
लखनऊ, 12 सितंबर 2024: लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने श्री गणेश चतुर्थी (गणेशोत्सव) के दस दिवसीय महापर्व के दौरान सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए डायवर्जन योजना की घोषणा की है। ये यातायात डायवर्जन 13 सितंबर 2024 से 17 सितंबर 2024 तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगा। गणेशोत्सव के दौरान लखनऊ की सड़कों पर यातायात का भारी दबाव रहेगा, इसलिए यातायात पुलिस ने यातायात डायवर्जन योजना बनाई है ताकि नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लखनऊ में यातायात डायवर्जन के मुख्य बिंदु
- अयोध्या से कैसरबाग जाने वाली रोडवेज बसें: अयोध्या की तरफ से कैसरबाग जाने वाली रोडवेज बसों को कमता तिराहा से गोमतीनगर की ओर मोड़ दिया जाएगा। यह बसें समतामूलक चौराहा, गांधी सेतु (1090) चौराहा, पीएनटी बालू अड्डा, संकल्प वाटिका तिराहा, चिरैयाझील तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा के पीछे से सीडीआरआई होते हुए कैसरबाग बस अड्डा पहुँचेंगी।
- सीतापुर रोड से कैसरबाग आने वाली रोडवेज/सिटी बसें: मड़ियॉंव, पुरनिया/डालीगंज रेलवे क्रासिंग, पक्का पुल, शाहमीना, डालीगंज पुल, सीडीआरआई होते हुए कैसरबाग जाएंगी। वापसी में यह बसें बलरामपुर ढाल, शहीद स्मारक होकर लौटेंगी।
- चौक/डालीगंज पुल की ओर से आने वाला यातायात: क्लार्क अवध तिराहे से सुभाष चौराहा होकर नहीं जा सकेगा। यह यातायात क्लार्क अवध तिराहे से चिरैयाझील होकर अपने गंतव्य तक पहुँचेगा।
- डालीगंज पुल इक्का तांगा स्टैंड चौराहा से यातायात: गोमती नदी बंधा (झूलेलाल पार्क) होकर नदवा कालेज की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात गोमती नदी पुल पारकर या उमराव सिंह धर्मशाला होकर, आईटी चौराहा की ओर से गंतव्य की ओर जाएगा।
- टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा से मकबरा रोड की ओर: सामान्य यातायात परिवर्तन चौक की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात कैसरबाग बस अड्डा, सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगा।
- निराला नगर की ओर से आने वाला यातायात: आईटी चौराहा से विश्वविद्यालय मार्ग होकर सुभाष चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात आईटी चौराहा से समथर पेट्रोल पंप होते हुए निशातगंज/डालीगंज पुल से अपने गंतव्य की ओर जाएगा।
- कैसरबाग/सीडीआरआई, क्लार्क अवध तिराहा से सुभाष चौराहा की ओर: सामान्य यातायात क्लार्क अवध तिराहे से सीधे कृष्णा मेडिकल सेंटर होते हुए चिरैयाझील तिराहा की ओर से गंतव्य को जाएगा।
- हजरतगंज चौराहा और परिवर्तन चौक से आने वाला यातायात: सुभाष चौराहा से हनुमान सेतु होकर आईटी चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात मकबरा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज, सीडीआरआई या चिरैयाझील से होकर गंतव्य तक पहुंचेगा।
- हनुमान सेतु/नदवा बंधा तिराहे से नदवा बंधा रोड झूलेलाल पार्क की ओर: सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात आईटी चौराहा होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगा।
महत्वपूर्ण नोट
अत्यावश्यक परिस्थितियों में, जैसे चिकित्सा या अन्य आपात स्थिति, प्रतिबंधित मार्ग पर भी एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस, और स्कूली वाहनों को आवश्यकतानुसार अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।लखनऊ ट्रैफिक पुलिस के इस यातायात डायवर्जन प्लान का पालन करके नागरिक गणेशोत्सव के दौरान अपने गंतव्य तक आसानी से पहुँच सकते हैं।