के आधार पर जनता का विश्वास जीतने में सफल रही है और यही उसकी सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments