The Kerala Story 2 ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है। उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया स्टारर इस फिल्म ने अपना पहला हफ्ता पूरा कर लिया है और अब भी सिनेमाघरों में इसकी कमाई जारी है। हालांकि सीक्वल होने के बावजूद यह अपने पहले पार्ट जितनी बड़ी कमाई नहीं कर पाई, लेकिन अलग से देखें तो फिल्म का कलेक्शन संतोषजनक माना जा रहा है।
फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे समीक्षकों से मिले-जुले से लेकर नकारात्मक रिव्यू तक मिले। इसके बावजूद दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म में दिलचस्पी दिखाई, जिसके कारण बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली।
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन लगभग 75 लाख रुपये से ओपनिंग की थी। पहले हफ्ते में इसका कुल कलेक्शन करीब 22.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने करीब 2.47 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ फिल्म की कुल कमाई अब लगभग 25.37 करोड़ रुपये हो गई है।
बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट करीब 28 करोड़ रुपये है। इस हिसाब से यह अपने बजट का 80 प्रतिशत से ज्यादा वसूल कर चुकी है। पूरी लागत निकालने और सुरक्षित स्थिति में आने के लिए फिल्म को अभी लगभग 4 करोड़ रुपये और कमाने की जरूरत है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दूसरे वीकेंड के बाद यह फिल्म 30 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन को पार कर सकती है और बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्मों की श्रेणी में शामिल हो सकती है।
हालांकि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद यह फिल्म अपने पहले भाग The Kerala Story के मुकाबले काफी पीछे नजर आती है। साल 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में ही करीब 81.14 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था और बाद में भारत में इसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन लगभग 241.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। ओवरसीज मार्केट से करीब 15 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई के साथ इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 302 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।


































