आईपीएल 2026 से पहले युजवेंद्र चहल ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। अनुभवी स्पिनर ने बताया कि उन्होंने शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया है और अब वह अपनी फिटनेस पर पहले से ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले चहल इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने एबी डिविलियर्स के यूट्यूब शो पर बातचीत के दौरान बताया कि पिछले 6 महीनों से उन्होंने शराब को हाथ तक नहीं लगाया है।
35 वर्षीय चहल ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर फिटनेस बनाए रखना उनके लिए बेहद जरूरी है। उनका लक्ष्य है कि वह अपनी टीम के लिए 150 प्रतिशत योगदान दें और एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर युवा खिलाड़ियों के लिए उदाहरण बनें।
चहल ने पिछले सीजन को लेकर भी अहम बात साझा की। उन्होंने माना कि फाइनल मुकाबले में मार्को जानसेन की गैरमौजूदगी टीम पर भारी पड़ी थी। उनका मानना है कि अगर जानसेन टीम में होते तो नतीजा अलग हो सकता था।
इसके अलावा चहल ने खुलासा किया कि पिछले आईपीएल सीजन के अंत में वह चोट से जूझ रहे थे। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के बाद उनकी पसलियों में फ्रैक्चर हो गया था, वहीं उंगली में भी चोट थी। इसके चलते वह सेमीफाइनल और फाइनल में अपनी स्वाभाविक लेग स्पिन नहीं कर पाए।
अब चहल पूरी तरह फिट होकर मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं और उनका लक्ष्य है कि वह अपनी टीम को पहला आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाएं।


































