HomeHEALTHHealth Update:दुनिया में बढ़ रहा मेंटल हेल्थ संकट, WHO रिपोर्ट में चौंकाने...

Health Update:दुनिया में बढ़ रहा मेंटल हेल्थ संकट, WHO रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े; हर 43 सेकंड में एक व्यक्ति कर रहा सुसाइड

World Health Organization की ताजा रिपोर्ट ने दुनियाभर में तेजी से बढ़ रही मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है। रिपोर्ट के अनुसार इस समय दुनिया का हर आठवां व्यक्ति किसी न किसी मानसिक विकार से जूझ रहा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित 79वीं वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में मेंटल हेल्थ को प्रमुख मुद्दों में शामिल किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में एक अरब से ज्यादा लोग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं में इसका असर सबसे तेजी से बढ़ रहा है। पुरुषों में आत्महत्या के मामले अधिक सामने आ रहे हैं, जबकि महिलाओं में एंग्जायटी और डिप्रेशन तेजी से बढ़ रहे हैं।

क्या होता है मेंटल डिसऑर्डर?

मेंटल डिसऑर्डर ऐसी स्थिति है, जो व्यक्ति की सोच, व्यवहार और भावनाओं को प्रभावित करती है। इसमें डिप्रेशन, एंग्जायटी, बाइपोलर डिसऑर्डर, पीटीएसडी, सोशल फोबिया, स्किजोफ्रेनिया और ईटिंग डिसऑर्डर जैसी समस्याएं शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार आज के समय में एंग्जायटी और डिप्रेशन सबसे आम मानसिक बीमारियों में शामिल हो चुके हैं।

किन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा असर?

WHO के आंकड़ों के अनुसार अमेरिका क्षेत्र में मानसिक विकारों की दर सबसे ज्यादा 15.6 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके बाद यूरोप में 14.2 प्रतिशत और दक्षिण-पूर्व एशिया में 13.2 प्रतिशत मामले सामने आए हैं। कोविड-19 महामारी के बाद मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं में अचानक बड़ा उछाल देखा गया।

आत्महत्या के मामले भी बढ़े

मानसिक स्वास्थ्य संकट का सबसे गंभीर पहलू बढ़ते आत्महत्या के मामले हैं। मेडिकल जर्नल The Lancet में प्रकाशित विश्लेषण के अनुसार हर साल करीब 7.4 लाख लोग आत्महत्या करते हैं। इसका मतलब है कि दुनिया में हर 43 सेकंड में एक व्यक्ति अपनी जान दे रहा है।

15 से 29 साल के युवाओं में आत्महत्या मौत का तीसरा सबसे बड़ा कारण बन चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते मानसिक समस्याओं की पहचान और इलाज बेहद जरूरी है, क्योंकि इसका असर व्यक्ति की पढ़ाई, नौकरी, रिश्तों और पूरी जिंदगी पर पड़ सकता है।

मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के लिए क्या करें?

  • रोजाना पर्याप्त नींद लें और नियमित व्यायाम करें
  • योग और मेडिटेशन को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं
  • अपनी भावनाओं को परिवार या दोस्तों से साझा करें
  • लंबे समय तक उदासी, डर या तनाव रहने पर विशेषज्ञ की मदद लें
  • नशे और अत्यधिक तनाव से दूरी बनाए रखें

मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मेंटल हेल्थ को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय पर मदद लेना ही इस बढ़ते संकट से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments