HomeDaily NewsColombia News: कैश वैन लूटने में नाकाम बदमाशों ने सुपरमार्केट में बनाया...

Colombia News: कैश वैन लूटने में नाकाम बदमाशों ने सुपरमार्केट में बनाया बंधक, फिरौती और सुरक्षित रास्ते की मांग का दावा

दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के पर्यटन शहर कार्टाजेना में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां हथियारों से लैस कुछ बदमाशों ने एक सुपरमार्केट में घुसकर करीब 25 लोगों को बंधक बना लिया। घटना के बाद पुलिस, सेना और नौसेना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए बचाव अभियान शुरू किया। आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया और इमारतों पर स्नाइपर्स तैनात किए गए।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले एक कैश वैन को लूटने की कोशिश की थी, लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद वे भागकर ‘एक्सिटो’ (Exito) नाम के सुपरमार्केट में दाखिल हो गए। वहां मौजूद लोगों को उन्होंने अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआती जानकारी में करीब 30 लोगों के बंधक बनाए जाने की बात सामने आई थी।

पांच बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित छोड़ा

कोलंबिया के राष्ट्रपति एबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला ने बताया कि बंधकों में शामिल पांच बुजुर्ग महिलाओं को बाद में सुरक्षित रिहा कर दिया गया। बाकी लोगों को छुड़ाने के लिए विशेष सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, अभियान में पुलिस के साथ सेना और नौसेना की टीमें भी सहयोग कर रही हैं। कार्टाजेना में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और घटनास्थल के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

घटना के मद्देनजर शहर आने वाली कुछ उड़ानों को एहतियातन अस्थायी रूप से रोका गया था। हालांकि, बाद में हवाई सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं।

बंधकों की तस्वीरें सामने आने से बढ़ी चिंता

स्थानीय टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में नकाब पहने हथियारबंद बदमाश राइफल लेकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं, बंधक बनाए गए लोग जमीन पर घुटनों के बल बैठे नजर आ रहे हैं। सुपरमार्केट के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बंधकों में सुपरमार्केट के कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहां काम करने वाले एक युवक के पिता जैकब पेरेज ने अपने बेटे को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा काम से घर नहीं लौटा है और उसका फोन भी नहीं उठ रहा। उन्हें आशंका है कि बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया होगा।

बदमाशों ने रखीं ये मांगें

स्थानीय मीडिया में सामने आई जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने बंधकों की रिहाई के बदले करीब 20 लाख डॉलर यानी लगभग 16 से 17 करोड़ रुपये की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने दो बख्तरबंद गाड़ियां और करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित बैरेंक्विला शहर तक सुरक्षित पहुंचने का रास्ता भी मांगा है।

हालांकि, फिरौती और दूसरी मांगों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा बलों का अभियान जारी रहने के बीच प्रशासन की प्राथमिकता सभी बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

राष्ट्रपति ने कहा है कि इस घटना के पीछे किसी आतंकवादी या विद्रोही संगठन का हाथ होने की जानकारी नहीं है। उनके अनुसार, यह लूट की कोशिश के दौरान घिर गए अपराधियों की कार्रवाई हो सकती है, जिसमें वे बचने के लिए बंधकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

कोलंबिया में बढ़ती हिंसा के बीच हुई घटना

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कोलंबिया के कई इलाकों में हिंसा और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। इससे एक दिन पहले सोमवार देर रात विलाविसेंशियो शहर में कार बम धमाका हुआ था। इस विस्फोट में 25 लोग घायल हुए थे और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था।

प्रशासन ने उस धमाके के लिए विद्रोही संगठन FARC के एक धड़े को जिम्मेदार ठहराया था। राष्ट्रपति डे ला एस्प्रिएला की सरकार अपराधियों और हिंसक समूहों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की बात कह रही है। इसके बावजूद देश के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments