बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश के ट्रिब्यूनल से अपील की है कि उन्हें सुनाई गई मौत की सजा को कानूनी रूप से निरस्त किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि उनके खिलाफ चल रहा मुकदमा अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाए।
क्या है हसीना की मांग?
30 मार्च को लिखे गए पत्र में शेख हसीना ने पांच प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें सबसे अहम यह है कि:
- उनके खिलाफ दिए गए फैसले और मृत्युदंड को तुरंत अमान्य घोषित किया जाए
- सजा के क्रियान्वयन पर रोक लगाई जाए
- आगे की सुनवाई पूरी तरह निष्पक्ष और अंतरराष्ट्रीय कानूनी मानकों के अनुरूप हो
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सभी आरोपों और सबूतों की पूरी जानकारी दी जाए और अपनी पसंद के वकील के साथ बचाव का पूरा अवसर मिले।
क्या है मामला?
बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) ने 17 नवंबर को शेख हसीना को दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। यह फैसला 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के दौरान हुई कार्रवाई को “मानवता के खिलाफ अपराध” मानते हुए दिया गया था।
ट्रिब्यूनल ने यह भी कहा था कि हसीना कानून प्रवर्तन एजेंसियों और अपनी पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं द्वारा नागरिकों के खिलाफ हुए कथित अपराधों को रोकने में विफल रहीं। इसके अलावा उन्हें एक अन्य मामले में आजीवन कारावास की सजा भी दी गई थी।
बदलते राजनीतिक हालात
यह अपील ऐसे समय में आई है जब बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार बनी है। वहीं, अवामी लीग के कई नेता फिलहाल भारत और यूरोप में शरण लिए हुए हैं और पार्टी को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय ध्यान
शेख हसीना के इस कदम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है। उनके समर्थकों का कहना है कि यह न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में जरूरी पहल है, जबकि आलोचक इसे राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
फिलहाल, इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और ट्रिब्यूनल का रुख क्या होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


































