
तेहरान/तेल अवीव। मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। इज़रायल ने ईरान के खिलाफ बड़ा जवाबी हमला शुरू कर दिया है। ईरान की राजधानी तेहरान में एक के बाद एक कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेहरान के कई हिस्सों में जोरदार विस्फोट हुए और आसमान में धुएं का गुबार उठता देखा गया। हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों को घेर लिया गया है।
उधर इज़रायल ने भी अपने यहां आपात स्थिति घोषित कर दी है। देशभर में सायरन बजाए जा रहे हैं और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तथा घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। इज़रायली रक्षा बल (IDF) ने आधिकारिक बयान जारी कर लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सूत्रों के मुताबिक इज़रायल ने तेहरान में मिसाइल और रॉकेट के जरिए हमला किया है। हालांकि नुकसान और हताहतों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इज़रायल के रक्षा मंत्री ने हमले की जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर की गई है।
दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द काबू में नहीं आए तो क्षेत्रीय संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है।


































