होली का त्योहार पूरे देश में रंगों और खुशियों के साथ मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लेते हैं। गुजिया, मठरी, दही-भल्ले और कई तरह के मीठे व तले-भुने व्यंजन त्योहार का खास हिस्सा होते हैं। हालांकि ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना खाने की वजह से कई लोगों को एसिडिटी, गैस, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुछ हेल्दी ड्रिंक्स का सेवन पाचन तंत्र को संतुलित रखने और गट हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
छाछ
छाछ को पाचन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। भारी भोजन के बाद इसका सेवन पेट को हल्का महसूस कराने में मदद करता है। छाछ में पुदीना, काला नमक और भुना हुआ जीरा मिलाकर पीने से इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है। चाहें तो इसमें थोड़ी अदरक या करी पत्ते भी डाल सकते हैं। यह मिश्रण पाचन प्रक्रिया को सुधारता है और शरीर को पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करता है।
जीरे का पानी
जीरे का पानी भी पाचन से जुड़ी समस्याओं को कम करने में उपयोगी माना जाता है। इसके लिए एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा डालकर उबाल लें और इसमें थोड़ा सेंधा नमक मिलाकर गुनगुना ही पिएं। यह गैस और अपच को कम करने के साथ पेट के एसिड को संतुलित रखने में मदद करता है।
आंवला जूस
आंवला जूस सेहत के लिए काफी लाभकारी माना जाता है। इसे शहद और नींबू के साथ लेने से पाचन तंत्र को मजबूती मिलती है। विटामिन-सी और फाइबर से भरपूर आंवला शरीर को डिटॉक्स करने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके सेवन से कब्ज की समस्या से भी राहत मिल सकती है।
नारियल पानी
नारियल पानी प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स का अच्छा स्रोत है। यह शरीर को तुरंत हाइड्रेशन देता है और पेट को ठंडक पहुंचाता है। साथ ही यह पाचन तंत्र को संतुलित रखने और शरीर को ऊर्जा देने में भी सहायक होता है।
सौंफ का पानी
सौंफ का पानी एसिडिटी और पेट फूलने की समस्या में काफी राहत देता है। इसके लिए गुनगुने पानी में एक चम्मच सौंफ उबालकर पिएं। यह गैस की समस्या को कम करने के साथ मुंह की दुर्गंध को भी दूर करने में मदद करता है।
त्योहार के दौरान अगर भारी भोजन किया गया हो तो इन हेल्दी ड्रिंक्स को दिनचर्या में शामिल करके पाचन को बेहतर रखा जा सकता है। इससे होली की खुशियों के साथ सेहत भी संतुलित बनी रहती है।


































