HomeLucknowलखनऊ के वृन्दावन स्थित "गुरुकुल किड्स प्ले स्कूल" के उद्घाटन में पहुंचे...

लखनऊ के वृन्दावन स्थित “गुरुकुल किड्स प्ले स्कूल” के उद्घाटन में पहुंचे डॉ. राजेश्वर सिंह : डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देते हुए सरोजनीनगर विधायक ने स्मार्ट क्लास स्थापित कराने की घोषणा की

लखनऊ : राजधानी के वृंदावन सेक्टर-6 स्थित गुरुकुल किड्स प्ले स्कूल ‘बालवाटिका’ में सोमवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

उन्होंने फीता काटकर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया और नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच समय बिताते हुए उन्हें प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।

प्रारंभिक शिक्षा को बताया भविष्य की आधारशिला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। यदि प्रारंभिक शिक्षा मजबूत होगी, तो आने वाली पीढ़ी आत्मविश्वासी, सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनेगी। उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था में मिलने वाला मार्गदर्शन और संसाधन ही बच्चों के व्यक्तित्व, सोच और कौशल का आधार तैयार करते हैं।

उन्होंने बच्चों की जिज्ञासा, सीखने की ललक और खेल-खेल में ज्ञान अर्जित करने की प्रवृत्ति की सराहना की और कहा कि यह आयु उनके समग्र विकास की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है।

स्मार्ट क्लास स्थापना की घोषणा, CSR से मिलेगा सहयोग

डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता अनिवार्य हो चुकी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों को प्रारंभ से ही तकनीकी रूप से सक्षम बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यालय में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से एक अतिरिक्त स्मार्ट क्लास स्थापित कराने का संकल्प व्यक्त किया, ताकि बच्चे आधुनिक डिजिटल संसाधनों के साथ अध्ययन कर सकें। उनका कहना था कि जैसे एक सैनिक के लिए श्रेष्ठ उपकरण आवश्यक होते हैं, वैसे ही भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए बच्चों को आधुनिक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है।

डिजिटल स्मार्ट क्लास और एबाकस पद्धति की सराहना

विद्यालय में पहले से संचालित डिजिटल स्मार्ट क्लास और एबाकस आधारित मेंटल मैथ्स प्रणाली की सराहना करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि एबाकस पद्धति बच्चों की गणितीय क्षमता को सुदृढ़ करती है। इसके साथ ही यह उनकी स्मरण शक्ति, एकाग्रता, तार्किक सोच और संज्ञानात्मक क्षमता को भी विकसित करती है।

उन्होंने कहा कि यह प्राचीन पद्धति आज के आधुनिक दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक है और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

विद्यालय प्रबंधन को दी बधाई

डॉ. राजेश्वर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता के प्रति समर्पण के लिए विद्यालय के चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा समस्त प्रबंधन और स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान न केवल शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि समाज के भविष्य को दिशा देने का कार्य भी करते हैं।

कार्यक्रम में रामेन्द्र श्रीवास्तव, पार्षद संजीव अवस्थी, मनोज रावत, दिनेश पाण्डेय, प्रधानाचार्य बिना रायन, सौरभ अवस्थी, बूथ अध्यक्ष केशव मिश्रा, सुनील सिंह, के. एन. सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र उपस्थित रहे।

समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां शिक्षा, तकनीक और भविष्य निर्माण को केंद्र में रखते हुए सकारात्मक संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments