अगर आप सिंगापुर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सिंगापुर सरकार ने यात्रियों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट में बैठने से पहले ही यात्रियों की इमिग्रेशन जांच पूरी कर ली जाएगी।
क्या है सिंगापुर जाने का नया नियम?
सिंगापुर की Immigration and Checkpoints Authority (ICA) ने 30 जनवरी 2026 से नए नियम लागू कर दिए हैं। इसके तहत चांगी और सेलेटार एयरपोर्ट पर आने वाली सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स के यात्रियों का Pre-Departure Immigration Check अनिवार्य कर दिया गया है।
अब तक इमिग्रेशन जांच सिंगापुर पहुंचने के बाद होती थी, लेकिन नए नियमों के तहत यह प्रक्रिया उड़ान से पहले ही पूरी की जाएगी।
कैसे होगी इमिग्रेशन जांच?
यात्रियों की जानकारी फ्लाइट से पहले ही एयरलाइन के जरिए ICA को भेजी जाएगी। यह जांच मुख्य रूप से दो तरीकों से की जाएगी—
- Flight Manifest
- SG Arrival Card (Singapore Arrival Card)
अगर जांच के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है, तो ICA की ओर से एयरलाइन को तुरंत ‘No Boarding’ का निर्देश जारी किया जाएगा, जिसके बाद यात्री को फ्लाइट में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। कुछ मामलों में चेक-इन के समय अतिरिक्त वेरिफिकेशन भी किया जा सकता है।
किन यात्रियों को फ्लाइट में बैठने नहीं दिया जाएगा?
- जिनके पास सिंगापुर का वैध वीजा नहीं होगा
- जिनके पासपोर्ट की वैलिडिटी 6 महीने से कम होगी
- SG Arrival Card नहीं भरा गया हो या उसमें गलत जानकारी हो
- जिनके खिलाफ पहले से कोई इमिग्रेशन या सिक्योरिटी से जुड़ा नेगेटिव रिकॉर्ड हो
पहले और अब में क्या बदला?
पहले यात्रियों को सिंगापुर पहुंचने के बाद इमिग्रेशन काउंटर पर जांच का सामना करना पड़ता था। अब यही प्रक्रिया फ्लाइट से पहले पूरी कर ली जाएगी। नियमों का पालन न करने पर एयरलाइन पर 10,000 सिंगापुर डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है, साथ ही संबंधित स्टाफ पर भी कार्रवाई हो सकती है।
अगर बोर्डिंग रोक दी जाए तो क्या करें?
यदि किसी यात्री को फ्लाइट में बैठने से रोका जाता है, तो वह ICA के आधिकारिक फीडबैक चैनल के माध्यम से संपर्क कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- पासपोर्ट की वैलिडिटी कम से कम 6 महीने हो
- सिंगापुर का सही और वैध वीजा जरूर हो
- SG Arrival Card समय पर और सही जानकारी के साथ भरें
- फ्लाइट से पहले सभी दस्तावेजों की दोबारा जांच करें
- एयरलाइन से आने वाले ईमेल और मैसेज पर ध्यान दें


































