मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच Iran ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी एयरफोर्स के A-10 Thunderbolt II लड़ाकू विमान को मार गिराया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना Strait of Hormuz के आसपास हुई, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग माना जाता है।
ईरानी मीडिया और तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, विमान को इस रणनीतिक क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से में निशाना बनाया गया। हालांकि, इस दावे की अब तक United States Department of Defense या White House की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसी बीच एक और घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है। खबरों के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना का F-15E Strike Eagle विमान ईरान के भीतर क्रैश हो गया। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस विमान के दो क्रू मेंबर में से एक को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पहली बार है जब मौजूदा तनाव के दौरान कोई अमेरिकी सैन्य विमान ईरान की सीमा के भीतर गिरा है। कुछ तस्वीरों के आधार पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह विमान ब्रिटेन के RAF लैकेनहीथ बेस पर तैनात 494th फाइटर स्क्वाड्रन से संबंधित हो सकता है।
हालांकि, इन घटनाओं को लेकर अभी कई पहलू स्पष्ट नहीं हैं। जहां एक ओर A-10 को मार गिराने का दावा स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हो सका है, वहीं F-15E के क्रैश के कारणों पर भी अमेरिकी पक्ष की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। ऐसे में क्षेत्र में तनाव और अनिश्चितता दोनों बढ़ते नजर आ रहे हैं।


































