
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पहली बार लखनऊ आगमन को लेकर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। उनके स्वागत को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कुल 42 स्थानों पर स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का विमान शनिवार सुबह लगभग 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनके काफिले का विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा, बैंड-बाजों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।
स्वागत कार्यक्रम में सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थकों की सहभागिता रहेगी। पूरे मार्ग को भाजपा के झंडों, बैनरों और आकर्षक स्वागत द्वारों से सजाया गया है, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
भाजपा संगठन का दावा है कि इस ऐतिहासिक स्वागत में लाखों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। संगठन की ओर से सभी स्वागत स्थलों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत गरिमापूर्ण और यादगार बनाया जा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला लखनऊ दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनका यह दौरा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति के लिहाज से भी अहम संकेत दे सकता है। ऐसे में प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं की निगाहें इस दौरे पर टिकी हुई हैं।


































