मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर एक ही परिवार के चार लोगों की तरबूज खाने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना ने गर्मियों में सबसे ज्यादा खाए जाने वाले फलों में शामिल तरबूज को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में तरबूज खाने के बाद आराम किया, लेकिन सुबह उठते ही सभी को उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, शरीर में किसी तरह के टॉक्सिन जाने की आशंका जताई गई है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
क्या होती है फूड पॉइजनिंग?
Food Poisoning तब होती है जब हम ऐसे खाद्य पदार्थ खाते हैं, जिनमें हानिकारक बैक्टीरिया, वायरस या जहरीले तत्व मौजूद होते हैं। इसके लक्षणों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बुखार और कमजोरी शामिल हैं। गंभीर मामलों में यह जानलेवा भी हो सकती है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
फल खरीदते समय रखें ये ध्यान:
- फल की बाहरी सतह पर कट, दरार या सड़न के निशान जरूर जांचें
- पहले से कटे हुए फल खरीदने से बचें
- खुले में लंबे समय से रखे फल न लें
- घर लाने के बाद फलों को अच्छे से धोकर ही खाएं
- गुनगुने पानी से धोने पर केमिकल और गंदगी बेहतर तरीके से साफ हो सकती है
तरबूज खाते समय खास सावधानी:
गर्मियों में तरबूज शरीर को ठंडक देता है, लेकिन इसे खाने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सीधे धूप से आने के तुरंत बाद तरबूज न खाएं और इसे सीमित मात्रा में ही सेवन करें। साथ ही, तरबूज को काटने से पहले अच्छी तरह धोना बेहद जरूरी है, ताकि बाहरी गंदगी अंदर न जाए।
यह घटना एक चेतावनी की तरह है कि खान-पान में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम दे सकती है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।


































