
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए सरोजनीनगर क्षेत्रवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नवीन परिसर, शहीद पथ स्थित गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में 1010 बेडेड अत्याधुनिक मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल, नवीन ओपीडी ब्लॉक एवं टीचिंग ब्लॉक निर्माण परियोजना की स्वीकृति प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इस संस्थान के विस्तार से न केवल राजधानी लखनऊ बल्कि पूरे प्रदेश के मरीजों को अत्याधुनिक एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को लगातार सशक्त किया जा रहा है और यह परियोजना उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि 855 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत 1010 बेड की क्षमता वाला आधुनिक मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों की बढ़ती संख्या एवं बेहतर उपचार व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नया ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा तथा 200 सीटों की क्षमता वाला अत्याधुनिक टीचिंग ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा। इससे चिकित्सा छात्रों को आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण मिलेगा तथा मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता को नई मजबूती प्राप्त होगी।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर आज तेजी से उत्तर प्रदेश की “हेल्थ कैपिटल” एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। क्षेत्र में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI), शहीद पथ स्थित राम मनोहर लोहिया हेल्थकेयर सेंटर का नया मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर, कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, अपोलो मेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, आगामी 900 बेड का मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वेल्सन मेडिसिटी, टेंडर पाम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, टी.एस. मिश्रा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) एंड हॉस्पिटल, ओ.पी. चौधरी डेंटल हॉस्पिटल, राजधानी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ हॉस्पिटल, नोवा शेखर हॉस्पिटल – MGMIT कैंपस, 2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं 8 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) इत्यादि जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के कारण सरोजनीनगर प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य एवं मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में स्थापित हो रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक चिकित्सा शिक्षा, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनसुलभ चिकित्सा सुविधाओं का व्यापक विस्तार भी है। इस परियोजना से गंभीर रोगियों को विशेषज्ञ उपचार शीघ्र उपलब्ध हो सकेगा तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को राजधानी में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना सरोजनीनगर सहित पूरे प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य उपलब्धि सिद्ध होगी और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी स्वास्थ्य सेवा केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


































