पाकिस्तान में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। संगठन के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई ताहिर अनवर की सोमवार (30 मार्च 2026) को बहावलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि 62 वर्षीय ताहिर अनवर संगठन के सैन्य मामलों का प्रमुख था और साल 2001 से आतंकी ट्रेनिंग कैम्पों के संचालन तथा आतंकियों की ट्रेनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहा था। संगठन के गठन से पहले वह मुर्गी पालन का काम करता था।
सूत्रों के अनुसार, ताहिर अनवर हाल के दिनों में जैश-ए-मोहम्मद के नए मुख्यालय ‘मरकज उस्मान ओ अली’ में अपने परिवार के साथ रह रहा था। यहां से वह ट्रेनिंग कैम्पों के संचालन के साथ-साथ हथियारों की खरीद-फरोख्त जैसे कार्यों में भी शामिल था।
उनकी नमाज-ए-जनाजा उसी मुख्यालय में अदा की गई, जिसमें मसूद अजहर सहित संगठन से जुड़े कई अन्य सदस्य मौजूद बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि इससे पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान मरकज सुभानल्लाह पर भारतीय वायुसेना की कार्रवाई में ताहिर अनवर और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन उस समय उनकी जान बच गई थी।
सोमवार शाम करीब 6 बजे के आसपास उनकी मौत की खबर सामने आई, हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
इस बीच, पाकिस्तान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी ताहिर अनवर की मौत की खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें इसे “अल्लाह की मर्जी” बताया जा रहा है।


































