सनी देओल और वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने सिनेमाघरों में जबरदस्त शुरुआत के बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते पहले हफ्ते में भी अच्छी कमाई की थी और फिर इसका दूसरा वीकेंड भी धमाकेदार रहा. हालांकि रिलीज के 11वें दिन इंडियन बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म को काफी धीमा रिस्पॉन्स मिला और इस वॉर ड्रामा फिल्म की कमाई में सोमवार को भारी गिरावट आई.चलिए यहां जानते हैं ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे मंडे को कितना कलेक्शन किया है?
‘बॉर्डर 2’ ने 11वें दिन कितनी की कमाई?
अनुराग सिंह निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ ने 23 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. बड़े पर्दे पर आने के बाद फिल्म की कहानी और इसकी स्टार कास्ट की परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हुई और इसी के साथ इस फिल्म ने पहले हफ्ते में ही 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली थी. फिर दूसरे वीकेंड पर भी ये फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही लेकिन वीकडेज में एंट्री करते ही इसकी कमाई को बड़ा झटका लगा है. बता दें कि दूसरे मंडे को फिल्म ने पहली बार सिंगल डिजिट में कलेक्शन किया है.
- सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे मंडे को 5.75 करोड़ की कमाई की है.
- जिसके बाद इस फिल्म का 11 दिनों का कुल कलेक्शन अब 281 करोड़ रुपये हो गया है.
- बता दें कि फिल्म ने रिलीज़ के पहले हफ़्ते में 224.25 करोड़ रुपये कमाए थे. इसके बाद 8वें दिन इस फिल्म ने 10.75 करोड़, 9वें दिन 17.75 करोड़ और 10वें दिन 22.50 करोड़ रुपये कमाए.
इन फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड
‘बॉर्डर 2’ की कमाई बेशक 11 वें दिन घटी लेकिन फिर भी इसने कई फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को मात दे दी है. फिल्मी बीट की रिपोर्ट के मुताबिक इसने ‘कबीर सिंह’ के 278.8 करोड़, ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ के 277.75 करोड़ और ‘टाइगर 3’ के 276.62 करोड़ी की लाइफटाइम कमाई को मात दे दी है.
‘बॉर्डर 2’ 300 करोड़ी बनने से कितनी दूर?
‘बॉर्डर 2’ ने दूसरे वीकेंड तक दमदार परफॉर्म किया है और पहली बार इसके कलेक्शन में दूसरे सोमवार को भारी गिरावट देखी जा रही है. हालांकि ये फिल्म भारत में 300 करोड़ी बनने की ओर तेजी से बढ़ रही है. इसे बस 19 करोड़ और कमाने की जरूरत है. उम्मीद है कि इस हफ्ते में फिल्म ये मील का पत्थर पार कर लेगी और इसकी 300 करोड़ के क्लब में एंट्री हो जाएगी.
बॉर्डर 2 के बारे में
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित इस वॉर ड्रामा में सनी के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी हैं. यह 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी. बॉर्डर 2, 1997 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म बॉर्डर का सीक्वल है. इसे टी-सीरीज़ और जेपी फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है. इसमें मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह, प्रणव वशिष्ठ और मेधा राणा भी अहम भूमिकाओं में हैं. 1997 की फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला की लड़ाई की घटनाओं पर आधारित थी, बॉर्डर 2 भी उसी संघर्ष के बैकग्राउंड पर बेस्ड है.
सनी ने बॉर्डर 2 की सक्सेस के मनाया था जश्न
हाल ही में, सनी देओल ने अपनी टीम के साथ दिल खोलकर डांस करते हुए बॉर्डर 2 की सफलता का जश्न मनाया था. अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर, सनी ने खुद का और अपनी टीम का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे बहुत खुशी के साथ अपनी लेटेस्ट रिलीज फिल्म की सक्सेस को सेलिब्रेट करते नजर आ रहे थे. क्लिप में, सनी ने टीम के साथ गाना गाया और केक काटाय
इससे पहले, सनी ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बॉर्डर 2 पर मिले रिस्पॉन्स के लिए अपने फैंस और फॉलोअर्स को धन्यवाद दिया था. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक मैसेज के साथ एक क्लिप पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “मेरी, आपकी, हमारी बॉर्डर 2 को इतना प्यार देने के लिए, आप सबको बहुत-बहुत थैंक्यू.”


































