
पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 108वीं जन्म जयंती पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि, महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा

लखनऊ: भारत की तरक्की के लिए नई तकनीक को ग्रहण करें। उसे आगे बढ़ाएं। तकनीक को ग्रहण करने की क्षमता में वृद्धि करें। साथ ही पर्यावरण की चुनौतियों को भी स्वीकार करें। उसका डटकर मुकाबला करें। यह कहना है वरिष्ठ अर्थशास्त्री, पूर्व राज्यसभा सांसद व 15 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह का।

डिप्टी सीएम बुधवार को दीन दयाल उपाध्याय शोध संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। होटल क्लार्क अवध में दो सत्र में हुए कार्यक्रम की शुरुआत पं० दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुई। प्रथम सत्र में 15 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह ने विश्व पटल पर आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरता भारत पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विचार धारा को आगे बढ़ाते हुए भारत को नई दिशा दी है। गरीबों के हितों में काम किया। यही नहीं प्रधानमंत्री ने मुझे फिजिकल रिस्पांसब्लिटी कमेटी का उत्तरदायित्व सौंपा था। जिसे मैंने पूरी क्षमता से पूरा किया। कमेटी की रिपोर्ट सदन के समक्ष पेश की गई। सदन ने उसे स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य मिलकर काम करें। गरीबी को खत्म करें। योजनाओं को लागू करें। तभी विकसित भारत की परिकल्पना पूरी होगी।

द्वितीय सत्र में इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने विकसित भरत विजन 2047 पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का जीवन सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। समाज के सबसे पीछे खड़े व्यक्ति का कल्याण करना है। ताकि सबका साथ सबका विकास का नारा पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि जब तक 140 करोड़ जनता का उत्थान नहीं होगा। तब तक भारत का उत्थान नहीं होगा।
कार्यक्रम के संयोजक डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने आजाद भारत की जो परिकल्पना की थी, उसे मूर्त रूप देने में अपना पूरा जीवन लगा दिया। उनका मानना था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए उसे मुख्य धारा में लाना होगा, तभी आजाद भारत का सपना साकारा होगा। प्रधानमंत्री की नीतियां व गरीब कल्याण योजनाएं पंडित दीन दयाल उपाध्याय की सोच के मुताबिक आगे बढ़ाई जा रही हैं। सरकार गरीबों को मुख्यधारा में लाकर उनके जीवन को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। किसान सम्मान निधि, पांच लाख तक का मुफ्त इलाज, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि देश वासियों के लिए वरदान बन गई है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


































