
• सरोजनीनगर के सौभाग्य मैरिज लॉन में हुआ पंडित खेड़ा व्यापार संघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण।
• विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया व्यापारियों की अर्थव्यवस्था में योगदान का उल्लेख।
• उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, 9.2% का आर्थिक योगदान।
• राज्य के जीएसटी कलेक्शन में व्यापारियों का 80% से अधिक योगदान।
• जीआईएस के माध्यम से प्रदेश में आए 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव।

लखनऊ: सरोजनीनगर क्षेत्र के सौभाग्य मैरिज लॉन, पंडित खेड़ा, कृष्णा नगर में गुरुवार को पंडित खेड़ा राष्ट्रीय व्यापार संघ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह शामिल हुए और उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एक विकसित देश की आधारशिला उसकी इकोनॉमी पर टिकी होती है, जिसमें व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जिसमें 9.2% का योगदान है।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 60% से अधिक योगदान व्यापारियों का है, जो 2.5 लाख करोड़ के आसपास है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के जीएसटी कलेक्शन में लगभग 80% का योगदान व्यापारी वर्ग का है और रोजगार सृजन में इस क्षेत्र का 45% हिस्सा है।
डॉ. सिंह ने योगी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार हुआ है, जिससे जीआईएस के माध्यम से 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं।
समारोह में व्यापार संघ के संस्थापक संजय गुप्ता, पार्षद गीता देवी, के के वालिया और अन्य पदाधिकारी व स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।


































