
लखनऊ, 19 फरवरी 2026। सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में मोहनलालगंज स्थित अंबालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एआईएमटी) में ‘एनवायरनमेंट वॉरियर्स – द गार्जियंस ऑफ द ग्रीन’ के तत्वावधान में पर्यावरण जागरूकता क्विज प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़े भैया श्री रामेश्वर सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 प्रतिष्ठित महाविद्यालयों से कुल 85 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करना रहा।
युवा उत्सव 2.0 में होगा विजेताओं का सम्मान

प्रतियोगिता के विजेताओं को क्रमशः ₹1,00,000, ₹50,000 एवं ₹25,000 की पुरस्कार राशि आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित मुख्य कार्यक्रम ‘युवा उत्सव 2.0’ में प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त एवं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह विजेताओं को सम्मानित करेंगे। यह आयोजन युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरित करने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रकृति संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी
अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज देश के लाखों युवा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन सफलता उन्हीं को प्राप्त होती है जो समय का सदुपयोग करते हुए शारीरिक एवं मानसिक रूप से सजग रहते हैं। उन्होंने कहा कि यही सजगता पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आवश्यक है।
उन्होंने ‘पृथ्वी अति-उपभोग दिवस’ का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1972 में यह दिन वर्ष के अंतिम चरण में आता था, जबकि वर्ष 2025 तक यह जुलाई–अगस्त में पहुंच गया है। यह स्थिति स्पष्ट संकेत देती है कि मानव समाज पृथ्वी के संसाधनों का अत्यधिक दोहन कर रहा है।
डॉ. सिंह ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 100 वर्षों में वैश्विक तापमान में लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जबकि लखनऊ में बीते 20 वर्षों में भूमिगत जलस्तर 20 मीटर से अधिक नीचे चला गया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को व्यक्तिगत दायित्व मानते हुए सक्रिय भूमिका निभाएं।
विभिन्न संस्थानों की सहभागिता
इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान (दरोगा खेड़ा), डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (रायबरेली रोड), डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (पारा), सरस्वती मेडिकल कॉलेज (उन्नाव), मॉडर्न गर्ल्स कॉलेज, मॉडर्न कॉलेज ऑफ एजुकेशन, महाराणा प्रताप समूह संस्थान (बंथरा), नोवा शेखर कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सेइको कॉलेज ऑफ फार्मेसी, आर्यकुल समूह महाविद्यालय, एंकराइट इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, एसकेडी डिग्री कॉलेज, गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज, आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च, स्वामी विवेकानंद गर्ल्स डिग्री कॉलेज, अंबालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, एआईपीएस तथा अंबिकेश्वर समूह संस्थान (बीकेटी) के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
आयोजन समिति को शुभकामनाएं
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए श्री अंबिका मिश्रा जी, डॉ. श्वेता द्विवेदी जी, नंदजा मिश्रा जी, अमृतांशु शेखर आज़ाद जी सहित संपूर्ण अंबालिका टीम एवं एनवायरनमेंट वॉरियर टीम को विशेष शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का समापन “प्रकृति भी हमारी, लोकतंत्र भी हमारा” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल पर्यावरण जागरूकता का मंच बना, बल्कि युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ।


































