
- सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने भाजपा सक्रिय सदस्य सम्मेलन में मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
- भारत की अर्थव्यवस्था, वैश्विक नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों को आंकड़ों सहित प्रस्तुत किया गया।
- कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद से हुए परिवर्तन, G-20 की अध्यक्षता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका को रेखांकित किया गया।
- सम्मेलन में महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी संतोष सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- सरोजनीनगर में 100 से अधिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण हेतु तारा शक्ति केंद्र जैसे स्थानीय विकास कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया।

लखनऊ, 08 अप्रैल 2025: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को अपने आवास पर आयोजित भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य सम्मेलन में मोदी सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। सम्मेलन में उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को तथ्यों और आंकड़ों सहित रखते हुए बताया कि किस प्रकार मोदी-योगी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जिस आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक पुनर्जागरण का अनुभव किया है, वह अभूतपूर्व है। भारत जो कभी “फ्रेज़ाइल फाइव” देशों की सूची में था, आज विश्व की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि 2014 में जहाँ देश निराशा, भ्रष्टाचार और अस्थिरता के वातावरण में था, वहीं अब देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में अग्रसर है।

अपने संबोधन में विधायक ने आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत का निर्यात $450 अरब से बढ़कर $800 अरब तक पहुँच चुका है। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 597 अरब डॉलर से अधिक हो गया है और देश अब पाँचवीं सबसे बड़ी विदेशी मुद्रा भंडार वाली अर्थव्यवस्था बन चुका है। जन-धन योजना और डीबीटी क्रांति के माध्यम से 52 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जिसमें 65% ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, और 3 लाख करोड़ रुपये की बचत बिचौलियों की भूमिका खत्म करके सुनिश्चित की गई है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान की सफलता की चर्चा करते हुए बताया कि 9 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण से ग्रामीण भारत की स्वास्थ्य स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। इससे हर वर्ष लगभग ₹50,000 करोड़ की स्वास्थ्य लागत की बचत हो रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 6 करोड़ से अधिक परिवारों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में उज्ज्वला योजना के तहत 9.6 करोड़ महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। मुद्रा योजना के अंतर्गत ₹32 लाख करोड़ रुपये के ऋण वितरित हुए हैं, जिनमें 68% लाभार्थी महिलाएं हैं। तीन तलाक जैसे कुप्रथा पर प्रतिबंध लगाकर मुस्लिम महिलाओं को सम्मान और न्याय दिलाया गया है। सरोजनीनगर क्षेत्र में 150 तारा शक्ति केंद्र (सिलाई सेंटर) खोले गए हैं, जिससे हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। विधायक ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के पुनरुत्थान को भी प्राथमिकता दी है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, 4100 करोड़ की लागत से काया कल्प, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे आस्था केंद्रों के विकास से देश की सांस्कृतिक चेतना को पुनर्जीवित किया गया है। इसी क्रम में सरोजनीनगर में 100 से अधिक मंदिरों में सौंदर्यीकरण, 185 बेंच, 74 सोलर लाइट्स और ₹3.73 करोड़ की लागत से कार्य किए गए हैं।

इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में परिवर्तन का उल्लेख करते हुए विधायक ने बताया कि 2014 में प्रतिदिन 12 किमी सड़क बनती थी, जो अब 30.4 किमी प्रतिदिन तक पहुँच गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में 60% से अधिक की वृद्धि हुई है। ‘मेक इन इंडिया’ के अंतर्गत भारत अब ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस और सुखोई विमान, यहां तक कि चंद्रयान जैसे अभियानों में आत्मनिर्भर हो चुका है। 1.6 लाख से अधिक स्टार्टअप्स पंजीकृत हैं, जिनमें से 100 यूनिकॉर्न बन चुके हैं। इनसे 16.6 लाख से अधिक रोजगार उत्पन्न हुए हैं। कश्मीर के विषय में डॉ. सिंह ने बताया कि जहाँ कभी बारूद और पत्थरों का बोलबाला था, वहाँ अब कैमरे क्लिक हो रहे हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद पत्थरबाजी की घटनाओं में 91% की गिरावट आई है और 2023 तक 2 करोड़ से अधिक पर्यटक कश्मीर की वादियों में पहुँचे हैं।
कृषि क्षेत्र की बात करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11.8 करोड़ किसानों को ₹3 लाख करोड़ वितरित किए गए हैं। फसल बीमा योजना से 42.31 करोड़ किसानों को लाभ मिला है। खेल क्षेत्र में किए गए प्रयासों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया, फिट इंडिया, और टॉप्स स्कीम के माध्यम से ओलंपिक और पैरालंपिक में देश ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। सरोजनीनगर में भी स्पोर्ट्स लीग का आयोजन कर 12,000 से अधिक खिलाड़ियों को मंच मिला है और 200 से अधिक यूथ क्लब स्थापित किए गए हैं। उन्होंने वैश्विक नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने G-20 की सफल अध्यक्षता की, कोविड वैक्सीन डिप्लोमेसी के तहत 97 देशों को 11.54 करोड़ डोज भेजे, QUAD और BRICS जैसे मंचों पर भारत की भूमिका निर्णायक रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ₹48,000 करोड़ ईरान का ऋण, ₹40,000 करोड़ UAE का ऋण, ₹1.33 लाख करोड़ तेल कंपनियों का घाटा और ₹2.5 लाख करोड़ विदेशी कर्ज चुकाकर आर्थिक सशक्तिकरण का प्रमाण प्रस्तुत किया है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज भारत और उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा, संस्कृति और सशक्तिकरण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने सक्रिय कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीढ़ बताते हुए आह्वान किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर मोदी सरकार को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने हेतु सभी कार्यकर्ता जुट जाएं। इस सम्मेलन में प्रमुख रूप से लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, जिला उपाध्यक्ष एवं जिला संचालन कार्यक्रम अभियान प्रभारी अरविंद यादव, कार्यक्रम अभियान प्रभारी महानगर संचालन रमाशंकर त्रिपाठी, संयोजक कार्यक्रम भुवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’, कार्यक्रम संयोजक पार्षद कृष्ण नारायण सिंह, मंडल अध्यक्ष खुशहालगंज शिव बक्श सिंह, अर्जुनगंज मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी, सरोजनीनगर मंडल अध्यक्ष विवेक राजपूत, सरोजनी नगर दक्षिण प्रथम मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव, दक्षिण द्वितीय मंडल अध्यक्ष शिव शंकर विश्वकर्मा एवं दक्षिण तृतीय मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्य उपस्थित रहे।