दक्षिण प्रशांत महासागर में बसा तुवालु – पहला ATM लगते ही लोगों ने केक काटकर मनाया जश्न
दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित तुवालु एक छोटा द्वीपीय देश है, जो दुनिया के सबसे छोटे और कम आबादी वाले देशों में गिना जाता है। लगभग 12 से 13 हजार की आबादी वाले इस देश में अब तक सभी लेन-देन नकद (कैश) में होते थे। लेकिन 15 अप्रैल को तुवालु ने इतिहास रचते हुए अपना पहला ATM स्थापित कर लिया।
प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन, लोगों के साथ मनाया जश्न
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया और हवाई के बीच स्थित इस छोटे से देश में ATM की शुरुआत एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। प्रधानमंत्री फेलेटी तेओ ने मुख्य द्वीप फुनाफुटी में इस ATM का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ केक काटा और इसे तुवालु के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बतायाREAD ALSO
ATM: तुवालु के लिए बदलाव की शुरुआत
नेशनल बैंक ऑफ तुवालु के जनरल मैनेजर सिओसे तेओ ने इसे एक बड़ा बदलाव करार दिया। उन्होंने कहा कि यह ATM देश के लगभग 11,200 लोगों के लिए प्रगति के नए रास्ते खोलेगा। पैसिफिक टेक्नोलॉजी लिमिटेड के निसार अली ने बताया कि यह ATM लोगों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने का काम करेगा।
छोटा मगर खास देश
तुवालु में कुल 9 द्वीप हैं। केवल 26 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस देश की खूबसूरती और शांति इसे खास बनाती है। 2023 में यहां 3,000 से ज्यादा पर्यटक पहुंचे थे। देश का एकमात्र हवाई अड्डा फुनाफुटी में है, जहां से सिर्फ कुछ उड़ानें पड़ोसी देश फिजी के लिए उपलब्ध हैं। अधिकतर लोग फेरी के माध्यम से यात्रा करते हैं क्योंकि यहां घरेलू उड़ानें नहीं हैं।
जलवायु परिवर्तन से संकट में तुवालु
तुवालु की भौगोलिक स्थिति इसे जलवायु परिवर्तन के प्रति बेहद संवेदनशील बनाती है। समुद्र का बढ़ता जलस्तर इसकी जमीन को लगातार सिकोड़ रहा है। 2021 में यह देश तब अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आया जब तत्कालीन विदेश मंत्री साइमन कोफे ने घुटनों तक पानी में खड़े होकर संयुक्त राष्ट्र को संबोधित किया।


































