श्रीलंका के क्रिकेटर Bhanuka Rajapaksa की शिकायत के बाद एक्ट्रेस Harshi Rasanga को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला एक महंगी गोल्ड चेन को लेकर है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
शिकायत के मुताबिक, राजपक्षे ने यह चेन अस्थायी रूप से एक्ट्रेस को दी थी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने बिना जानकारी दिए इसे गिरवी रख दिया। इस मामले में नोटिस जारी होने के बाद Harshi Rasanga को थलंगगामा पुलिस ने हिरासत में लिया।
मामले की सुनवाई Kaduwela Magistrate Court में हुई, जहां एक्ट्रेस ने स्वीकार किया कि उन्होंने चेन बिना बताए गिरवी रखी थी। हालांकि, उनके वकीलों ने अदालत को आश्वासन दिया कि वह चेन वापस कर देंगी।
अदालत ने उन्हें 5-5 लाख रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दे दी। लेकिन जमानत मिलने के बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि जब वह Bhanuka Rajapaksa के साथ रिश्ते में थीं, तब यह चेन उन्हें गिफ्ट में दी गई थी। इस दावे पर फिलहाल क्रिकेटर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई में संबंधित गोल्ड चेन को पेश किया जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को तय की गई है।
अगर क्रिकेट करियर की बात करें तो Bhanuka Rajapaksa श्रीलंका के लिए सीमित ओवरों के खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 5 वनडे और 45 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। साथ ही वह Punjab Kings के लिए आईपीएल में भी खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 2022 और 2023 सीजन में हिस्सा लिया था।


































