HomeDaily Newsइमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी गंभीर रूप से कम, 85%...

इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी गंभीर रूप से कम, 85% तक खोई; रिपोर्ट ने शहबाज और मुनीर के दावों की सच्चाई उजागर की

पाकिस्तान की अडियाला जेल में पिछले 922 दिनों से कैद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त अमीकस क्यूरी बैरिस्टर सलमान सफदर ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इमरान खान की दाहिनी आंख की 85% रोशनी खत्म हो चुकी है। वर्तमान में वह केवल 15% दृष्टि के साथ ही देख पा रहे हैं।

आंखों की समस्या का विवरण

रिपोर्ट में बताया गया है कि अक्टूबर 2025 तक इमरान खान की दोनों आंखों की रोशनी सामान्य थी। इसके बाद उन्हें धुंधलापन और ठीक से ना दिखने की शिकायत शुरू हुई। लेकिन अडियाला जेल प्रशासन और पाकिस्तानी सरकार ने उचित उपचार नहीं कराया। परिणामस्वरूप इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी अचानक समाप्त हो गई।

20 फरवरी को उन्हें पाकिस्तान इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में ले जाया गया, जहां राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन की पुष्टि हुई। अस्पताल में 20 मिनट का उपचार किया गया, लेकिन इसके बावजूद उनकी दाहिनी आंख से केवल 15% ही दृष्टि बची है।

मुलाकात के दौरान स्थिति

अमीकस क्यूरी ने बताया कि मुलाकात के दौरान इमरान खान बार-बार परेशान दिखाई दिए और उनकी आंखों में लगातार पानी आ रहा था। उन्हें टिश्यू से आंखें पोंछते देखा गया। जेल प्रशासन के पास इमरान खान का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। 6 फरवरी 2026 की एक रिपोर्ट केवल उनके परिवार से प्राप्त हुई, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर का विवरण भी अधूरा था।

जेल में जीवन और परिस्थितियां

इमरान खान अक्टूबर 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं। वह लगभग दो साल चार महीने से अकेले एक ही सेल में रह रहे हैं। सुबह उठकर नाश्ता, कुरान पढ़ना और व्यायाम करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। शाम 5:30 बजे से सुबह 10 बजे तक वह अपनी छोटी सेल में कैद रहते हैं।

  • सेल का आकार: 8 फीट लंबा, 10 फीट चौड़ा।
  • बिस्तर, कुर्सी, टेबल, पंखा, ब्लोअर हीटर और 32 इंच का टीवी (जो जांच के समय चालू नहीं था) मौजूद।
  • लगभग 100 किताबें रखी हुई हैं।
  • टॉयलेट छोटा, एग्जॉस्ट सिस्टम नहीं।
  • कपड़े हेंगर पर टंगे हैं, अलमारी नहीं। कुर्सी खराब हालत में।

गर्मियों में हालात और स्वास्थ्य जोखिम

गर्मी के मौसम में इमरान खान की हालत और खराब हो जाती है। फ्रिज नहीं है, केवल कूल बॉक्स उपलब्ध है। पिछली गर्मी में उन्हें 2-3 बार फूड पॉइजनिंग हुई। कूलर और मच्छर भगाने की व्यवस्था अपर्याप्त है।

कानूनी अधिकारों और परिवार से मुलाकात

रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान को पिछले पाँच महीनों से अपने वकीलों और कानूनी टीम से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। इसके चलते निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का हनन हुआ है।

इमरान खान को अपनी पत्नी बुशरा बीबी से हफ्ते में केवल 30 मिनट की मुलाकात दी जाती है। बहनों और अन्य रिश्तेदारों से मुलाकात तक प्रतिबंधित है। 2025 में उन्हें ब्रिटेन में रहने वाले बेटों कासिम और सुलेमान से केवल दो बार टेलीफोन पर बातचीत की अनुमति मिली।

अमीकस क्यूरी की सिफारिशें

सलमान सफदर ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि इमरान खान की आंखों की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नेत्र चिकित्सकों की स्वतंत्र टीम का गठन कर तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही उनके निजी चिकित्सक डॉ. फैसल सुल्तान और डॉ. आसिम यूसुफ को भी उपचार प्रक्रिया में शामिल किया जाए।

इसके अलावा उन्हें परिवार से मुलाकात और बातचीत की अनुमति देने की सिफारिश की गई ताकि उनके मूलभूत मानवीय अधिकार सुरक्षित रह सकें।

बेटे कासिम खान के आरोप

रिपोर्ट के बाद इमरान खान के बेटे कासिम खान ने ट्विटर पर आरोप लगाया कि पिता की खराब हालत के लिए 922 दिनों की अलगाव में कैद, मेडिकल नेग्लेक्ट और जानबूझकर इलाज न देना जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के लिए पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और मौजूदा सरकार दोषी हैं।

कासिम ने यह भी कहा कि उन्हें और उनके भाई को पिता से मिलने का वीजा नहीं दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments