
- डॉ. राजेश्वर सिंह ने ISC टॉपर मेधा प्रसाद को किया सम्मानित, बताया अपनी पीढ़ी की प्रेरणा
- ISC में 99.75%! डॉ. राजेश्वर सिंह ने नेशनल टॉपर मेधा प्रसाद की उपलब्धि को सराहा!
- मॉडर्न अकेडमी गोमती नगर के 5 मेधावियों को डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रदान किये लैपटॉप
लखनऊ: “मेधा प्रसाद ने वास्तव में अपने नाम के सार को साकार किया है, जो ज्ञान, विवेक और बुद्धिमत्ता का प्रतीक है। ISC में 99.75% अंक प्राप्त कर, उन्होंने न केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि अपनी पीढ़ी के लिए एक चमकदार उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। उनकी प्रतिबद्धता, विचारों की स्पष्टता और निरंतर कड़ी मेहनत उत्कृष्टता की सच्ची भावना को दर्शाते हैं। इस विचलित समय में, मेधा ने दिखाया है कि एकाग्रता, मूल्य और दृष्टिकोण असाधारण सफलता की ओर ले जाते हैं। उन्होंने अपने परिवार, विद्यालय और पूरे समुदाय को गौरवान्वित किया है और अनगिनत युवा मनों को ऊँचे लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया है।” ये प्रेरणास्पद शब्द सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा ISC बोर्ड की राष्ट्रीय टॉपर मेधा प्रसाद को सम्मानित करते हुए शुक्रवार को गोमती नगर स्थित मॉडर्न एकेडमी में आयोजित फेलिसिटेशन सेरेमनी में कहे गए।
यह कार्यक्रम ICSE (कक्षा 10) एवं ISC (कक्षा 12) की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजेश्वर सिंह ने मेधावी छात्रों को मेडल, प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न एवं लैपटॉप प्रदान किए और उन्हें शिक्षा, मूल्य और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित संदेश दिया। मेधा प्रसाद को सम्मानित करने के अलावा, डॉ. सिंह ने ICSE स्कूल टॉपर काव्या गुप्ता तथा NEET में ऑल इंडिया रैंक 325 प्राप्त करने वाली अद्विता को भी सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की पूर्व छात्रा अंतरा हॉवर्ड (वर्तमान मिसेज उत्तर प्रदेश) तथा भारत की अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप टीम के सदस्य नमन तिवारी का विशेष उल्लेख करते हुए उन्हें संस्थान द्वारा निर्मित प्रेरणास्रोत बताया।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता के अंतर्गत, डॉ. राजेश्वर सिंह ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए विद्यालय को पाँच लैपटॉप प्रदान किए। उन्होंने विद्यालय निदेशक राजीव तुली, सुनील तुली और सिद्धार्थ तुली की नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने मूल्य, अनुशासन और तकनीकी संसाधनों के साथ शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा दिया है। समारोह में डॉ. दीपक अग्रवाल (मुख्य गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट एवं एमडी, ग्लोब मेडिकेयर), डॉ. नारायण प्रसाद (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, नेफ्रोलॉजी, SGPGIMS) और डॉ. रेनू सिंह (प्रोफेसर, प्रसूति एवं स्त्री रोग, KGMU) आदि गणमान्य शामिल रहे।


































