China ने समुद्री सैन्य ताकत के मामले में बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में सेवा में शामिल उसके अत्याधुनिक विमानवाहक पोत Fujian ने इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापल्ट सिस्टम का सफल परीक्षण किया है। माना जा रहा है कि यह तकनीक पारंपरिक स्टीम कैटापल्ट सिस्टम से कहीं ज्यादा उन्नत और प्रभावी है।
सरकारी प्रसारणकर्ता China Central Television द्वारा जारी वीडियो में परीक्षण का रोमांचक दृश्य दिखाया गया। परीक्षण के दौरान 30 टन वजनी लड़ाकू विमान, जो करीब 170 मील प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहा था, उसे महज 0.2 सेकंड में नियंत्रित कर लिया गया। इसे आधुनिक इंजीनियरिंग की बड़ी उपलब्धि बताया जा रहा है। युद्ध की स्थिति में तेज और सुरक्षित टेकऑफ-लैंडिंग के लिहाज से यह अहम प्रगति मानी जा रही है।
स्टीम कैटापल्ट से एक कदम आगे
चालक दल के सदस्य बाओ यू के मुताबिक, इस सिस्टम की खासियत इसकी त्वरित ऊर्जा आपूर्ति क्षमता है। यह कम दूरी में ही विमान को उड़ान योग्य गति दे देता है और जरूरत पड़ने पर उतनी ही तेजी से रोक भी सकता है। भारी विमानों के संचालन के बावजूद इसमें पारंपरिक स्टीम सिस्टम की तुलना में कम शोर होता है।
लगातार हमले की क्षमता
सैन्य विशेषज्ञ सोंग झोंगपिंग का कहना है कि इस तकनीक से विमानवाहक पोत से उड़ानों की रफ्तार कई गुना बढ़ जाएगी। इसका सीधा मतलब है कि युद्ध के समय यह पोत बिना ज्यादा अंतराल के लगातार मिशन लॉन्च कर सकेगा।
आधुनिक फाइटर जेट्स के साथ अभ्यास
5 नवंबर को आधिकारिक रूप से शामिल होने के बाद फुजियान ने अपने पहले समुद्री अभियान में Shenyang J-35, Shenyang J-15T, Shenyang J-15DT और KJ-600 जैसे विमानों के साथ टेकऑफ और लैंडिंग ड्रिल की।
इस अभ्यास ने संकेत दिया है कि चीन समुद्री रक्षा तकनीक में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है।


































