
- डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा- सहज संवाद से संभव है जन समस्याओं का प्रभावी समाधान।
- डॉ. राजेश्वर सिंह ने पराग चौराहा, आशियाना में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं।
- इंटरमीडिएट और हाईस्कूल टॉपर्स को टैबलेट देकर मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
- तारा शक्ति केंद्रों और रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा केंद्रों की स्थापना पर चर्चा की गई।
- कल्ली पश्चिम की रंजना सिंह को उनके नए ब्रांड पटसन इंडिया के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
- सरोजनीनगर को आदर्श विधानसभा बनाने के लिए क्षेत्रवासियों से सहयोग का आह्वान किया गया।

लखनऊ, 20 दिसम्बर 2024: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार को पराग चौराहा, आशियाना में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। जन संवाद में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए, जिन्होंने अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। त्वरित समाधान की प्रक्रिया से आवेदकों के चेहरे पर संतोष की झलक साफ दिखाई दी।

जन संवाद के दौरान क्षेत्रीय विकास के कई सुझाव प्राप्त हुए। इसमें तारा शक्ति केंद्रों एवं रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा और युवा सशक्तिकरण केंद्रों की स्थापना के प्रस्ताव विशेष चर्चा का विषय रहे। इन योजनाओं का उद्देश्य सरोजनीनगर क्षेत्र को शैक्षिक और सामाजिक स्तर पर सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डॉ. सिंह ने इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के टॉपर्स को टैबलेट देकर सम्मानित किया। इंटरमीडिएट परीक्षा में 91.6% अंक प्राप्त करने वाली वंशिका शंखवार (अंबेडकर पुरम, तेलीबाग), 92% अंक प्राप्त करने वाली आयुषी सिंह (बनी), और हाईस्कूल परीक्षा में 97% अंक हासिल करने वाली अनुराधा दुबे (पराग चुंगी) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

डॉ. सिंह ने इस अवसर पर तारा शक्ति केंद्र कल्ली पश्चिम को ऊंचाईयों पर ले जाने वाली रंजना सिंह को उनके नए ब्रांड पटसन इंडिया की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन रहा है।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा, “जन अभिनंदन और जन संवाद से ही जन समस्याओं के समाधान की सिद्धि संभव है।” उन्होंने सरोजनीनगर विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाने के अपने लक्ष्य को दोहराते हुए क्षेत्रवासियों से इस दिशा में सहयोग देने का आह्वान किया।